वाराणसी में मौसम: कड़ाके की ठंड के बीच बारिश से बढ़ी मुसीबत, जानिए अब कैसा रहेगा सर्दी का हाल
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार इस तरह का मौसम अभी दो दिन ऐसे ही बने रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ होगा, लेकिन इसके बाद ठंड और बढ़ेगी।
विस्तार
पिछले चार-पांच दिनों से कड़ाके की ठंड झेल रहे लोगों की मुसीबत बारिश होने के बाद और बढ़ गई है। वाराणसी समेत आसपास के जिलों में नम पछुआ हवाओं के बीच हुई बारिश से जहां ठंड बढ़ गई, वहीं शहर में कई इलाकों में सड़क पर जलभराव हो गया है। सोमवार सुबह ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा। शहरी क्षेत्रों में हल्की धूप निकली। आज भी दोपहर बाद आसमान में बादल उमड़ने हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
रविवार को पांडेयपुर में बीच सड़क एक पेड़ भी गिर गया, जिसके नीचे दोपहिया वाहन दब गए। उधर कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार शाम तक बीते24 घंटे में पांच मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार इस तरह का मौसम अभी दो दिन ऐसे ही बने रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ होगा, लेकिन इसके बाद ठंड और बढ़ेगी।
दो दिन बाद और बढ़ेगी ठंड
रविवार को भी दिन भर धूप नहीं निकली। शाम को करीब 10 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से नम पछुआ हवाएं चलती रही। देर शाम बारिश भी होती रही। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि जनवरी के मौसम में बारिश होती रहती है। इस समय बारिश होने का असर दो दिन बाद दिखेगा। ठंड भी बढ़ेगी। इसके बाद कोहरा पड़ने की संभावना है।
पढ़ेंः वाराणसी के सीरगोवर्धन में आकार लेने लगा आस्था का बेगमपुरा, इस बार किसी भी नेता को निमंत्रण नहीं
बारिश ने खोली पोल, शहर के सीवर हो गए ओवरफ्लो
बेमौसम बारिश से नगर निगम की पोल खुल गई । कहीं सीवर ओवरफ्लो होने से कालोनियों में सड़क पर गंदा पानी भर गया तो कहीं कूड़ा नहीं उठने से कूड़ा सड़क पर पसरा रहा। कीचड़ से बढ़ी फिसलन के कारण सड़कों पर चलना मुहाल रहा। सड़कों पर भी दोपहिया वाहन चालकों को खासी दिक्कत हुई।
बारिश के चलते बेनियाबाग, पितरकुंडा, बजरडीहा, जैतपुरा, लल्लापुरा आदि इलाकों में सीवर ओवरफ्लो हो गया। जिसके चलते काफी दिक्कत हुई। लोगों ने फोन करके नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद जाकर व्यवस्था दुरुस्त हुई। रविवार के चलते शहर के मुख्य मार्गों को छोड़कर गलियों, कालोनियों से कूड़ा नहीं उठा।
किसान परेशान, देरी से होगी खीरा, ककड़ी की बुवाई
बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार और रविवार की रात हुई बारिश के बाद से किसानों के खेतों में भी पानी भर गया है। इससे सब्जियों की तुड़ाई नहीं हो पा रही है। उधर सब्जियों के समय से तोड़ाई न होने से मंडी में कम आवक से कीमतों में उछाल आएगा।
इसके अलावा खीरा ककड़ी तरबूज, खरबूज सहित जायद की फसलों की बुआई भी प्रभावित होगी। जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्त का कहना है कि जायद की फसलों की बुआई किसान मकर संक्रांति के बाद से करने लगते है लेकिन बारिश होने से कद्दू वर्गीय (खीरा, ककड़ी, तरबूज) फसलों की बुआई डेढ़ सप्ताह तक देरी होगी।