फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi

News Updates: भाजपा का स्वच्छता अभियान शुरू, नाला सफाई में लापरवाही, दो पर होगी कार्रवाई, पढ़ें- अन्य खबरें

Sun, 16 Jun 2024 10:30 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 16 Jun 2024 10:30 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में रविवार को छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। पहली खबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर है। पीएम के आगमन को लेकर शहर भर में तैयारियां और साफ-सफाई की जा रही है। स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। दूसरी खबर, लहरतारा स्थित पूर्वोत्तर रेलवे के मिनी स्टेडियम की है। यहां क्रिकेट प्रतियोगिता खेली जा रही है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

प्रधानमंत्री के आगमन के पूर्व दक्षिणी विधानसभा में तीन दिवसीय स्वच्छता अभियान रविवार से शुरू हो गया। श्री काशी विश्वनाथ मंडल के प्रह्लाद घाट वार्ड में क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि यह स्वच्छता अभियान लगातार तीन दिनों तक चलेगा। कार्यक्रम में पार्षद अभिजीत भारद्वाज, विष्णु यादव, सौरभ साहनी, अंगद सहनी, दीपक गुप्ता आदि शामिल रहे।

विज्ञापन


नए ईआर मिनी स्टेडियम में फाइनल क्रिकेट मैच सोमवार को
अवधूत बाबा सिद्धार्थ गौतम राम सेवा न्यास की ओर से होने वाले जिला स्तरीय अंडर-14 व 17 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल सोमवार को लहरतारा स्थित पूर्वोत्तर रेलवे के मिनी स्टेडियम में खेली जाएगी। अंडर- 14 का फाइनल चिरंजीवी एकेडमी रामनगर और अशोक सोनकर क्रिकेट एकेडमी के बीच होगा। 
विज्ञापन


अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच बीएचयू एकादश बनाम एसजी एकेडमी के बीच खेला जाएगा। पहला मैच सुबह साढ़े सात बजे से और दूसरा मैच साढ़े दस बजे से होगा। मुख्य अतिथि आदर्श नशा मुक्ति केंद्र के निदेशक अनुराग द्विवेदी और विशिष्ट अतिथि संजय चतुर्वेदी खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। ये जानकारी आयोजक सचिव सरोज राय ने दी है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

तीसरी बार पीएम बनने पर व्यापारियों ने पिलाई शरबत

काशी के सांसद नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर विशेश्वरगंज भैरवनाथ व्यापार मंडल की ओर से रविवार को राहगीरों को नि:शुल्क शरबत पिलाया गया। मंडल के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता, अंतराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की महानगर अध्यक्ष सुष्मिता सेठ, अलखनाथ गोस्वामी, गणेश सेठ, ओम अग्रवाल आदि रहे। 

राज्यस्तरीय कार्यशाला में जिले के छह शिक्षक सम्मानित
बेसिक शिक्षा विभाग और मिशन शिक्षण संवाद कुशीनगर की ओर से आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय शैक्षिक उन्नयन कार्यशाला में वाराणसी जिले के छह शिक्षकों को शिक्षण में उनके नवाचारों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यशाला 14 और 15 जून को कुशीनगर के फाजिलनगर स्थित एक स्कूल में आयोजित की गई थी। 

वाराणसी जिले से प्राथमिक विद्यालय भिटारी के रवींद्र कुमार सिंह, प्राथमिक विद्यालय मंडुवाडीह की सरिता राय, प्राथमिक विद्यालय कोटवा की पूर्वा विक्रम व आरती गुप्ता, प्राथमिक विद्यालय पतेरवा की अर्चना सिंह और प्राथमिक विद्यालय धवाकलगंज के अरविंद कुमार सिंह ने कार्यशाला में अपने अनुभव साझा किए।

मुख्य अतिथि देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने सभी शिक्षकों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। कार्यशाला में प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 200 शिक्षकों ने अपने विद्यालय में किए गए नवाचारों को प्रस्तुत किया। 

नाला सफाई में लापरवाही, दो पर होगी कार्रवाई
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने रविवार को शहर के सीवर और नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान बेहतर सफाई न मिलने पर दो जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने को कहा। इसमें मरी माता मंदिर के सामने रनिया महाल क्षेत्र में सिल्ट न निकालने पर और अंधरापुल चौकाघाट रोड पर नाला सफाई बेहतर न मिलने पर कार्रवाई करने को कहा।

मलदहिया चौराहे के बगल में स्थित पार्क से गुजर रहा नाला बिना सुरक्षा उपकरण के साफ किया जा रहा था। इस पर मेयर ने तत्काल सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने को कहा। वरुणापार जोन के बगल में स्थित धोबी घाट नाले में सिल्ट न निकालने पर संबंधित अधिकारी को 2 दिन का समय दिया। सिगरा फातमान रोड पर जीजीआईसी स्कूल के सामने नाला सफाई के बाद सिल्ट सड़क पर रखी गई थी। मेयर ने सिल्ट हटाने और स्लैब बेहतर ढंग से लगाने को कहा। 

रोडवेज रोड से मरी माता मंदिर तक नाला सफाई बेहतर न मिलने पर दोबारा सफाई करवाने की हिदायत दी। चौकाघाट स्थित पियरिया पोखरी क्षेत्र में पेयजल के लीकेज को ठीक करने के लिए कई दिनों से खोदाई कर छोड़ी गई थी। जिसे ठीक कराने की जिम्मेदारी जलकल को दी। 

इंटरलॉकिंग सड़क का पार्षद ने किया शिलान्यास

Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi
इंटरलॉकिंग के दौरान मौजूद लोग। - फोटो : अमर उजाला

नगर निगम के वार्ड नंबर तीन स्थित नवविस्तारित हथियान वीर बाबा कॉलोनी में इंटरलॉकिंग सड़क का भाजपा पार्षद मंजू कन्नौजिया ने रविवार को शिलान्यास किया। विधि विधान से पूजन के बाद कॉलोनीवासियों की मौजूदगी में पार्षद ने ईट रखा और नारियल तोड़कर काम शुरू करवाया।

कॉलोनी में लेन नंबर 1 से 6 तक होने वाले इस कार्य के लिए नगर निगम की ओर से 41.07 लाख रुपये स्वीकृत किया जा चुका है। पार्षद ने कहा कि सरकार का मुख्य फोकस सभी को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराकर विकास कार्यों को बढ़ावा देना है। इसको ध्यान में रखते हुए ही सड़क निर्माण सहित अन्य कार्य करवाने की दिशा में कार्रवाई शुरू हो गई है।

नियमानुसार नवविस्तारित कॉलोनी में सीवर, पेयजल सहित अन्य सुविधाएं भी दिलवाई जाएंगी। इस दौरान पार्षद ने सुनील कन्नौजिया, भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष बाबू विश्वकर्मा, अभिनव श्रीवास्तव, पार्षद प्रतिनिधि अजय वर्मा के साथ कॉलोनी में चल रहे सड़क निर्माण कार्य को भी देखा। कार्यक्रम में भीटारी के पार्षद रविंद्र सोनकर, मुकेश बारी, रामकुमार गुप्ता, मुकेश चौरसिया, लाल बहादुर, केशव सहाय, संदीप आदि लोग मौजूद रहे।

पीएम की जीत पर दक्षिणी विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं का हुआ अभिनंदन

Top Breaking Trending Big Latest And Viral News Of Today In Varanasi
सम्मान के दौरान मेयर और राज्यमंत्री। - फोटो : अमर उजाला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी संसदीय सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव जीतने पर दक्षिणी विधानसभा के विधायक डाॅ. नीलकंठ तिवारी की ओर से विधानसभा के कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं को अभिनंदन पत्र देकर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। विधायक ने कहा कि दक्षिणी विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने बूथों पर मेहनत करके विजय दिलाई। 

पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार दक्षिणी में जीत का अंतर लगभग 6000 मतों से ज्यादा रहा। पीएम 18 जून को काशी आ रहे हैं। कार्यकर्ता उनका ढोल, नगाड़े और पुष्पवर्षा से स्वागत करेंगे। संचालन महानगर उपाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव और धन्यवाद ज्ञापन महानगर उपाध्यक्ष आत्मा विशेश्वर ने किया। 

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, एमएलसी लोकसभा समन्वयक अश्वनी त्यागी, पूर्व विधायक जगदीश भाई पटेल, एमएलसी धर्मेंद्र राय, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय आदि शामिल रहे।

मां गंगा की सफाई कर उतारी आरती, लहराया राष्ट्र ध्वज
मां गंगा के अवतरण दिवस पर नमामि गंगे ने दशाश्वमेध घाट पर अविरल और निर्मल गंगा की कामना के लिए आरती उतारी। मां गंगा को प्रतीकात्मक चुनरी चढ़ाई और सनातनी संस्कृति को प्रवाह देने वाली मां गंगा के संरक्षण का आह्वान किया। मां गंगा के जयघोष के साथ राष्ट्रध्वज लहराया।



इस दौरान गंगा की सफाई की। संस्था के काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा को साफ रखने की जिम्मेदारी हम सबकी है। इस मौके पर पुष्पलता वर्मा, सोहन सिंह, डॉ. सुनील वर्मा, पंकज अग्रहरि, ममता वर्मा, अनुष्का वर्मा आदि रहे। 

रॉयल क्लब और यूथ स्पोर्टिंग का मुकाबला बराबरी पर रहा

जिला स्तरीय फाइव ए साइड हॉकी प्रतियोगिता परमानंदपुर स्थित खेल मैदान पर खेली गई। इसमें रॉयल क्लब और यूथ स्पोर्टिंग का मुकाबला बराबरी पर रहा। लीग कम नॉकआट आधार पर खेली जा रही प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें खेल रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल 23 जून को खेला जाएगा।

प्रतियोगिता का पहला मैच रॉयल क्लब और यूथ स्पोर्टिंग क्लब के बीच खेला गया। यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। कोच इदरीश अहमद ने बताया कि दोनों टीमों के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। खेल के 8वें और 17वें मिनट में रॉयल क्लब को दो पेनाल्टी मिले लेकिन गोल करने में नाकाम रहे। वहीं यूथ स्पोर्टिंग क्लब हाफ टाइम के बाद 27वें और 34वें मिनट में गोल करने में नाकामयाब रहे। इस प्रतियोगिता में आठ टीमों के 96 खिलाड़ी खेल रहे हैं।

प्रो. अनूप को उत्तराखंड में मिला शैक्षणिक उन्नयन सम्मान
उत्तराखंड के गोपेश्वर स्थित श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय में 7 से 14 जून तक आयोजित शैक्षणिक-सामाजिक यात्रा के दौरान डीएवीपीजी कॉलेज के प्रो. अनूप कुमार मिश्र को बाबा साहब भीमराव आंबेडकर शैक्षणिक उन्नयन सम्मान से नवाजा गया है। अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. मिश्र को एसोसिएशन ऑफ सोसियो इकाॅन्मिक डेवलपमेंट स्टडीज ने यह सम्मान दिया है। 

इस दौरान बाबा साहब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय लखनऊ के कुलपति प्रो. एनएमपी वर्मा, प्रो. अशोक कुमार मित्तल, प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। प्रो. मिश्र ने व्याख्यान में उत्तराखंड के धार्मिक, आध्यात्मिक पर्यटन और विकास पर सुझाव भी दिए। 

दरवाजा तोड़कर घर में घुसने का प्रयास किया, मुकदमा

रामनगर के रामपुर वार्ड में किराये पर रह रही विवाहिता ने एक युवक पर घर में जबरदस्ती घुस कर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए रामनगर थाने की पुलिस को तहरीर दी। विवाहिता ने बताया कि अमन राय कई दिनों से व्हाट्सएप नंबर पर मैसेज कर जबरन बात करने का प्रयास करता था। 

नंबर ब्लॉक करने पर उसके घर आ गया। उस समय उसके पति घर पर नहीं थे। अमन जबरन कमरे का दरवाजा तोड़ने लगा। किसी तरह फोन कर उसने मकान मालिक सहित आसपास के लोगों को बुलाया तो अमन भाग निकला। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। रामनगर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। 

आरक्षी के खाते से 1.70 लाख रुपये उड़ाए
36वीं वाहिनी पीएसी के आरक्षी विश्वजीत कुमार ने रामनगर थाने की पुलिस को तहरीर देकर खाते से एक लाख 70 हजार रुपये निकालने की शिकायत की है। चंदौली में धीना थाना के इमिलिया के रहने वाले आरक्षी विश्वजीत कुमार ने बताया कि उनकी ड्यूटी 36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर में है। 

मोबाइल पर एक लिंक आया था। उस पर क्लिक करते ही उनके खाते से एक लाख 70 हजार रुपये निकल गए। तत्काल बैंक के हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर खाता ब्लॉक करवाया। रामनगर थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed