वाराणसी में पीएम मोदी की जनसभा: डीएम बोले- फसल के मुआवजे को लेकर भ्रम फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पीएम मोदी की जनसभा को लेकर कांग्रेस नेता अजय राय ने किसानों की खड़ी फसल काटने और उचित मुआवजा नहीं मिलने का मुद्दा उठाया तो कुछ लोगों ने हरी फसल कटने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर सवाल खड़ा करना शुरू कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में 25 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए चिन्हित खेत के मालिकों को मुआवजा नहीं मिलने की सूचना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने चेक के साथ किसानों की फोटो साझा की और कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों से सख्ती निपटा जाएगा।
दरअसल, कांग्रेस नेता अजय राय ने किसानों की खड़ी फसल काटने और उचित मुआवजा नहीं मिलने का मुद्दा उठाया तो कुछ लोगों ने हरी फसल कटने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर सवाल खड़ा करना शुरू कर दिया। इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि फसल की क्षतिपूर्ति किसानों को दी जा रही है।
पढ़ेंः सिद्धार्थनगर से दोपहर बाद बनारस आएंगे प्रधानमंत्री, 5200 करोड़ की देंगे सौगात
धान के निर्धारित समर्थन मूल्य 1940 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 11 किसानों को सोमवार की शाम तक चेक दे दिया गया था। शेष की धनराशि खाते में डाल दी जाएगी। क्षतिपूर्ति की सूची में 88 किसानों को रखा गया है। सरकार की ओर से घोषित समर्थन मूल्य 1940 रुपये प्रति क्विंटल है। निर्धारित इसी दर पर उक्त सभी किसानों को क्षतिपूर्ति दी जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्तूबर को दोपहर करीब दो बजे वाराणसी पहुंचेंगे। करीब दो घंटे के कार्यक्रम में पीएम मिर्जामुराद के मेहंदीगंज में सभा को संबोधित करेंगे। आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना लांच करने के साथ ही वाराणसी को पांच हजार दो सौ करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे।
पढ़ेंः कांग्रेस नेता अजय राय बोले- फसल काटकर रैली करना शर्मनाक, देश को अनाज चाहिए, मुआवजा नहीं
किसानों ने मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग की
उधर, कुछ किसानों ने मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग की है। किसान पुनवासी पटेल और दयाशंकर मालिक ने बताया कि सोमवार को एक बीघा में 10 क्विंटल धान के आधार पर केवल 1940 रुपये की दर से चेक देकर खेत में काम चालू कर दिया गया। उनकी मांग है कि प्रति बीघा 16 क्विंटल के आधार पर मुआवजा राशि मिलना चाहिए।
पढ़ेंः आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना का करेंगे शुभारंभ, काशी से दूसरी बड़ी योजना की शुरुआत
पीएम के मंच के सामने बनेंगे चार पांडाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच के सामने चार पांडाल बनाया जाएगा। सोमवार को खेतों को समतल कर सभा स्थल में खड़े बिजली के खंभों को हटवाया गया। टेंट ठीकेदार दीपक जैन ने बताया कि पांच लाख 40 हजार वर्गफीट में पांच पांडाल लगाए जाएंगे।
इसमें मंच के सामने चार पांडाल आम लोगों के लिए होंगे। सभा स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने एडिशनल एसपी नीरज पांडेय व एसडीएम राजातालाब सिद्धार्थ यादव भी पहुंचे।
हर बूथ से 10 मोटरसाइकिल लेकर जाएंगे युवा
पीएम की जनसभा में भागीदारी के लिए सोमवार को सर्किट हाउस में युवा, महिला एवं पिछड़ा मोर्चा की बैठक अलग अलग सत्रों में हुई। इसमें तय किया गया है कि युवा मोर्चा के पदाधिकारी प्रत्येक बूथ से 10 मोटरसाइकिल लेकर जाएंगे। महिला मोर्चा की पदाधिकारी प्रत्येक बूथ से एक महिला की भागीदारी कराएंगी। क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चन्द श्रीवास्तव ने कहा कि पूरी ताकत से काम करें।
बैठक में जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने स्वागत एवं महानगर अध्यक्ष विद्या सागर राय ने धन्यवाद दिया। इस दौरान नम्रता चौरसिया, संजय सोनकर, अभिषेक मिश्रा, अमन सोनकर, रजत जायसवाल मौजूद रहे। जिला मीडिया प्रभारी श्रीनिकेतन मिश्र ने बताया कि रैली की तैयारियों को लेकर सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र में 20 तथा रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में 18 शक्ति केन्द्रों पर बैठक सोमवार को सम्पन्न हुई।