Varanasi News: मासूम से दुर्ष्कम का एक आरोपी चढ़ा हत्थे, दर्जन भर लोगों से पूछताछ कर चुकी है पुलिस
Varanasi News: परिजनों के अनुसार 2 मई को खाना खाने के बाद रात लगभग 11 बजे परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। उसके बाद मासूम को प्यास लगी तो वह घर के सामने हैंडपंप पर गई थी। उसी दौरान एक नकाबपोश मासूम का मुंह दबाकर उसे उसके घर से लगभग 500 मीटर दूर सुनसान में स्थित एक स्कूल के समीप तालाब में ले गया।
विस्तार
पिंडरा के एक गांव की छह वर्षीय मासूम का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में उसके पड़ोस में रहने वाले चिरंजीव पटेल को फूलपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में चिरंजीव ने बताया कि मासूम के घर से चंद कदम की दूरी पर उसका ट्यूबवेल है। रोजाना रात में शराब पीने के बाद वह मासूम के घर के सामने से अपने ट्यूबवेल पर जाता था।
डीसीपी गोमती जोन मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि बीएचयू हॉस्पिटल से घर आने के बाद पीड़िता से बातचीत की गई। बातचीत के क्रम में ही पीड़िता ने घटनास्थल दिखाया और आरोपी की कद-काठी, बाल का रंग और उसकी आवाज के बारे में बताया। फूलपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने आरोपी चिरंजीव से कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो वारदात की गुत्थी परत दर परत सुलझती चली गई।
वारदात की रात वह मासूम के घर के सामने से गुजरा तो हैंडपंप पर उसे अकेला देख कर उसकी नीयत खराब हो गई। वह मासूम का मुंह दबाकर मछली पालन वाले अपने तालाब पर ले गया। वहां अपनी झोपड़ी में मासूम के साथ उसने दुष्कर्म किया और फिर उसे उसके घर से कुछ दूरी पर छोड़ कर चला गया।