वाराणसी में शवदाह गृह पर 24 घंटे लगाई जाए कर्मचारियों की ड्यूटी
नगर विकास मंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से नगरीय सुविधाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
शहर की सफाई, सैनिटाइजेशन, कोविड हेल्प डेस्क, पेयजल व्यवस्था की ली जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से सोमवार को वाराणसी में नगरीय सुविधाओं की जानकारी ली। मंत्री ने कंटेनमेंट जोन के साथ ही पूरे शहर में सैनिटाइजेशन कराने को कहा। शहर की सफाई, सैनिटाइजेशन, कोविड हेल्प डेस्क, अंत्येष्टि स्थल की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा और उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
साथ ही नगर आयुक्त से कहा कि शवदाह गृह पर 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए ताकि अंत्येष्टि में कोई परेशानी न हो। सभी कार्यालयों में कोविड हेल्प डेस्क चालू कराएं ताकि जनता को जानकारियां मिल सके। नालों की सफाई सुनिश्चित कराने के साथ ही मलीन बस्तियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि संक्रमण न हो। वार्ड में बनाए गए सभी निगरानी समितियों की रोजाना समीक्षा की जाए और पल्स ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर आदि उपलब्ध कराया जाए। हैंडपंपों को क्रियाशील कर क्लोरिनेशन के बाद पानी की सप्लाई की जाए। नगर आयुक्त गौरांग राठी और मेयर मृदुला जायसवाल मौजूद रहीं।
84 गांवों में सैनिटाइजेशन
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने शहरी सीमा में शामिल 84 गांवों में सोमवार को सैनिटाइजेशन कराया। नगर आयुक्त ने बताया कि 140 हैंड स्प्रे मशीनों, जलकल व अग्नि शमन विभाग की बड़ी गाड़ियों की सहायता से काम कराया गया। अस्पतालों, कार्यालयों, बाजारों व शवदाह स्थलों पर विशेष अभियान चलाया गया।
कंटेनमेंट जोन के लिए बायो डिग्रेडेबल पॉलीबैग
वाराणसी। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने सभी सफाई निरीक्षकों व प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की और साफ सफाई की जानकारी ली। उन्होंने कंटेनमेंट जोन में कचरे के उठान के लिए 200-200 बायो डिग्रेडेबल पॉलीबैग उपलब्ध कराते हुए उसी में कचरा उठाने का निर्देश दिया। कूड़ा उठान की जिम्मेदारी संभाल रहे वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन के प्रतिनिधि राकेश को हर कूड़ा गाड़ी के साथ पॉलीबैग उपलब्ध कराने को कहा गया। ताकि कंटेनमेंट जोन के कूड़े को अलग से एकत्र कर उसे निस्तारित किया जा सके। ब्यूरो
शवदाह गृह के धुएं से परेशानी
वाराणसी। हरिश्चंद्र घाट स्थित शवदाह गृह के धुएं और राख से स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों की शिकायत के बाद शिवाला के पार्षद राजेश यादव चल्लू ने नगर निगम के प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राम सकल से शिकायत की है। पार्षद का कहना है कि शवदाह गृह के निकलने वाले धुएं से छतों पर टहलने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है। कोरोना संक्रमण के इस दौर में लोग धुएं से असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वहां, कोरोना से जान गंवाने वाले लोगों की लाशें जलाईं जा रही हैं।