कुएं से जहरीली गैस निकलने से बेटे की मौत, पिता गंभीर हालत में वाराणसी रेफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में मोनोब्लॉक निकालने गए पिता-पुत्र अचेत होकर कुएं में गिर गए। पुलिस ने दोनों को कुएं से बाहर निकलवाया और जिला अस्पताल भिजवाया। जहां उपचार के दौरान पुत्र आदर्श कुमार पटेल (21) की मौत हो गई, जबकि पिता सुरेश पटेल (45) को वाराणसी रेफर कर दिया गया।
आशंका जताई जा रही है कि कुएं से जहरीली गैस निकलने से यह हादसा हुआ। एसपी सलमान ताज पाटिल, तहसीलदार घोरावल सुरेश शुक्ला ने मौके का निरीक्षण किया।
शाहगंज थाना क्षेत्र के ठुटेर गांव में चौकड़ी पुरवा टोला निवासी सुरेश पटेल का खेत है। खेत के पास ही कुआं है, जिसमें उसने मोनोब्लॉक लगा रखा है। मंगलवार दोपहर बाद सुरेश पटेल अपने कुएं से मोनोब्लॉक निकालने गया था। वह आधा कुआं में उतरा था, इस दौरान अचेत हो कर कुएं में गिर गया।
यह देख उसका बेटा आदर्श कुमार पिता को बाहर निकालने के लिए कुएं में उतरा, लेकिन वह भी अचेत होकर उसी में गिर गया। इसकी जानकारी होने पर कुएं के पास लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। इस दौरान गांव में ही किसी के घर में आए एक व्यक्ति के कमर में रस्सी बांध कर कुएं में उतारने का प्रयास किया लेकिन वह भी अचेत हो गया।
इस पर उसे तुरंत लोगों ने बाहर निकाल लिया। यह सब देख किसी ने मामले की जानकारी शाहगंज थाना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों पिता-पुत्र को बाहर निकलवाया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान आदर्श की मौत हो गई, जबकि उसे पिता सुरेश पटेल को वाराणसी के लिए रिफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि आदर्श इलाहाबाद के एक डिग्री कॉलेज से बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहा था, वह तृतीय वर्ष का छात्र था।
आदर्श दो भाइयों में छोटा था और दो दिन पहले ही इलाहाबाद से घर आया था। उधर इस घटना की जानकारी पर एसपी, तहसीलदार घोरावल और सीओ नगर अभिषेक सिंह मौके पर पहुंच गए। आशंका जताई जा रही है कि कुएं में जहरीली गैस निकलने से पिता-पुत्र अचेत हुए और उपचार के दौरान पुत्र की मौत हो गई।