{"_id":"65d1de09d58e0d07030a2a61","slug":"student-died-in-train-accident-during-walking-on-railway-track-with-earphones-in-varanasi-2024-02-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"वाराणसी में हादसा: ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर चल रहा था छात्र, ट्रेन की चपेट में आने से गई जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वाराणसी में हादसा: ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर चल रहा था छात्र, ट्रेन की चपेट में आने से गई जान
Sun, 18 Feb 2024 04:08 PM IST
प्रगति चंद
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
Published by: प्रगति चंद
Updated Sun, 18 Feb 2024 04:08 PM IST
सार
जिले के कपसेठी थाना क्षेत्र के रसूलहा गांव का युवक यूपी पुलिस भर्ती के तहत परीक्षा देने के लिए इंदौर से घर आया था। वह रेलवे ट्रैक पर ईयरफोन से गाना सुनते हुए जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : पिक्साबे
विस्तार
वाराणसी के कपसेठी रेलवे स्टेशन के पश्चिमी सिग्नल के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से स्नातक के एक छात्र की मौत हो गई। वह मोबाइल में ईयर फोन लगाकर गाना सुनते हुए रेल की पटरी के बीचोबीच चल रहा था। आशंका जताई गई है कि ईयर फोन के कारण छात्र को ट्रेन की आवाज नहीं सुनाई दी होगी। स्थानीय लोगों से छात्र की मौत की सूचना पाकर कपसेठी थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, युवक की मौत के बाद मालगाड़ी खड़ी हो गई। इसके चलते प्रतापगढ़-वाराणसी पैसेंजर ट्रेन को आधे घंटे आउटर सिग्नल के पास रुकना पड़ा और यात्री परेशान हुए।
विज्ञापन
यह है मामला
कपसेठी थाना क्षेत्र के रसूलहा गांव निवासी पप्पू पटेल इंदौर में रहते हैं। उनका इकलौता बेटा अंकित पटेल (24) वाराणसी स्थित एक कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही भर्ती की परीक्षा देने के लिए अंकित शनिवार की सुबह इंदौर से आया था।
विज्ञापन
बस से वह कपसेठी बाजार में उतरा और रेलवे ट्रैक के बीचोंबीच पैदल ही अपने घर जा रहा था। उसी दौरान वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। अंकित की मौत की सूचना पाकर उसकी मां समदेई देवी की हालत बेसुध जैसी थी।
विज्ञापन
परिजन बड़ी ही मुश्किल से समदेई देवी को संभाले हुए थे। उधर, अंकित की मौत की सूचना पाकर उसके पिता भी इंदौर से घर के लिए रवाना हो गए।