अनियमितता के आरोप में दो सेक्रेटरी निलंबित, निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने पकड़ी थी गड़बड़ियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मऊ जिले के पीपरसाथ और देवदह गांवों के सेक्रेटरियों को निलंबित कर दिया गया है। इन दोनों पर वित्तीय अनियमितता का आरोप है। गत आठ जून को इन दोनों गांवों के विकास कार्यों का निरीक्षण राज्य मंत्री ग्राम्य विकास आनंद स्वरूप शुक्ल ने किया था। निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने कई गड़बड़ियां पकड़ी थी। इसके बाद उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिये थे।
रतनपुरा ब्लाक के देवदह गांव में विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत लोगों ने की थी। बलिया से लौटते समय राज्य मंत्री ने पहले ब्लाक मुख्यालय के अभिलेखों की गहनता से जांच की। इसके बाद वे देवदह गांव पहुंचे। गांव में एक सीसी रोड बनाया गया था जो ताजा दिख रहा था।
गांव के लोगों ने बताया कि मंत्री जी के निरीक्षण की सूचना पर यह सीसी रोड रातों रात बना दी गई। इस सीसी रोड को बनाए बिना ही धन आहरित कर लिया गया था। स्थलीय निरीक्षण में राज्य मंत्री ने लोगों की शिकायत को सही माना।
इसके बाद राज्य मंत्री पीपरसाथ गांव गए। उन्होंने वहां पर ग्राम पंचायत की ओर से बनाई गई सड़क की जांच की और अनियमितता पाई। राज्य मंत्री के निर्देश पर डीडीओ ने देवदह के सेक्रेटरी सुग्रीव प्रसाद और पीपरसाथ के सेक्रेटरी नंदबिहारी को निलंबित कर दिया।
इस बाबत डीडीओ विजयशंकर राय ने बताया कि दोनों सेक्रेटरियों को गाइडलाइन के अनुरूप सीसी रोड का निर्माण न किए जाने तथा वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में निलंबित किया गया है। दोनों सेक्रेटरियों को शुक्रवार को निलंबन पत्र दे दिया गया।