संघ का पंच: सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता, RSS प्रमुख ने की बैठक
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने काशी में प्रांत बैठक की। इस दौरान उन्होंने शताब्दी समारोह वर्ष में होने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने काशी प्रवास के दौरान अलग-अलग लोगों से व्यक्तिगत मुलाकात की। सोमवार की रात करीब 11 बजे ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने सोमवार को निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज में संघ प्रचारकों के साथ प्रांत बैठक की। उन्होंने शताब्दी समारोह वर्ष की समीक्षा की। कहा कि शताब्दी वर्ष के दौरान सभी मंडलों और बस्तियों में हिंदू सम्मेलन आयोजित हों। इन सम्मेलनों के माध्यम से राष्ट्र के विकास में सभी का योगदान और पंच परिवर्तन में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी का संदेश देना है।
उन्होंने बताया कि पांच आयाम में सामाजिक समरसता, कुटुम्ब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता समेत नागरिक कर्तव्य शामिल हैं। इन्हीं संदेश को लेकर लोगों के बीच पहुंचना है। इसके अलावा उन्होंने अलग-अलग लोगों से व्यक्तिगत मुलाकात की और रात करीब 11 बजे ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
सूत्रों के मुताबिक समीक्षा बैठक में अगले एक वर्ष तक संघ के कार्यों के विस्तार और इन्हें अधिक प्रभावी बनाने पर खास जोर दिया जाने की बात कही गई। संघ का संगठन हर स्तर पर शताब्दी वर्ष में आत्मचिंतन का काम करेगा। इसके विषय अलग-अलग होंगे।
विजयादशमी पर संघ की योजना मंडल, खंड और नगर स्तर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की है। इसके ठीक बाद बड़े स्तर पर घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसे हर गांव, हर बस्ती, घर-घर नाम दिया गया है। इसके तहत प्रवास, लोगों से संवाद, चिंतन समेत अन्य कई कार्यक्रम होंगे।
सामाजिक सद्भाव बैठकें होंगी जिनमें समाज के सभी वर्गों के एक साथ मिलकर रहने पर बल दिया जाएगा। इन बैठकों का उद्देश्य सांस्कृतिक आधार और हिन्दू चरित्र को खोए बिना आधुनिक जीवन जीने का संदेश देना होगा। जिला स्तर पर प्रमुख नागरिक संवाद कर समाज में प्रचलित गलत विमर्श को दूर करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। हर उम्र के वर्ग के लोगों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम होगा।
30 अप्रैल को फिर आएंगे संघ प्रमुख
संघ प्रमुख मोहन भागवत सोमवार की रात करीब 11 बजे ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। वहां से वह कानपुर जाएंगे। इसके बाद 30 अप्रैल को फिर काशी आएंगे और एक सामूहिक विवाह समारोह में हिस्सा लेंगे।