फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Popular news of Varanasi Four years sentence under Gangster Act Deoria police raid girl recovered

एक क्लिक में वाराणसी की चर्चित खबरें : गैंगस्टर एक्ट में चार साल की सजा, देवरिया पुलिस का छापा; किशोरी बरामद

Thu, 23 Jan 2025 04:33 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 23 Jan 2025 04:33 AM IST
सार

गैंगस्टर के मामले में विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) की अदालत ने रोहनिया निवासी आरोपी को दोषी करार दिया है। चार साल की सजा के साथ जुर्माना भी लगाया गया है। वहीं, देवरिया के भटनी थाने की पुलिस ने बुधवार को मंडुवाडीह के शिवदासपुर में छापा मारकर एक किशोरी को बरामद किया।

विज्ञापन
Popular news of Varanasi Four years sentence under Gangster Act Deoria police raid girl recovered
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) मनोज कुमार सिंह की अदालत ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में वीरभानपुर रोहनिया निवासी आदित्य को दोषी करार दिया। साथ ही उसे चार साल की सजा सुनाई। पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

विज्ञापन


एडीजीसी के मुताबिक 15 सितंबर 2020 को प्रभारी एसएसआई जमीलुद्दीन खान क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि क्षेत्र का बदमाश विकास उर्फ छोटू का एक संगठित गिरोह है। गिरोह का सक्रिय सदस्य आदित्य है। 
विज्ञापन


गिरोह के सदस्य आर्थिक एवं भौतिक लाभ के लिए चोरी, लूट समेत अन्य घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके बाद आदित्य के खिलाफ रोहनिया थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

गैंगस्टर मामले में अभिषेक सिंह हनी को मिली जमानत
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (द्वितीय) साकेत मिश्रा की अदालत ने रंगदारी के पुराने मामले में गैंगस्टर के आरोपी अभिषेक सिंह हनी को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।

अभियोजन पक्ष के अनुसार वर्ष 2012 में कोतवाली थाना क्षेत्र के मध्यमेश्वर निवासी श्रवण जायसवाल ने कोतवाली थाने में अभिषेक सिंह हनी के खिलाफ रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में जमानत मिलने के बाद से ही आरोपी अदालत में हाजिर नहीं हो रहा था। 

इसके बाद उसके खिलाफ इसी मामले में अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किया था। अभिषेक सिंह हनी बीते शुक्रवार को वारंट निरस्त कराने की अर्जी लेकर अदालत पहुंचा था, जिसे अदालत ने अस्वीकार करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। अभिषेक सिंह हनी के खिलाफ कुल 34 मुकदमे दर्ज हैं।

हॉस्पिटल के सामने मेडिकल वेस्ट फेंकने की शिकायत
आयकर काॅलोनी खजुरी के पास एक निजी हॉस्पिटल का मेडिकल वेस्ट खुले में फेंके जाने से संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इससे परेशान लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय, सीएमओ सहित अन्य जगहों पर शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। 

अधिकारियों को दिए गए पत्र में काॅलोनी वासियों ने बताया कि निजी हॉस्पिटल में पार्किंग न होने से मरीजों की गाड़ियां भी जहां-तहां खड़ी होती हैं। साथ ही यहां इलाज के बाद निकलने वाला मेडिकल वेस्ट फेंका जा रहा है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि खुले में मेडिकल वेस्ट फेंके जाने की शिकायत आई है। इस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शिवदासपुर में देवरिया पुलिस का छापा, किशोरी बरामद
देवरिया के भटनी थाने की पुलिस ने बुधवार को मंडुवाडीह के शिवदासपुर में छापा मारकर एक किशोरी को बरामद किया। एसआई अमित कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम किशोरी को बरामद कर अपने साथ ले गई। मंडुवाडीह पुलिस ने बताया कि भटनी में अपहरण के मामले में केस दर्ज है। 

दामाद समेत अन्य पर दर्ज कराया केस
छोटी बेटी को परेशान करने और पति को जान से मारने की धमकी समेत अन्य आरोपों में पीड़िता ने कैंट थाने में दामाद व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया। कैंट के टकटकपुर अनौला की रहने वाली पीडि़ता संजू देवी की तहरीर पर पुलिस ने दामाद आकाश समेत अन्य सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया।

सिगरा पुलिस ने लौटाया महिला का बैग
गोरखपुर से वाराणसी घूमने आई गीता पांडेय का बुधवार को रोडवेज बस स्टैंड के पास टोटो में बैग छूट गया। उन्होंने इसकी जानकारी सिगरा पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने सीसी कैमरे की मदद से बैग बरामद किया। बैग में सोने का मंगलसूत्र, सोने का कड़ा, कान के टॉॅप्स सहित 25 हजार रुपये थे।

डॉ. सचिंद्रनाथ बने श्रीकुल पीठ के पीठाधीश्वर
महाकुंभ में ब्रह्मराष्ट्र एकम् के डॉ. सचिंद्रनाथ महाराज को श्रीकुल पीठ पीठाधीश्वर पद पर विभूषित किया गया है। पीठ के आचार्य पीठाधीश्वर दिवाकर महाराज ने अपने शिष्य डॉ. सचिंद्रनाथ को विविध अनुष्ठान के साथ पीठ पर विभूषित कराया। काशी के निवासी डॉ. चिंद्रनाथ ने अपने गुरु के साथ पिछले साथ 45 दिनों तक बनारस से राम पग यात्रा निकाली थी, जो श्रीलंका में पहुंच कर संपन्न हुई थी। इस यात्रा के जरिये वैदिक सनातन संस्कृति का प्रचार एवं प्रसार किया था।

विष्णु महायज्ञ के शुभारंभ पर 501 महिलाओं ने निकाली कलशयात्रा
दीनदासपुर जंसा पंचक्रोशी रोड स्थित श्री लंगोटिया हनुमान मंदिर में सात दिवसीय विष्णु महायज्ञ के शुभारंभ पर बुधवार को गाजेबाजे के साथ 501 महिलाओं ने कलश शोभायात्रा निकाली। श्रीराम दरबार की झांकी सजाई गई। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। 

विभिन्न इलाकों में भ्रमण के बाद शोभायात्रा मंदिर पहुंची, जहां कलश स्थापना के बाद पूजन शुरू हुआ। वैदिक ब्राह्मणों ने विधिवत पंचांग पूजन करवाया। मुख्य यजमान इंद्रेश दुबे रहे। शोभायात्रा व पूजन में दैवज्ञ रंगनाथ तिवारी, पं. अश्वनी मिश्र, राकेश सिंह, अंकित मिश्रा, जितेंद्र सिंह चन्नर, अनुराग सिंह लकी, शुभम मिश्रा, अखिलेश पांडेय आदि रहे।

होटल के अवैध पार्किंग स्थल को छावनी ने कराया कब्जा मुक्त
छावनी के होटल क्लार्क के अवैध पार्किंग स्थल को बुधवार देर शाम छावनी प्रशासन ने कब्जा मुक्त कराया। अवैध रूप से पार्किंग का इस्तेमाल किया जा रहा था। छावनी बोर्ड व होटल मैनेजमेंट के बीच नोकझोंक भी हुई। सेना की क्यूआरटी व कैंट पुलिस की मौजूदगी में पार्किंग स्थल को खाली कराया गया। 

छावनी परिषद के अधिकारियों ने बताया कि भूमि को होटल क्लार्क की ओर से पार्किंग स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। भूमि को होटलों को सशुल्क आवंटित भी किया गया था। 

होटल क्लार्क को 2019 से उक्त भूमि को आवंटन नहीं होने के बाद भी इस्तेमाल करने की शिकायत पर परिषद ने 2 माह पूर्व भी की थी। बावजूद इस्तेमाल की शिकायत पर छावनी प्रशासन का दल शाम 5 बजे होटल पहुंचा और रात 9 बजे पार्किंग स्थल को बलपूर्वक खाली कराकर अपने कब्जे में लिया। मुख्य अधिशासी अधिकारी सत्यम मोहन ने बताया की अवैध कब्जेदारों के खिलाफ परिषद प्रशासन की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

12 ज्योतिलिंग व चारधाम यात्रा कर संजीव पहुंचे काशी
रोहनिया के खुशीपुर हाईवे पर बुधवार को बारह ज्योतिलिंग व चारधाम साइकिल यात्रा पर निकले संजीव कुमार का खुशीपुर में पिंकी श्रीवास्तव ने स्वागत किया। मुजफ्फरनगर के संजीव कुमार उर्फ शिवा राजपूत नौ माह से तीर्थयात्रा पर निकले हैं। गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, पूरी, रामेश्वरम् एवं द्वारिकापुरी की यात्रा कर चुके हैं। बताया कि मैं अब प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में स्नान करने जा रहा हूं। इसके बाद नेपाल पशुपतिनाथ जाऊंगा।

नेताजी सुभाष ने बनाई थी विश्व की पहली महिला सेना: राज्यपाल
नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के जन्मदिन के उपलक्ष्य में अन्तर्राष्ट्रीय सुभाष महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को महिला सशक्तीकरण एवं स्त्री गाथा सत्र का शुभारम्भ असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने लमही स्थित सुभाष मन्दिर में पुष्प अर्पित एवं मशाल जलाकर किया।

महंत बालक दास ने शॉल ओढ़ाकर राज्यपाल का स्वागत किया। विशाल भारत संस्थान की ओर से लक्ष्यम आचार्य को मानवता के नायक की उपाधि से विभूषित किया गया। न्यायाधीश नेहा सिंह एवं संस्था के प्रमुख डॉ. राजीव श्रीवास्तव ने उनको सम्मान पत्र सौंपा। महिला सशक्तिकरण एवं स्त्री गाथा विषय पर संगोष्ठी में राज्यपाल ने सुभाष चन्द्र बोस को महान देशभक्त बताते हुए कहा कि नारी शक्ति को सशक्त बनाने में अहम् योगदान दिया। 

एनएसयूआई पदाधिकारी से एटीएस ने दो दिन की थी पूछताछ
महाकुंभ में आग की घटना को लेकर जैतपुरा के अमानतुल्लाह निवासी एनएसयूआई के पदाधिकारी को एटीएस वाराणसी इकाई ने बुधवार को अशोक विहार कालोनी स्थित कार्यालय बुलाया। हालांकि बिना पूछताछ के उसे लौटा दिया गया। पिछले दो दिन सोमवार और मंगलवार को एटीएस ने एनएसयूआई के पदाधिकारी से पूछताछ की थी।

महाकुंभ में आग की घटना को लेकर एटीएस समेत अन्य जांच एजेंसियां सक्रिय हैं। जैतपुरा निवासी युवक भी घटना के करीब 8 दिन पहले महाकुंभ गया था। मकर संक्रांति पर स्नान के साथ ही फेसबुक पर दो बार लाइव आया था।

मंडुवाडीह पर शुरू हुआ सड़क निर्माण, अब चौराहे पर होगा काम
मंडुवाडीह पर सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया गया है। पीडब्लयूडी ने बुधवार को गिट्टी डालकर रोलिंग का काम शुरू कर दिया। वहीं चौराहे पर मंदिर शिफ्टिंग के बाद उसके पीछे बने मकान का ध्वस्तीकरण भी हो गया है। अब चौराहे के चौड़ीकरण काम शुरू कर दिया जाएगा।

30 महाविद्यालयों, 50 आईटीआई, 4 सीएचसी में महिला समूहों की होंगी कैंटीन
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में बुधवार को लखपति महिला कार्यक्रम की अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। सीडीओ ने निर्देश दिए कि काशी प्रेरणा कैफे को 30 उच्च शिक्षण संस्थान, 50 आईटीआई कालेजों, चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वयं सहायता समूह की महिला के माध्यम से खोलने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग की संचालित योजनाएं जैसे मखाना की खेती, मधुमक्खी पालन, बकरी पालन, खादी ग्रामोद्योग द्वारा संचालित कार्यक्रम, पशुपालन विभाग आदि विभागों द्वारा संचालित योजनाओं को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को देने हेतु निर्देशित किया गया। इसके साथ ही उपरोक्त विभाग से संबंधित योजनाओं के अनुसार स्वयं सहायता समूह की महिला की पूर्व से सूची तैयार करने के निर्देश दिए। लखपति महिला फीडिंग, लोकोस समूह फीडिंग, ग्राम संगठन, संकुल फीडिंग, आर.एफ, सीआई, एफ, समूह बैंक लिंकेज आदि विभागीय योजनाओ के काम शत प्रतिशत कराने को कहा गया।

हर ग्राम पंचायत के प्रवेश, निकास द्वार पर लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जिले की हर ग्राम पंचायत में कैमरे लगेंगे। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बुधवार को बैठक में निर्देश दिए कि हर गांव के प्रवेश और निकास द्वार पर कैमरे लगाए जाएंगे।

सीडीओ ने कहा कि ग्राम पंचायत के सभी प्राथमिक विद्यालय वैलनेस सेंटर एवं अन्य सरकारी भवनों पर उपयोगिता के अनुसार कैमरा लगाया जाए। जिन ग्राम पंचायत में गोशाला है वहां अनिवार्य रूप से कैमरे लगाए जाएंगे और सीसीटीवी कैमरा सिम कार्ड बेस्ड होगा जिसका एक्सेस थाना, जिला, ग्राम पंचायत में होगा। प्राथमिक विद्यालय पर लगने वाले कैमरा का एक्सेस खंड शिक्षा अधिकारी के कंट्रोल रूम पर भी होगा।

बाबा दरबार में प्रभु श्रीराम का पूजन व सुंदरकांड का पाठ
अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर बुधवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में विशेष पूजा हुई। धाम के शंकराचार्य चौक पर पूजन अर्चन हुआ। महाकुंभ से लौटे श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से प्रभु श्रीराम के चरणों में श्रद्धा अर्पित की। प्रभु श्रीराम आराधना की। सुंदरकांड का पाठ किया।

श्रीराम, मां जानकी, भगवान लक्ष्मण और पवनसुत हनुमान जी के सहस्रनाम हवन आहुति देकर विधिवत पूजन हुआ। याजक के रूप में मंदिर के मुख्य कार्यपालक विश्व भूषण रहे। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव धार्मिक आस्था ही नहीं है, बल्कि देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के प्रति देशवासियों के गहरे सम्मान का भी परिचायक है। उधर, पहड़िया स्थित त्रिदेव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का समापन हुआ। प्राण प्रतिष्ठा के साथ हवन पूजन एवं रुद्राभिषेक हुआ।

रूढ़िवादी लोग पर्सनल लाॅ के सहारे बढ़ा रहे कुरीतियां- सुबूही खान
बीएचयू में नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर हुई गोष्ठी में पहुंची चर्चित वक्ता सुबूही खान ने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) आज देश की आवश्यकता है। देश में सभी व्यक्ति समान हैं। किसी के साथ उसके पर्सनल लॉ के नाम पर भेदभाव नहीं किया जा सकता। उन्हें भी समान अधिकार मिलना चाहिए, क्योंकि धार्मिक रूढ़िवादी लोग पर्सनल लाॅ के आधार पर मुस्लिम समाजों में व्याप्त कुरीतियों को परमानेंट कर रहे हैं।

एच एन त्रिपाठी सभागार में उन्होंने कहा कि बोस ने गणतंत्र की स्थापना 21 अक्टूबर 1943 में ही करके 11 देशों से स्वीकृत करा लिया था। वह एकमात्र व्यक्ति थे, जिन्हें आज देश विदेश के लोग नेताजी के नाम से संबोधित करते हैं। उनके जीवन और आचरण को हम अपने जीवन में जितना उतारेंगे, हमारे अंदर नेतृत्व क्षमता और साहस का उतना ही विस्तार होगा। 

उन्होंने छात्रों के सवालों का भी जवाब दिया। कार्यक्रम में पत्रकारिता विभाग के डॉ. धीरेंद्र राय, भारतीय शिक्षण मंडल के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख डॉ. अनिल सिंह और शोध छात्र संयोजक सुयज्ञ राय समेत 100 से ज्यादा छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

आठ फेरों में चलेगी गोरखपुर-झूंसी कुंभ मेला स्पेशल
05004/05003 गोरखपुर-झूंसी कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन 27 जनवरी से पांच फरवरी तक आठ फेरों में किया जाएगा। गोरखपुर से 27, 28, 29 व 30 जनवरी के साथ 1, 2, 3 व 4 फरवरी को चलेगी। झूंसी से यह ट्रेन 28, 29, 30 व 31 जनवरी के साथ 2, 3 4 व 5 फरवरी को चलेगी।

इस ट्रेन का ठहराव वाराणसी सिटी, वाराणसी कैंट, बनारस स्टेशन पर दोनों तरफ से होगा। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को 16 कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें संचालित होगी।

आरक्षित जमीन कब्जाने की शिकायत, जांच में तालाब की निकली
पिंडरा के गांव कठिराव की जीरावती, सुषमा, सुशीला, धनदेई, गीता, कलावती, धर्मदेई, बसंती ने एसडीएम को शिकायत पत्र सौंपा। आरोप लगाया कि उन लोगों को मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए जमीन आरक्षित की गई थी। इस पर कुछ लोगाें ने कब्जा कर लिया है। एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने जांच कराई तो वह जमीन तालाब की निकली। मत्सय विभाग ने इसे पट्टे के रूप में आवंटित की थी। एसडीएम ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि उन्हें मिट्टी निकालने के लिए वह जमीन आवंटित कर दी जाएगी ताकि वह उस मिट्टी से बर्तन बना सके। 

नौ वार्डों में 81 लाख से होंगे विकास कार्य, हुआ शिलान्यास
दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बुधवार को नौ वार्डों में 81 लाख की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें विभिन्न गलियों का निर्माण, चौका रिसेटिंग, इंटरलॉकिंग कार्य, प्रमुख मार्गों पर स्वागत द्वार निर्माण आदि शामिल हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन कार्यों का शिलान्यास हुआ है, उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा करें।

कला दीर्घा के शुभारंभ पर 50 विद्यार्थियों ने लिया भाग
भारत कला भवन के सेवानिवृत्त कलाविद डॉ. राधाकृष्ण गणेशन की ओर से संकट मोचन के पास भोगाबीर में स्थापित एक नए कला दीर्घा 'कला आलयम्' का बुधवार को उद्घाटन हुआ।

बीएचयू दृश्य कला संकाय के पूर्व प्रोफेसर विजय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। इसके साथ ही तीन दिवसीय वाटर कलर पेंटिंग कार्यशाला शुरू हुई। इसमें 50 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। चित्रकला विशेषज्ञ संतोष कुमार शील ने उनको चित्रकला एवं जलरंग विधा की तकनीकी बारीकियों से परिचित कराते हुए प्रशिक्षण दिया। 

प्रो. विजय ने कहा कि काशी में ऐसी ही कला दीर्घा की आवश्यकता थी, जो कला एवं कलाकारों के लिए ही समर्पित हो। इसके खुल जाने से छात्रों व कलाकारों को लाभ मिलेगा। दीर्घा के संस्थापक ने बताया कि इस कला दीर्घा में बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं के रुचि के अनुरूप कला, शिल्प, संगीत, अभिनय विषय से संबंधित प्रशिक्षण, प्रदर्शनी, कार्यशालाएं आयोजित होंगी।

रामकटोरा के पास अंडरग्राउंड केबल में फाॅल्ट, सात घंटे बिजली गुल
रामकटोरा के पास चौरछटवा जाने वाले रास्ते पर बुधवार की सुबह अंडरग्राउंड केबल में फाॅल्ट हो गया। इस वजह से आसपास के इलाकों में तीन घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। भोर में करीब 4 बजे घटी इस घटना के बाद बिजली कर्मियों ने किसी तरह फाॅल्ट खोजकर उसको दुरूस्त किया। हालांकि कुछ ट्रांसफाॅर्मर पर 9 बजे तक बिजली आ गई, लेकिन चौरछटवा के पास तीन ट्रांसफार्मर से 11 बजे आपूर्ति बहाल हो पाई। 

एसडीओ अनिल सिंह ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे फाॅल्ट की सूचना मिलने के बाद उसको तुरंत मरम्मत करवा दिया गया। बस चौरछटवा के पास तीन ट्रांसफाॅर्मर से आपूर्ति बंद थी। सुबह करीब 11 बजे वह भी सही हो गया।

लंबित मांगों को लेकर निकाला जुलूस, नारेबाजी की
ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने टीए के अनुपात में किलोमीटर एलाउंस की वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर कैंट स्टेशन के क्रू लॉबी पर विरोध प्रदर्शन और गेट मीटिंग की। लंबित मांगों को लेकर जुलूस निकालकर नारेबाजी भी की।

एसोसिएशन के मंडल सचिव संतोष सिंह हाडा ने कहा कि महंगाई भत्ते की दर 50 फीसदी तक पहुंचने के बाद यात्रा भत्ते की दर 25 फीसदी हो गई है। इसके बावजूद रेल कर्मियों से सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उधर, पूर्वोत्तर रेलवे के शाखा सचिव ओपी विश्वकर्मा ने कहा कि कर्मचारियों संग यह रवैया ठीक नहीं है। प्रदर्शन में लालजी यादव, ओपी विश्वकर्मा, अंकित कुमार यादव, आलोक श्रीवास्तव, निरंजन कुमार, संजय कुशवाहा, ललित मोहन आदि रहे। 

पुलिस आयुक्त के आदेश पर मुकदमा दर्ज
पुलिस आयुक्त के आदेश पर बुधवार को कैंट पुलिस ने नाबालिग लड़की को परेशान करने और जान से मारने की धमकी के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी की शादी अनौला निवासी आकाश के साथ हुई थी। आरोप है कि आकाश उसकी नाबालिग बेटी को परेशान करता है। कई बार शिकायत कैंट थाने में की गई, लेकिन पुलिस ने संज्ञान नहीं लिया। इसके बाद पुलिस आयुक्त से शिकायत की।

चोरी के एक टुल्लू पंप के साथ युवक गिरफ्तार
चौबेपुर क्षेत्र के खेतलपुर गांव के पास बुधवार शाम चौबेपुर पुलिस ने झोले में टुल्लू पंप ले जा रहे पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पंकज ने बताया कि पूरनपट्टी गांव के निर्माणाधीन मकान से उसने टुल्लू चोरी किया है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। 

बीएचयू में आज से सृष्टि 25, होंगे 200 ऑडियंस
बीएचयू में कृषि विज्ञान संस्थान का वार्षिकोत्सव सृष्टि आज से शुरू होगा। इसमें सिंगिंग, ग्रुप सिंगिंग इवेंट, रैंप वॉक, फेस पेंटिंग, पार्लियामेंट्री डिबेट, मिमिक्री, प्ले, क्विज, रंगोली समेत 30 से ज्यादा इवेंट्स और प्रतियोगिताएं होंगी। अगले तीन दिनों तक संकाय के कृषि शताब्दी सभागार में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसमें 2000 ऑडियंस होंगे। ये संस्थान का सबसे बड़ा इवेंट है।

ठाकुर रोशन सिंह को किया नमन
काकोरी ट्रेन एक्शन के शताब्दी वर्ष पर भोजूबीर स्थित आर्य समाज धर्मशाला में महान बलिदानी व क्रांतिकारी ठाकुर रोशन सिंह की जयंती मनाई गई। गोष्ठी में जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान प्रमोद आर्य ‘आर्षेय’ ने कहा कि अपने फांसी की खबर को सुनकर रोशन सिंह ने क्रांतिकारियों को संदेश दिया कि आप मेरे लिए दुखी ना हों। मैं परमात्मा की गोद में सोने जा रहा हूं। रवि प्रकाश बरनवाल ने कहा कि ठाकुर रोशन सिंह ने पं. रामप्रसाद बिस्मिल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काकोरी ट्रेन एक्शन को पूरा सहयोग किया था।

शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर निवासी अश्वनी जायसवाल को पुलिस ने बुधवार को शादी का झांसा देकर किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। लहरतारा चौकी प्रभारी पवन कुमार यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अश्वनी बाटा मोड़ के पास खड़ा है। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

पढ़ाई के साथ कौशल विकास पर ध्यान देना जरुरी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) की ओर से कार्यशाला में कौशल विकास पर जोर देने का आह्वान किया। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि आज के समय में पढ़ाई के साथ कौशल विकास पर भी ध्यान देने की जरूरत है। जिला उद्योग केंद्र के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में कुलपति ने कहा कि हमें नौकरी करने वाले युवा नहीं बल्कि ज्ञान, कौशल विकास से परिपूर्ण युवाओं की जरुरत है।

आईक्यूएसी की निदेशक प्रो. नंदिनी सिंह ने कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को नौकरी प्रदाता बनाना है। लघु उद्योग के सहायक निदेशक वीरेंद्र राणा ने लघु उद्योंगों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। जिला उद्योग केंद्र के सहायक निदेशक अजय गुप्ता ने युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से जुड़ने के लिए कहा। इसमें डॉ. प्रतिभा, प्रो. आनंद शंकर चौधरी, प्रो. केके सिंह, दीप्ति मिश्रा और नीरज पारिख मौजूद रहे। 

रेलवे बोर्ड की ईडी ने कैंट स्टेशन का जाना हाल
रेलवे बोर्ड की कार्यकारी निदेशक (विरासत) आशिमा मेहरोत्रा ने बुधवार को कैंट स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय रेल अधिकारियों से रेल परिसर को अपनी पुरातन धरोहर को सहेज कर नए स्वरूप में पेश करने के लिए सुझाव मांगा। इस बीच कैंट स्टेशन के यात्री हाॅल तीन में लगाए गए यांत्रिक पुर्जों से बने ढांचे को देखा। इस बीच स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता व अन्य रहे।

कंपोजिट विद्यालय में मां बेटी अभिभावक मेले का आयोजन
पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बड़ागांव में बुधवार को मां बेटी अभिभावक मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के साथ दहेज प्रथा, बाल विवाह, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे मुद्दों पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। मेले का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी बड़ागांव विजय प्रकाश यादव ने किया। इस दौरान सुनील कुमार, शशिकांत, निर्मला देवी, अनिल कुमार गुप्ता, विनय कुमार गुप्त उपस्थित रहे। 

दिव्यांग छात्रों ने खेले मस्ती भरे खेल
पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में बुधवार को दिव्यांग छात्रों के लिए जनपद स्तरीय समेकित खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इसमें समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय समेत वाराणसी के दिव्यांग छात्रों ने हिस्सा लिया। 

मुख्य अतिथि संपूर्णानंद संस्कृत विवि के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा, विशिष्ट अतिथि सीआरपीएफ के वरिष्ठ कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर, जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह रहे। छात्रों ने रस्साकशी जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़, चम्मच खेल, एकल गायन, एकल नृत्य आदि में बच्चों ने मस्तीभरे खेल खेलकर अपनी प्रतिभा दिखाई। 

कुर्सी दौड़ में शिवम गुप्ता, चम्मच बाॅल खेल में कनक केशरी और विक्की, जलेबी दौड़ में नितिन कुमार गुप्ता और अंकित मौर्य, छू कर पहचानने में दीपक कुमार राय, रस्साकशी बालक वर्ग में यश कुमार श्रीवास्तव और करन पटेल, बालिका वर्ग में कविता और अंजलि, निबंध में साक्षी प्रथम रहीं। वहीं चित्रकला में रिया राय, एकल गायन में नंदिनी गुप्ता और कृष्णा प्रथम रहे। इसमें जिला समन्वयक अनुराग दूबे, सुमीत कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। 

जिगजैग तकनीक अपनाओ और ऊर्जा बचाओ
ईंट निर्माता परिषद, एईईई और ग्लोबल सर्विसेज की ओर से बुधवार को शिवपुर स्थित एक होटल में राउंड टेबल बैठक हुई। इसमें ईंट भट्ठों पर जिगजैग तकनीक अपनाने पर जोर दिया गया। अध्यक्ष कमलाकांत पांडेय ने जिगजैग तकनीक अपनाओ, ऊर्जा बचाओ और प्रदूषण भगाओ का नारा दिया।

उन्होंने कहा कि इस तकनीक के जरिये भट्ठा मालिक ऊर्जा की खपत को कम करते हुए पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभा सकते हैं। बैठक में ईंट निर्माता परिषद के महामंत्री शिव प्रकाश सिंह, सीताराम यादव, ओपी बदलानी, लक्ष्य आठवाणी, आनंद सिंह, मोहन लक्ष्मण, आरके प्रद्धवानी, राजेश कुमार सरोज आदि रहे।

आईआईटी में होगी रिसर्च प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग, प्रो. एसबी द्विवेदी बने अध्यक्ष
आईआईटी बीएचयू में प्रो. एसबी द्विवेदी को इंस्टीट्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग कमेटी (आईआईपीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इन पर भवन और लैब के निर्माण, रिसर्च प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग, मरम्मत कार्यों की योजना बनाने और लागू करने की जिम्मेदारी होगी। प्रो. द्विवेदी सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर हैं और इससे पहले एकेडमिक के डीन रहे हैं। प्रो. द्विवेदी समेत कुल 6 सदस्यों को इस कमेटी में रखा गया है। 

संस्थान के सुप्रीटेंडिंग इंजीनियर को संयोजक, प्रो. एसआर मोहंती, प्रो. ओमजी पांडेय, डाॅ. आदित्य प्रताप सान्याल और डॉ. स्नेहा को कमेटी का सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर पबित्र रंजन मैती को संस्थान निर्माण विभाग के सुप्रीटेंडिंग इंजीनियर का कार्यभार सौंपा गया है।

बिजली कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में बुधवार को कामकाज खत्म होने के बाद कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। साथ ही सरकार से निजीकरण के फैसले को वापस लेने की मांग की। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर अंकुर पांडेय, रामकुमार झा, नरेंद्र वर्मा ने बताया कि 23 जनवरी को निजीकरण के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने के लिए होने वाली प्री बिडिंग कांफ्रेंस का पुरजोर विरोध किया जाएगा।

लखनऊ में प्रदेश भर के कर्मचारी तो जुटेंगे वाराणसी समेत अन्य जिलों में भी भोजनावकाश के दौरान काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान मदनलाल श्रीवास्तव, विजय सिंह, आर बी यादव, जमुना पाल, राजेश सिंह कर्मचारी मौजूद रहे।

उधर, राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन की जिला शाखा की ओर से निजीकरण के विरोध में सभा में आवाज बुलंद की गई। जनपद प्रचार सचिव योगेश यादव ने बताया कि 27 जनवरी से 9 फरवरी तक रोज शाम 5 से 6 बजे तक विरोध सभा की जाएगी। फिर भी मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान नीरज बिंद, दीपक गुप्ता, रोहित कुमार, पंकज जायसवाल रहे।

चकरोड बनाने को लेकर मारपीट, मुकदमा दर्ज
चकरोड बनाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया है। कानूडीह सरसवा शिवपुर निवासी रवि राजभर ने बताया कि 20 जनवरी को वार्ड के पार्षद अभय प्रजापति ने चकरोड सीवर रोड का उद्घाटन किया था। आरोप है कि गांव के ही उदय राजभर,राजेश राजभर, ज्ञानचंद, गोविंद , गोलू , राहुल, शेखर, कल्लू,रामचंद्र, कपिलदेव व अज्ञात लोगों ने मारपीट की। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

गुंडा एक्ट के तहत दो आरोपियों को जिला बदर
अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था ने बड़ागांव क्षेत्र के दो आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर की कार्रवाई की। थानाक्षेत्र के इटहा गांव निवासी मुख्तार अली को एक माह और हरहुआ डीह निवासी जावेद ऊर्फ मेट्रो ऊर्फ इमरान को महीने के लिए जिला बदर किया है। 

बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने पर आरोपी हिरासत में
बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले में कुड़ी गांव निवासी एक व्यक्ति को पुलिस ने बुधवार को हिरासत में लिया। कुड़ी बाजार में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने और रोकने पर गालीगलौज की। 

आठ वारंटी गिरफ्तार, भेजा जेल
मारपीट के एक पुराने मामले में कोर्ट के आदेश पर बुधवार को 8 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। वारंटियों में करधना निवासी बबलू, छक्कू, चंद्रमा, चंद्रशेखर, मुलायम, संतोष, मुन्ना और जगदीश शामिल हैं। 

एलयूसीसी के चेयरमैन समेत 8 पर धोखाधड़ी का केस
एलयूसीसी द लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट थ्रिफ्ट कंपनी के चेयरमैन समेत आठ के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर चोलापुर थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। देईपुर के पीड़ित सीताराम पाल, बभनपुरा के रहने वाले पीड़ित सुनील मिश्रा ने बताया कि कंपनी के शबाब हुसैन, अनुज जैन, समीर अग्रवाल से एक मुलाकात में काम करने और 5 साल में धन दोगुना करने के नाम पर लोगों को एजेंट बनाकर निवेश कराया।

इसके बाद समीर अग्रवाल दुबई भाग गया। कंपनी के डायरेक्टर साहिबाबाद, निवासी शबाब हुसैन, समीर अग्रवाल निवासी नवी मुंबई महाराष्ट्र, सानिया अग्रवाल निवासी नवी मुंबई महाराष्ट्र, संजय मुद्गगिल एजुकेशन ट्रेनर, आर शेट्टी फंड मैनेजर,अभय राज और अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। 

जन रैली में बलवा और मारपीट, 50 अज्ञात पर केस दर्ज
पांडेयपुर में बुधवार दोपहर दुकानदारों और जन रैली में शामिल लोगों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित दुकानदार संदीप गुप्ता ने कैंट थाने में पांच नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया। 

संदीप ने बताया कि दोपहर डेढ़ बजे जन रैली में शामिल लव चौबे, कुश, वैभव राय, यश सिंह राजपूत समेत अज्ञात लोगों ने गालीगलौज, मारपीट की। बचाव के लिए आए दुकानदार विशाल गुप्ता को भी पीटा। 

जुलूस के चलते आवागमन बाधित रहा। विशाल गुप्ता ने बताया कि दुकान लगा रहे थे, तभी भक्ति नगर से कचहरी से आ रहे जुलूस में शामिल लोगों ने लाठी, डंडे से मारपीट की। बवाल को देख लालपुर और कैंट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दुकानदारों सहित सीसी कैमरे के माध्यम से जानकारी जुटाई।

सर्वश्रेष्ठ स्कोरर की दौड़ में आचार्य द्वितीय के गुरु ढाक्पा और शास्त्री के दवा सांग्पो
सारनाथ केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में खेली जा रही अंतर विभागीय बास्केटबॉल में प्री क्वार्टर फाइनल हुआ। अबतक खेले गए मुकाबले सर्वाधिक स्कोर कर आचार्य द्वितीय वर्ष के गुरु ढाक्पा और शास्त्री प्रथम के दवा सांग्पो सर्वश्रेष्ठ स्कोरर की दौड़ में हैं।

बुधवार को खेले गए पुरुष के पहले मुकाबले में उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष की टीम ने स्टाफ पीएचडी कंबाइंड टीम को 47-24 से हरा दिया। इसमें उत्तर मध्यमा के नवांग धार्गेल ने 18 अंक और स्टाफ पीएचडी कंबाइंड टीम की ओर से खेलते हुए पेमा नांग्येल ने 9 अंक हासिल किए। महिला वर्ग का पहला मुकाबला बीएड संयुक्त टीम और पूर्व मध्यमा के बीच खेला गया।

इसमें बीएड संयुक्त की टीम ने पूर्व माध्यमा प्रथम को 24-8 से हरा दिया। अंतिम मुकाबले में शास्त्री प्रथम ने यूनाइटेड टीम को 57-39 से हरा दिया। शास्त्री प्रथम की ओर से खेल रहे नेपाल के दवा सांग्पो ने 56 अंक और यूनाइटेड टीम की ओर से दाम्सांग ने 16 अंक का योगदान दिया।

मंशा देवी मंदिर का शिखर बनेगा भव्य, असम राज्यपाल ने किया पूजन
असम राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने बुधवार को दुर्ग रोड स्थित मां मंशा देवी मंदिर के शिखर निर्माण का पूजन किया। राज्यपाल ने कहा कि शिखर का निर्माण जल्द शुरू होगा और यह बहुत भव्य बनेगा। इस मौके पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव, पुजारी पंडित सुधाकर मिश्र, भंटू गुरु, शिवशंकर पांडेय, राजन पांडेय, प्रशांत सिंह, मुरारी लाल यादव आदि मौजूद रहे। 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह नहीं आएंगे, जनसभा रद्द
भाजपा के संविधान गौरव अभियान के तहत गुरुवार (23 जनवरी) को होने वाली रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा रद्द हो गई। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि किसान इंटर कॉलेज परिसर मिर्जामुराद में जनसभा होनी थी। किन्हीं कारणों से जनसभा रद्द कर दी गई। रक्षामंत्री की जनसभा को लेकर भाजपा की तैयारी पूरी थी। मंडल स्तर पर बैठक कर जनसहभागिता की रणनीति भी बनाई गई थी।

गोदौलिया-दशाश्वमेध मार्ग पर बैरिकेडिंग से सिर्फ जाम, फायदा एक भी नहीं
दशाश्वमेध व्यापार मंडल की बैठक बुधवार को गोदौलिया में हुई। इसमें व्यापारियों ने कहा कि महाकुंभ के पलट प्रवाह से गाेदौलिया-दशाश्वमेध मार्ग पर दबाव ज्यादा है। वहीं, बैरिकेडिंग का कोई लाभ नहीं है, इसके अंदर एक भी श्रद्धालु नहीं जा रहे हैं। सभी बाहर सड़क से जा रहे हैं। गंगा आरती के समय भी जाम लग रहा है। संरक्षक श्रीनारायण खेमका ने कहा कि इससे आम दर्शनार्थियों को गंगा स्नान व विश्वनाथ धाम दर्शन पूजन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अध्यक्ष सुरेश तुलस्यान ने कहा कि ई-रिक्शा वाले रात आठ बजे से ही गोदौलिया से गिरजाघर मार्ग पर चल रहे हैं, जबकि उनका समय रात 10 बजे के बाद है। कलर कोड व्यवस्था का पालन रात में नहीं हो रहा है।

गोदौलिया से दशाश्वमेध जाने वाले चौराहे पर प्रतिबंध लगा दिया जा रहा है। क्षेत्रीय नागरिकाें और दुकानदारों को भी रोक दिया जा रहा है। बैठक में अशोक कुमार जायसवाल, दीपक वासवानी, भगवान दास जाजानी, विनय यादव, महेश पोद्दार आदि रहे।

कछुओं को ठंड से बचाने के लिए कृत्रिम तालाब में लगाया गया पॉलीथिन
कछुआ पुनर्वास केंद्र में जन्मे कछुओं के बच्चों को ठंड से बचाने के लिए कृत्रिम तालाब को प्लास्टिक से ढक कर सुरक्षित किया गया है। उसमें तापमान मशीन भी लगाई गई है। इनकी बराबर निगरानी भी की जा रही है। कछुआ पुनर्वास केंद्र प्रभारी निशिकांत सोनकर ने बताया कि ठंड में कछुओं के बच्चों में आंख की बीमारी होती है।

इस वजह से वे खाना पीना छोड़ देते हैं। ठंड के मौसम में इनको छोटी मछली के साथ पालक, लौकी और गाजर के छोटे छोटे टुकड़े दिए जा रहे हैं। अभी केंद्र में तीन प्रजाति के कछुए हैं। व्यस्क कछुओं की संख्या 612 है। ढोंड नटखट ढोका 434 और बटागुर कछुओं की संख्या 122 है। निल्सोनिया गैन्जेटिका की प्रजाति के कछुओं की संख्या 56 है। 

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कर्मचारी ने फंदे से लटक दी जान
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुदामापुर में युवक ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। बुधवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की।सुदामापुर निवासी विक्रम प्रजापति (32) महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में संविदा कर्मचारी थे। 

सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर बड़े भाई राजेंद्र ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। रोशनदान से झांका तो पंखे की कुंडी में रस्सी के सहारे विक्रम लटका हुआ था। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। 

भाई राजेंद्र ने बताया कि पत्नी नीतू से विक्रम की नहीं बनती थी। नीतू मोहल्ले में ही दूसरे घर में बेटे आलोक और बेटियों के साथ रहती है। नीतू का मायका जीवधिपुर में है। बेटे की मौत पर मां ऊषा बेसुध रही। दो भाइयों में विक्रम छोटा था। भाई राजेंद्र व मां ऊषा ने आरोप लगाया कि पत्नी नीतू से विवाद के कारण ही विक्रम ने जान दी।

चित्रकार राजा रवि वर्मा की पेंटिंग की बारीकियों से रूबरू हुए छात्र
बीएचयू के दृश्य कला संकाय के चित्रकला विभाग में माइथोलॉजिकल पेंटिंग ऑफ इंडिया इन द स्पेशल कॉन्टेक्स्ट ऑफ द ग्रेट आर्टिस्ट राजा रवि वर्मा विषय पर व्याख्यान हुआ। इसमें प्रसिद्ध चित्रकार राजा रवि वर्मा की पेंटिंग की बारीकियों से छात्र-छात्राओं को रूबरू कराया गया। भोपाल से आए प्रसिद्ध कलाकार प्रो. एलएन भावसार ने कहा कि चित्रकारी एक साधना ही है।

रवि वर्मा की तरह से लाइव रिप्लीका बनाने वाला कोई दूसरा कलाकार अभी तक नहीं हुआ है। प्रसिद्ध प्रतिकृतियों के साथ ही पुराणों की घटनाओं से संबंधित चित्रों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श और मूल्य काफी महान थे। कार्यक्रम के दौरान चित्रकला के 100 से ज्यादा विद्यार्थी और संकाय प्रमुख डॉ. उत्तमा दीक्षित मौजूद रहीं। 

काशी विद्यापीठ में पांच फरवरी से शुरू होंगी तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा की तिथि विश्वविद्यालय प्रशासन ने घोषित कर दी है। इसमें कुछ पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 5 तो कुछ 11 और 17 फरवरी से शुरू होंगी।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी टाइमटेबल के अनुसार एमए इतिहास और एमए इतिहास पुरातत्व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 5 से 13 फरवरी तक सुबह 10 से 12 बजे तक होगी। एमए अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और मनोविज्ञान के तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 11 फरवरी से दोपहर 12 से 2 बजे तक समाज विज्ञान संकाय में होगी। पीजी डिप्लोमा इन साइकोथिरेपी, काउसंलिग एंड गाइडेंस की परीक्षा 17 फरवरी से सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी।

आग से टोला प्लाजा की दो केबिन जली, वीआईपी लेन से गुजर रहे वाहन
कैथी टोल प्लाजा पर मंगलवार दोपहर कार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग से दो केबिन झुलस गए। दोनों केबिन को बंद कर मंगलवार रात वीआईपी लेन से वाहनों को गुजारा गया। टोल प्लाजा के मुख्य प्रबंधक प्रवीण कौशिक ने बताया कि टोल के दो केबिन दो नंबर व तीन नंबर का पूरा सिस्टम जलकर नष्ट हो गया।

नया सिस्टम एक हफ्ते या 10 दिन में सिस्टम आ सकता है। फिलहाल तीन लेन से ही वाहनों का अवागमन कराया जा रहा है। इसीमें वीआईपी भी पास कराए जा रहे हैं। दो केबिन जलने से वाराणसी-गाजीपुर-गोरखपुर हाइवे पर वाहनों के दबाव के चलते वाहनों की लाइन लग जा रही है। आग से 10 लाख की क्षति हुई है। 

चौकी इंचार्ज पर पति का दांत तोड़ने का आरोप, सीपी से शिकायत
साड़ी चोरी के आरोप में बेटे को हिरासत में रखने और बेटे को छुड़ाने पहुंचे पति की चौकी इंचार्ज व अन्य एक पुलिसकर्मी ने बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिटाई से पति का दांत टूट गया। पीड़िता ने बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रार्थना पत्र देकर इसकी शिकायत की।

चंदापुर धमरिया की रहने वाली असगरी बेगम ने आरोप लगाया कि कस्बा इंचार्ज और कांस्टेबल ने बेटे को 20 जनवरी को साड़ी चोरी के आरोप में उठाया। पति कुद्दुस की चौकी इंचार्ज और कांस्टेबल ने पिटाई की।

निरीक्षण कर वीडीए उपाध्यक्ष ने छह अवैध निर्माण कराए सील
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बुधवार को तुलसीपुर मोतीझील का निरीक्षण किया। भेलूपुर वार्ड के छह अवैध निर्माण सील कराए। रविंद्र कुमार अग्रवाल, नीरज अग्रवाल की ओर से स्वीकृत मानचित्र के विपरीत अतिरिक्त तलों का अवैध निर्माण कार्य किया गया था। जिसे वीडीए ने सील किया। उपाध्यक्ष ने निर्माणकर्ता को भवन का शमन मानचित्र दाखिल करने का निर्देश दिया।

भेलूपुर वार्ड में विनोद गुप्ता की ओर से बगैर नक्शा पास कराए 1800 वर्गफीट में निर्माण कराया जा रहा था। जिसे सील कर निर्माणकर्ता को दो दिन में खुले नाले को ढंकने का निर्देश दिया। भेलूपुर में अभिषेक तिवारी की ओर से 600 वर्गफीट में ढलाई का कार्य कराया जा रहा था। जिसे सील कर नोटिस दिया गया।

धीरज की ओर से भेलूपुर में अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जिसे सील कर नोटिस दिया गया। ओमप्रकाश सिंह की ओर से नगवां में अवैध निर्माण कराया जा रहा था। नोटिस देने के साथ अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। पंकज कुमार सिंह की ओर से अवैध निर्माण कराने नोटिस देकर सील किया गया। साथ ही पुलिस अभिरक्षा में दिया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed