Varanasi News: माहौल बिगाड़ने के मामले में अब तक 400 से ज्यादा चिह्नित, मिश्रित इलाकों में पुलिस की विशेष चौकसी
प्रयागराज सहित अन्य जनपदों में जुमा की नमाज के बाद हुए बवाल के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने काशी और वरुणा जोन की पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा हुआ है।
विस्तार
अफवाहों और सोशल मीडिया के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों की वाराणसी पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। पिछली घटनाओं में माहौल बिगाड़ने में शामिल होने वालों की पुलिस कुंडल खंगाल रही है। अब तक चार सौ से अधिक लोगों को पुलिस ने चिह्नित किया है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाके में पीएसी और पुलिस लगातार गश्त कर रही है। वहीं, मिश्रित इलाकों में पुलिस की विशेष चौकसी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बैठक के बाद से पुलिस और सतर्क हो गई है। प्रयागराज सहित अन्य जनपदों में जुमा की नमाज के बाद हुए बवाल के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने काशी और वरुणा जोन की पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा हुआ है।
डेढ़ सेक्शन पीएसी और सिविल पुलिस तैनात
दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ फ्लैग मार्च करने और धर्म गुुरुओं, प्रबुद्धजनों से लगातार संवाद करने का सभी डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी को निर्देशित किया गया है। बजरडीहा, रेवड़ी तालाब और शिवाला पर पीएसी और पुलिस के जवान तैनात हैं। रेवड़ी तालाब में भी सुरक्षा के दो पॉइंट बनाकर डेढ़ सेक्शन पीएसी और सिविल पुलिस को तैनात किया गया है।
बजरडीहा में सिविल पुलिस की संख्या बढ़ा दी गई है। वहीं, शिवाला में एक सेक्शन पीएसी के जवान सिविल पुलिस के साथ तैनात किए गए हैं। वहीं, सीएए और एनआरसी मामले में शहर का माहौल बिगाड़ने के आरोपियों को भी पुलिस ने चिह्नित करते हुए उनकी गतिविधियों पर भी नजर रख रही है। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार माहौल बिगाड़ने की कोशिश किसी ने किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।