जौनपुर: ईवीएम जमा कराने जा रही पोलिंग पार्टी की बस खाई में पलटी, चालक घायल
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के एसएचओ देवानंद रजक ने अपने निजी वाहन से बस चालक को पीएचसी करंजकला भिजवाया। उन्होंने बताया कि ईवीएम सहित मतदानकर्मियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
विस्तार
जौनपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ से मतदान के बाद ईवीएम जमा करने जा रही पोलिंग पार्टी की बस हरिहरपुर नहर के पास खाई में पलट गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मतदानकर्मियों को ईवीएम सहित सुरक्षित निकाल कर स्ट्रांग रूम भेजने के लिए वाहनों की व्यवस्था में जुटी रही।
सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 291 से मतदान होने के बाद पोलिंग पार्टी को लेकर बस पूर्वांचल विश्वविद्यालय में बने स्ट्रांग रूम के लिए रवाना हुई। बस हरिहरपुर नहर के पास अचानक बंद हो गई। इसके बाद मतदानकर्मी और ग्रामीण बस को धक्का देने लगे इसी दौरान बस असंतुलित होकर गड्ढे में पलट गई।
हादसे में बस चालक शहर कोतवाली क्षेत्र के उर्दू बाजार निवासी कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के एसएचओ देवानंद रजक ने अपने निजी वाहन से बस चालक को पीएचसी करंजकला भिजवाया। उन्होंने बताया कि ईवीएम सहित मतदानकर्मियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्हें स्ट्रांग रूम भेजवाने के लिए वाहन का इंतजार किया जा रहा है।
भदोही में मतदान कराकर लौट रहे कर्मचारी की मौत
भदोही जिले के ज्ञानपुर विधानसभा से चुनाव कराकर लौट रहे भूईधर पाल (59) की मौत हो गई। वह लोक निर्माण विभाग में बेलदार पद पर तैनात थे। सूचना पर पहुंचे सीडीओ भानु प्रताप सिंह की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। चौरी थाने के बहरी भुलाईपुर निवासी भुईधर पाल लोक निर्माण विभाग में बेलदार पद पर तैनात था।
उसकी ड्यूटी ज्ञानपुर विधानसभा के जंगीगंज कुंलमनपुर बूथ संख्या 232 पर लगी थी। सोमवार को मतदान को खत्म कराकर समान पैकिंग कर बस में बैठकर मुख्यालय मशीन जमा करने आ रहा था। बस में उसकी तबीयत खराब होने लगी। कलेक्ट्रेट आने पर पीठासीन अधिकारी ने उनके पुत्र को फोन किया। पुत्र आया तो ज्ञानपुर चिकित्सालय में लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।