जौनपुर में किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म, चार दिन बाद भी नहीं दर्ज हुआ केस
जौनपुर जनपद के खुटहन थाना क्षेत्र की एक गांव निवासी किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना चार दिन पहले की है, मगर अब तक केस दर्ज नहीं किया गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही और पुलिस तहरीर नहीं मिलने की बात कह रही है।
13 वर्ष की किशोरी का आरोप है कि रविवार की रात करीब नौ बजे वह घर से दौ सौ मीटर दूर शौच के लिए गई थी, तभी पड़ोसी गांव निवासी दो युवक पीछे से पहुंचे और उसका मुंह दबाकर ईंट भट्ठे पर ले गए। वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
आधी रात में होश आने पर वह किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। अगले दिन पीड़िता के माता पिता उसे लेकर थाने पहुंचे। किशोरी के पिता का आरोप है कि थाने पर कुछ रसूखदारों के दबाव में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। बाद में जिला मुख्यालय पहुंचकर महिला प्रकोष्ठ में शिकायत की गई।
प्रभारी थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह का कहना है कि पीड़िता को लेकर उसके परिजन बगैर बताए थाने से चले गए। उनको कई बार बुलवाया गया लेकिन वे आ नहीं रहे हैं। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।