पूर्वांचल के मिलने वाले हैं दो एयरपोर्ट, साल के अंत तक कर सकेंगे हवाई यात्रा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सब कुछ ठीक रहा तो साल के अंत तक आजमगढ़ और सोनभद्र के म्योरपुर एयरपोर्ट से यात्री उड़ान भर सकेंगे। आजमगढ़ में काम पूरा हो चुका है। फिलहाल, डीजीसीए की ओर से लाइसेंस प्रक्रिया चल रही है। एक से दो माह के अंदर उड़ान सेवा शुरू हो सकती है। वहीं, सोनभद्र के म्योरपुर में भी एयरपोर्ट का काम तेज गति से चल रहा है। कंस्ट्रक्शन सहित अन्य कार्यों को 4 से 5 माह के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
तैयारियों को परखने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के विंग सीएनएस के महाप्रबंधक एसआर महतो टीम के साथ दो दिवसीय दौरे पर हैं। शनिवार को महाप्रबंधक ने एयरपोर्ट का जायजा लिया और ठेकेदारों को गुणवत्ता के साथ तेजी से काम करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व उन्होंने आजमगढ़ एयरपोर्ट के उड़ान, ट्रैफिक अन्य संचार माध्यमों की पड़ताल की। बता दें कि आजमगढ़ हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन में एक्स-बिस मशीन, एफआईडीएस और कैमरे पहले ही लगाए जा चुके हैं। सीएनएस के एजीएम एसएन सिंह व विकास जायसवाल सहित अन्य एयरपोर्ट अधिकारियों ने कई बिंदुओं पर अपनी रिपोर्ट तैयार की।
टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता ने बताया कि केंद्र सरकार के रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत हवाई पट्टी को हवाई अड्डा बनाए जाने के क्रम में म्योरपुर एयरपोर्ट शुरू होने से सोनभद्र सहित आसपास के जनपदों में रोजगार के साधन बढ़ जाएंगे। पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। औद्योगिक इकाइयों की संख्या बढ़ेगी और बाहर के निवेशकों के आने से जिले का भी विकास होगा।
आजमगढ़ सहित आसपास जनपदों के लोगों को काफी सहूलियत हो जाएगी। उन्हें बाबतपुर एयरपोर्ट के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा। एयरपोर्ट निदेशक आकाशदीप माथुर ने बताया कि सीएनएस के महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों ने आजमगढ़ और म्योरपुर एयरपोर्ट का जायजा लिया है। इसी साल दोनों एयरपोर्ट पर यात्रियों को सुविधाएं मिलने लगेंगी।