वाराणसी में UP के मुख्य सचिव: G20 की तैयारियों का जाना हाल, बोले- अंतरराष्ट्रीय मानक के हिसाब से बनाएं शहर
मुख्य सचिव ने काशी विश्वनाथ धाम में हाजिरी लगाई और अर्चन पूजन किया। उसके बाद मुख्य सचिव ने मंडलायुक्त सभागार में जी-20 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्य सचिव डा. दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि सभी विभाग बनारस को अंतरराष्ट्रीय मानक के हिसाब से बनाने में सहयोग दें। ताकि जो भी बनारस आए वो यहां से अच्छी यादें लेकर जाए। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर कार्यों की मॉनीटरिंग करें। उन्होंने अधिकारियों को सलाह दी कि एक-दूसरे पर आरोप लगाने के बजाय सभी मिलजुलकर काम करें। ताकि एक सतत व्यवस्था का विकास हो सके।
गुरुवार को जी-20 सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन में आने वाले मेहमान के सामने बनारस की एक अच्छी तस्वीर पेश की जाए। इससे पहले मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने बाबा विश्वनाथ दरबार में हाजिरी लगाई। विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन करने के साथ ही उन्होंने परिसर का भी भ्रमण किया। जब वह बाहर निकले तो उन्होंने परिसर में होने वाली गतिविधियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के बारे में भी अधिकारियों से पूछा।
यह भी पढ़ें- Varanasi ropeway: काशी विश्वनाथ धाम की ओर बढ़ा रोपवे, टावर के लिए मिली जमीनें, खर्च हुए करीब सवा दो करोड़ रुपए
मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने नगर आयुक्त से कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बनारस की रैंक सुधारने का प्रयास करें। इस तरह प्रयास किया जाए कि बनारस न सिर्फ स्वच्छता सर्वेक्षण, ओडीएफ रैंकिंग में बल्कि गंगा किनारे बसे शहरों की रैंक में अव्वल आए। उ
उन्होंने पर्यटन व संस्कृति विभाग से कहा कि बनारस पर कॉफी टेबल बुक बनाई जाए और जी-20 के मेहमानों को दी जाए। डिजिटल मैग्जीन भी बनाई जाए। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों से कहा कि शहर में सड़कों के किनारे बचे हुए पोल व उनसे गुजर रहे तारों को हटाया जाए। शहर में जगह-जगह रखे ट्रांसफार्मर को भी सुंदर रूप देकर आकर्षक बनाया जाए। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अभियंता से उन्होंने कहा सड़कों का निर्माण व मरम्मत गुणवत्ता के साथ कराकर 15 अप्रैल तक प्रमुख सचिव को इसकी रिपोर्ट भेज दें। सभी सड़कों, डिवाइडर की पेंटिंग में तेजी लाने के लिए भी कहा।
एडीएम प्रोटोकोल बच्चू सिंह ने बताया होटलों पर सुरक्षा के लिए व्यवस्था की गई है। संपर्क अधिकारियों की ट्रेनिंग करा ली गई है। खाद्य विभाग की ओर से खान पान के निरीक्षण के लिए टीम लगाई गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में की गई तैयारियों की जानकारी दी। इससे पहले मुख्य सचिव ने शहर का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन, मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी एस राजलिंगम, नगर आयुक्त शिपू गिरि, वीडीए उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्टेशन के बजाय घाट पर हो कोच रेस्टोरेंट
कैंट रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने यात्री आश्रय के बगल रखे गए कोच रेस्टोरेंट को देखकर जानकारी हासिल की। सुझाव दिया कि यदि इस तरह के कोच रेस्टोरेंट ऐसे स्थान पर बनाए जाते जहां ट्रेन या स्टेशन नहीं हैं, वहां इसका लाभ और ज्यादा होता। उन्होंने घाटों पर इस सुविधा को शुरू करने का सुझाव दिया। मुख्य सचिव ने स्टेशन के निरीक्षण के दौरान रोप-वे के पहले स्टेशन स्थल का निरीक्षण किया। पे एंड यूज वेटिंग लाउंज में गए। वहां मौजूद यात्रियों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। स्टेशन पर निर्माणाधीन एफओबी तीन का निरीक्षण किया। साथ ही स्टेशन पर कराए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
पुलिस के व्यवहार से पूरा महकमा करे गर्व
मुख्य सचिव ने कहा कि पुलिस का व्यवहार फ्रेंडली होना चाहिए। जी-20 के सम्मेलन में पुलिस ऐसा व्यवहार करे जिससे पूरे महकमे पर गर्व हो। उन्होंने अग्निशमन को किसी भी आपात स्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार रहने के लिए कहा। वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल ने बताया कि शहर में चल रहे कार्यों की मॉनीटरिंग और 61 कामों के लिए ई-टेंडर की प्रक्रिया चल रही हैं।
जाम से मुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयास
बैठक में बताया गया कि वाराणसी शहर को जाम मुक्त करने के लिए चिह्नित 106 अवरोधक में 36 पर अतिक्रमण हटाया जा रहा है। 78 चौराहे होमगार्ड युक्त कर 877 जगहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। मुख्य सचिव के ई-रिक्शा से होने वाली समस्या के बारे में पूछने पर बताया गया कि शहर में जाम की प्रमुख समस्या ई-रिक्शा से हो रही है, क्योंकि ये परिवहन विभाग के नियंत्रण से बाहर हैं।
जी-20 सम्मेलन के छह रूट पर 10 विभागों को जिम्मेदारी
बैठक में नगर आयुक्त ने बताया कि आगामी जी-20 के लिए छह प्रमुख रूट पर 10 प्रमुख विभागों की जिम्मेदारी है। पूरे शहर के सुंदरीकरण के लिए छह समितियां बनी हैं। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने बताया कि विद्यालयों के सहयोग से मानव शृंखला, क्विज, लेखन आदि प्रतियोगिता भी लगातार चल रही हैं। आगामी 9 अप्रैल को जी-20 साइक्लोथॉन का आयोजन भी हो रहा है।