फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   news update today in Varanasi Pornographic video clip of inspector viral FIR for threat

चर्चा में रहीं वाराणसी की ये खबरें : दरोगा की अश्लील वीडियो क्लिप वायरल, केस नहीं छोड़ने पर धमकी में FIR

Mon, 10 Feb 2025 11:02 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 10 Feb 2025 11:02 AM IST
सार

वाराणसी में एक पुलिसकर्मी का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मौजूदा समय में वह चंदौली जिले में तैनात है। वहीं, मुकदमें में पैरवी छोड़ने की धमकी और सोशल मीडिया पर गाली-गलौज के बीच अधिवक्ता ने चेतगंज थाने में केस दर्ज कराया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
news update today in Varanasi Pornographic video clip of inspector viral FIR for threat
वाराणसी में आज ये खबरें रहीं चर्चा में। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

News Update Today : एक दरोगा का अश्लील वीडियो क्लिप रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यह वीडियो क्लिप दरोगा के फेसबुक अकाउंट पर स्टोरी के रूप में लगा था। हालांकि कुछ देरी के बाद वीडियो क्लिप फेसबुक से हटा दिया गया। बताया जा रहा है कि दरोगा पहले कमिश्नरेट के चोलापुर थाने में तैनात था। 

विज्ञापन


मौजूदा समय में वह चंदौली जिले में तैनात है। वीडियो में दरोगा के साथ दिख रही युवती कौन है, इसे लेकर सोशल मीडिया पर तमाम तरह के कमेंट लिखे जा रहे हैं। वहीं, इस संबंध में पूछे जाने पर एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने कहा कि वीडियो में दिखने वाला शख्स मौजूदा समय में चोलापुर थाने में तैनात नहीं है।
विज्ञापन


मुकदमा नहीं छोड़ने पर धमकी में केस दर्ज
मुकदमें में पैरवी छोड़ने की धमकी और सोशल मीडिया पर गाली-गलौज के बीच अधिवक्ता ने चेतगंज थाने में केस दर्ज कराया। चेतगंज के पियरिया पोखरी निवासी उदयनाथ शर्मा ने बताया कि वह सामाजिक संगठन का केस देखता है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इस केस की पैरवी छोड़ने की धमकी चौक के बड़ी पियरी निवासी राजकुमार दे रहा है। सोशल मीडिया पर भी अभ्रद भाषा का इस्तेमाल करता है। मलदहिया में ऑटो स्पेयर्स की बिक्री करने वाले राजकुमार ने फोन पर धमकी दी है कि मुकदमा छोड़ दो नहीं तो परिणाम बुरा होगा। जान से हाथ धोना पड़ेगा। वह व्हाट्सएप ग्रुप पर आपत्तिजनक टिप्पणी करके सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। 

पीएचसी का रैन बसेरा बना बंदरों का अड्डा
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरहुआ में मरीजों के तीमारदारों के बनाए गए रैन बसेरे इन दिनों बंदरों का अड्डा बने हैं। इसमें जाली न होने से बंदरों अंदर घुस रहे हैं। इससे तीमारदारों में डर बना हुआ है। हाल ही में यहां विधायक अजगरा टी राम की पहल पर 11.03 लाख रुपए से रैन बसेरा बनवाया गया है।

प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के लिए 10-11 मीटर लंबा रैन बसेरा का बनवाया गया है। यहां जाली न होने के कारण कुछ मरीज और स्टाफ भी बंदर के हमले का शिकार हो चुके हैं। 

260 कैमरे खंगाल कर 48 घंटे में खोजे तीन किलो चांदी के गहने
बिहार से आए आभूषण व्यापारी के तीन किलो चांदी के गहने सोनारपुरा में एक ई-रिक्शा पर छूट गए। परेशान व्यापारी ने अपनी व्यथा भेलूपुर थाने की पुलिस को सुनाई। अस्सी चौकी इंचार्ज ने सोनारपुरा इलाके के तकरीबन 260 सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर ई-रिक्शा को चिह्नित किया। रविवार को रामनगर से ई-रिक्शा चालक को खोज कर उन्होंने व्यापारी के उनके गहने लौटाए तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। व्यापारी ने पुलिस का आभार जताया।

बिहार के रोहतास जिले के परसथुआ गांव निवासी रामेश्वर सेठ ने बताया कि गत 7 फरवरी को ठठेरी बाजार से तीन लाख रुपये में तीन किलो चांदी के गहने खरीदे थे। इसके बाद पांडेयहवेली से ई-रिक्शा पर सवार हुए और सोनारपुरा उतरे, लेकिन गहने वाला झोला लेना भूल गए। कुछ देर बाद झोले की याद आई तो ई-रिक्शा आंखों के सामने से ओझल हो चुका था। उन्होंने इसकी सूचना भेलूपुर थाने की पुलिस को दी तो रिपोर्ट दर्ज की गई। 

एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने बताया कि ई-रिक्शा को चिह्नित कर गहनों से भरा बैग खोजने की जिम्मेदारी अस्सी चौकी इंचार्ज दिगंबर उपाध्याय को दी गई थी। ई रिक्शा चालक ने गहनों से भरा बैग सुरक्षित रखा था। उससे गहने लेकर व्यापारी को सौंप दिया गया। 

वर्चुअल नंबर का इस्तेमाल करने वाला बजरडीहा का युवक हिरासत में 
बजरडीहा निवासी एक युवक को बीती रात भेलूपुर थाने की पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिया गया युवक वर्चुअल नंबर का इस्तेमाल करता है। वह मोबाइल फोन चोरी के मामलों में बड़ी गड़बड़ी कर रहा है। आशंका है कि वह साइबर क्राइम की घटनाओं को भी अंजाम दे रहा है। 

कुछेक जगह युवक ने खुद को क्राइम ब्रांच से भी बता कर उसका अनुचित लाभ अर्जित किया है। युवक से पूछताछ की जा रही है। सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, दूसरी ओर बजरडीहा इलाके में पुलिस के छापे और युवक को हिरासत में लिए जाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

बालिका के साथ बदतमीजी में केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
नीचीबाग कर्णघंटा निवासी बबली दीक्षित के खिलाफ चौक थाने में 10 वर्षीय बालिका से बदतमीजी और उसे परेशान करने के आरोप में चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बबली को गिरफ्तार कर लिया है। 

बालिका की मां ने पुलिस को बताया कि गत सात फरवरी को बबली दीक्षित उनकी बेटी के साथ बदतमीजी की थी। इससे पहले भी बेटी को बदनीयती के साथ परेशान करता रहता था। बबली की करतूत से उनकी बेटी सहमी हुई है। इस संबंध में चौक थानाध्यक्ष विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

गोमती नदी में डूबे मछुआरे का शव मिला
चौबेपुर के भगवानपुर गांव के पास गोमती नदी में मछली पकड़ने के दौरान नाव से गिर कर डूबे दीपू निषाद (25) का शव दूसरे दिन रविवार को मिल गया। भगवानपुर कैनाल के पास गोमती नदी में शव उतराया देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची चौबेपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भगवानपुर गांव निवासी दीपू शनिवार की शाम नाव लेकर गोमती नदी में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान वह नाव से गोमती नदी में गिर कर डूब गया था। 

अभ्रद टिप्पणी और मारपीट मामले में केस दर्ज
सिगरा थाना क्षेत्र के मिशन कंपाउंड निवासी महिला ने सोनिया के रहने वाले मनबढ़ पर केस दर्ज कराया है। पीड़िता रोजमेरी फ्रिस्क का आरोप है कि मनबढ़ आए दिन बेटी के बारे में अभद्र टिप्पणी और मोबाइल पर बेटे से गाली-गलौज करता है। कुछ दिन पहले बेटे से मारपीट कर धमकी भी दी। सिगरा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी आदित्य पांडेय के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

कर्मचारी को रेस्टोरेंट संचालक ने पीटा, मुकदमा
चांदमारी स्थित एक रेस्टोरेंट के कर्मचारी ने काम करने से मना किया तो संचालक ने उसे 10 लोगों के साथ मिल कर पीट दिया। कर्मचारी की तहरीर पर रेस्टोरेंट संचालक सचिन सिंह और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसे कमरे में बंद करके पीटा गया। रामनगर थाना क्षेत्र के डोमरी पड़ाव निवासी विनय श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि काम करने से मना किया। यह सुनकर सचिन ने कमरे में बंद कर पीटा। 

शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
14 लीटर कच्ची शराब बिक्री के आरोपी को पुलिस ने बीती रात बउरहवा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद राजभर के रूप में हुई है। 

भाजपा के पुराने कार्यकर्ता संगठन की नींव : रविंद्र 
शहर के एक होटल में रविवार को भाजपा के मैत्री मिलन समारोह में पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि भाजपा के पुराने कार्यकर्ता तराशे हुए पत्थर हैं। संगठन की नींव के पत्थर हैं। आपके अथक परिश्रम के कारण ही आज देश एवं प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। इस दौरान प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, पूर्व महानगर अध्यक्ष सुब्रमण्यम जोशी, आत्मा विश्वेश्वर, नरसिंह बाबा समेत अन्य मौजूद रहे। 

महिला को बातों में उलझाकर सोने के गहने, नकदी लेकर भागे
अंधरापुल के समीप एक महिला को पूजा-पाठ की बातों में उलझाकर दो उचक्के सोने की पांच अंगूठी, सोने का चार कड़ा, 80 हजार रुपये, कीमती साड़ियां, मोबाइल फोन और दवाएं लेकर भाग गए। घटना के संबंध में महिला की तहरीर पर चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जौनपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के सकरमंडी धन्नोपुर की रहने वाली रेखा साहू ने पुलिस को बताया कि वह गत चार फरवरी को वाराणसी आई थीं। उन्हें कबीरचौरा में अपनी बेटी शालिनी गुप्ता की ससुराल में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होना था। अंधरापुल पर वह कबीरचौरा जाने के लिए ऑटो ढूंढ़ रही थी। इसी दौरान दो युवक उनसे मिले और पूजा-पाठ की बात करने लगे। 

दोनों ने उनको अपनी बातों में उलझा लिया और उनके हाथ से सोने की दो अंगूठी और सोने का एक कड़ा उतरवाकर उनके बैग में रखवा दिया। उनके बैग में पहले से ही सोने की तीन अंगूठी, सोने का तीन कड़ा, 80 हजार रुपये, कीमती साड़ियां, दवाएं, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य सामान भी रखा था। इसके बाद उन्हें इधर-उधर की बातों में उलझाकर दोनों उनका बैग लेकर भाग गए।

गंगा में डूबने से दक्षिण भारतीय श्रद्धालु की मौत 
चौसट्ठी घाट पर गंगा में स्नान के दौरान डूबने से दक्षिण भारतीय श्रद्धालु की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया।  
कर्नाटक के बागलकोट जिले के नवानगर के सेक्टर-15 निवासी संतोष जोशी (45) काशी भ्रमण के लिए 35 लोगों के साथ आए थे। सुबह के समय चौसट्ठी घाट पर गंगा स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। जब तक कोई उन्हें बचाता, तब तक वह गहरे पानी में समा गए। 

जल पुलिस के मुताबिक, लोगों को बैरिकेडिंग के बाद गहरे पानी में नहाने से मना किया जा रहा है। इसके बावजूद लोग पुलिस की बातों को अनसुना कर गहरे पानी में स्नान करने चले जा रहे हैं। इस वजह से हादसे भी हो रहे हैं। वैसे पुलिस घाटों पर जागरूक करती है।

बरात में डांस करने के विवाद में चले लाठी-डंडे, पांच घायल
ककरमत्ता क्षेत्र में आई बरात में नाचने के दौरान कहासुनी पर दूल्हे के बड़े भाई सहित 28-29 लोगों ने लाठी-डंडे और रॉड से पिता-पुत्र सहित पांच लोगों पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। हमलावरों ने पिता-पुत्र की सोने की चेन भी छीन ली। फिर, सभी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।

बाग बरियार सिंह मुहल्ला निवासी प्रदीप चौरसिया की तहरीर के आधार पर भेलूपुर थाने की पुलिस ने लल्लापुरा के गौरव चौरसिया, चंदुआ सट्टी सिगरा के टुनटुन यादव, छित्तूपुर सिगरा के मानक सिंह, बाग बरियार सिंह मुहल्ले के संजीत कसेरा और 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

प्रदीप चौरसिया ने पुलिस को बताया कि गत सात फरवरी की रात वह पड़ोस में रहने वाले शिवम की बरात में ककरमत्ता गए थे। बरात में नाचने के दौरान उनके बेटे कौशिक की गौरव चौरसिया से कहासुनी हुई। कुछ देर बाद गौरव अपने दोस्त टुनटुन, दूल्हे के बड़े भाई संजीत कसेरा, मानक और 25 अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडे और रॉड लेकर आया।

सभी ने  उनके बेटे कौशिक पर इस तरह का हमला किया कि वह बेहोश हो गया। थानाध्यक्ष, भेलूपुर विजय नारायण मिश्र ने बताया कि  मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। 

पुस्तकालय में आजीवन सदस्यता नहीं मिलेगी
अर्दली बाजार स्थित राजकीय पुस्तकालय में अब आजीवन सदस्यता नहीं मिलेगी। पुस्तकालय के पंजीकृत सदस्यों को अब हर साल नवीनीकरण कराना होगा। पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को पहले 600 रुपये में जीवन भर के लिए सदस्याता दी जाती थी, लेकिन वर्ष 2025 से ये सुविधा बंद कर दी गई है। पुस्तकालय में इस समय 2600 सदस्य पंजीकृत हैं। मौजूदा भवन में 200 सदस्यों को बैठने की सुविधा है। बाकी के सदस्य अपने घर पर ही किताबों को घर ले जाकर पढ़ते हैं। पुस्तकालय में 50 हजार के करीब किताबें रखी गई हैं। 

11 तक पहुंच गया न्यूनतम तापमान
दो दिन से हवा में नमी ज्यादा होने से दिन में धूप असरदार नहीं हो रही है। इससे ठंड जैसा अहसास होने लगा। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में दो डिग्री सेल्सियस से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

रविवार को अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो औसत से 1.6 अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि इस सप्ताह मौसम साफ रहेगा। 

छह दिन में 31.55 लाख भक्तों ने किए बाबा के दर्शन
महाकुंभ के पलट प्रवाह में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में छह दिनों में 31.55 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। शनिवार को 6.21 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। बाबा दरबार में भी रोजाना भक्तों की लंबी लाइन लग रही है। मंदिर प्रशासन के अनुसार तीन फरवरी से दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। 

मंदिर के सीईओ विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में विशेष व्यवस्थाएं की हैं। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में तीन फरवरी को 584224, चार को 509133, पांच को 489223, छह को 456586, सात को 494854, आठ फरवरी को 621307 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। 

रविवार को पहुंचे सात लाख श्रद्धालु
पलट प्रवाह की भीड़ से काशी की गलियां हाउसफुल हो गई हैं। रविवार को करीब सात लाख भक्तों ने बाबा के दर्शन किए। शाम पांच तक ही करीब पांच लाख भक्त बाबा के दर्शन कर चुके थे। मौजूदा समय में रोजाना करीब रात एक बजे तक दर्शन चल रहे हैं। पलट प्रवाह में अब अखाड़े भी काशी पहुंचने लगे हैं। 

काशी विद्यापीठ के विद्यार्थी बनेंगे युवा उद्यमी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल (आईक्यूएसी) की ओर से आयोजित ऑनलाइन कार्यशाला में विद्यार्थियों को उद्यमी बनने से जुड़ी जानकारी दी गई। सहायक उपायुक्त उद्योग अजय गुप्ता ने विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

कहा कि इस योजना के माध्यम से युवा उद्यमी बनने की राह आसान हो जाएगी। इस दौरान विद्यार्थियों ने उद्यमी बनने से जुड़े सवाल पूछे, जिसका सहायक उपायुक्त ने जवाब दिया। निदेशक प्रो. नंदिनी सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से चलाई जा रही इस योजना के माध्यम से विद्यार्थी आगे चलकर उद्यमी बन सकेंगे। 

रोटरी क्लब नॉर्थ ने वाल्मीकि सेवा संस्थान को दी एंबुलेंस 
रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी नॉर्थ ने नौगढ़ के महर्षि वाल्मीकि सेवा संस्थान को सचल चिकित्सा सेवा के लिए एंबुलेंस प्रदान किया। क्लब के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल की अगुवाई में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारितोष बजाज ने संस्थापक राधेश्याम द्विवेदी को एंबुलेंस की चाबी भेंट की। 

राधेश्याम ने कहा कि इस क्षेत्र में 50 गांवों में चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। संस्थान के अध्यक्ष अनिल किंजवाडेकर ने रोटरी नॉर्थ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे चिकित्सा सेवा में काफी मदद मिलेगी। संस्थान की ओर से अतिथियों सहित सीए सतीश जैन, नीरज अग्रवाल, गणेश अग्रवाल, डॉ. अनिल राय, आतिश अग्रवाल, जीपी सिंह, विजय केसरी, अशोक सुल्तानिया, रत्नेश जैन, विजय केसरी, शिवम अग्रवाल, नरेंद्र अग्रवाल, अभिषेक सराफ, नंदकिशोर अग्रवाल, शिरीष अग्रवाल, नरेंद्र द्विवेदी, शैलेंद्र श्रीवास्तव का अभिनंदन किया गया। 

मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पारितोष बजाज ने कहा कि रोटरी क्लब के प्रयत्नों से ही देश में पोलियो उन्मूलन संभव हो पाया। इस दौरान असिस्टेंट गवर्नर मीना सिंह ने रोटरी इंटरनेशनल को पॉल हैरिस फैलोशिप के लिए अंशदान दिया। स्वागत क्लब अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, संचालन अतुल जायसवाल व धन्यवाद प्रकाश रुचि भार्गव ने किया। 

स्कूल एसोसिएशन का अधिवेशन 16 को
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन का तीसरा वार्षिक अधिवेशन 16 फरवरी को होगा। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर रविवार को लहरतारा स्थित एक विद्यालय में बैठक की गई। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय पटेल ने बताया कि प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन 16 फरवरी को वाराणसी में आयोजित होगा। संगठन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। अधिवेशन में भदोही, उन्नाव, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, चंदौली समेत प्रदेश के अन्य जिलों के विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य शामिल होंगे। 

आरटीई : आवेदन के लिए 9 दिन का मौका
शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत निजी विद्यालयों में निशुल्क प्रवेश के लिए तीसरे चरण के तहत नौ दिनों का मौका और रह गया है। बीते दो चरणों में 13 हजार 238 आवेदनों में से 9044 बच्चों को लॉटरी विधि से सीटें आवंटित की गई हैं।

गरीब परिवार के बच्चों को जिले के 1554 निजी विद्यालयों में निशुल्क प्रवेश चार चरणों में आवेदन मांगे गए हैं। पिछले साल एक दिसंबर 2024 से शुरू पहले और एक जनवरी 2025 से शुरू दूसरे चरण के तहत कुल 13 हजार 238 प्राप्त हुए थे। इनमें पहले चरण में 6118 बच्चों का प्रवेश आवंटन किया गया है। 

शोध में दाखिले के लिए आज से मिलेगा कॉल लेटर
बीएचयू में शोध में दाखिले की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो रही है। 10 फरवरी से शुरू होने वाली प्रवेश की प्रक्रिया 31 मार्च को पूरी होगी। शुरुआत में 10 से 13 फरवरी तक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन कॉल लेटर भेजा जाएगा। इसके बाद शैक्षिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन सहित अन्य प्रक्रिया पूरी करवाई जाएगी। 15 अप्रैल को चयनित विद्यार्थियों को विभाग में रिपोर्टिंग करने का समय दिया गया है। 

विश्वविद्यालय की ओर से 1540 सीटों पर शोध में दाखिला लिया जाएगा। पिछले दिनों पीएचडी बुलेटिन जारी होने के साथ ही विश्वविद्यालय की ओर से कॉल लेटर भेजने के साथ ही अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने की तिथि निर्धारित की गई। इसमें 10 से 13 फरवरी तक अभ्यर्थियों को कॉल लेटर भेजा जाएगा तो काउंसिलिंग के लिए डाॅक्यूमेंट सत्यापन और साक्षात्कार की प्रक्रिया 17 फरवरी से 5 मार्च तक पूरी करवाई जाएगी। 

अग्रवाल समाज ने शुरू की धर्मशाला
श्री काशी अग्रवाल समाज के आसभैरव नीचीबाग स्थित अग्रवाल भवन धर्मशाला का 51 साल बाद जीर्णोद्धार किया गया। इसका लोकार्पण रविवार को किया गया। समाज के दानदाताओं के सहयोग से आधुनिक सुविधाओं से युक्त धर्मशाला का लोकार्पण भवन के द्वार पर स्थापित शिवमंदिर में पूजन के साथ हुआ। समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवा और उनकी पत्नी रंजना अग्रवाल ने पूजन किया। इस अवसर धर्मशाला के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, मंत्री दीपक अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। 

पीएनबी का दो दिवसीय होम लोन एक्सपो संपन्न
पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय की ओर से दो दिवसीय होम लोन एक्सपो का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने किया। इस मौके पर सीसीएफ के चेयरमैन राकेश सिंह, जिला जज पीएन राय, बैंक के महाप्रबंधक प्रमोद तूफान, अंचल प्रबंधक दीपक सिंह, मंडल प्रमुख प्रभाष चंद्र लाल आदि मौजूद थे। एक्सपो में आवास ऋण, सोलर रूफ टॉप लोन, कार लोन आदि से संबंधित स्टाॅल लगाए गए। इस दौरान मुख्य प्रबंधक जैनेंद्र वर्मा, अभिषेक कुमार, रत्नाकर झा, राजेश कुमार सिंह, नीरज कुमार सिंह आदि मौजूद थे।

विद्यापीठ समन्वयक का कार्यकाल बढ़ा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंशकालिक कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम का कार्यकाल विस्तारित किया गया है। उपकुलसचिव हरिशचंद ने बताया कि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेशानुसार डॉ. गौतम का कार्यकाल 26 अप्रैल 2024 को पूरा हो गया था। इसे दो साल के लिए बढ़ा दिया गया है। 

विज्ञापन पाॅलिसी के लिए संस्था का होगा चयन
शहर में विज्ञापन पाॅलिसी को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए संस्था का चयन किया जाएगा। संस्था नगर निगम सीमा में विज्ञापनों के लिए सर्वे करेगी। उनकी सलाह के आधार पर विज्ञापन मद में पांच करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की जाएगी।

मेयर अशोक कुमार तिवारी ने इस वित्तीय वर्ष के लिए 6.5 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य दिया है। उपविधि के तहत विज्ञापन पाॅलिसी का उल्लंघन करने पर 2 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है। होर्डिंग की ऊंचाई 6.2 मीटर और चौड़ाई 12.4 मीटर से अधिक नहीं होनी चाहिए। 

बालकनी और बारामदे से लटकाए जाने वाले विज्ञापनों की लंबाई 2.5 मीटर और मोटाई 50 मिमी से अधिक नहीं रखी गई है। दो विज्ञापनों के बीच की दूरी 15 मीटर रखी गई है। निजी भवनों पर विज्ञापन लगाने से पूर्व भवन स्वामी से अनुमति लेनी होगी। अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार राय ने बताया कि जल्द उपविधि के अनुसार कार्य शुरू किया जाएगा। 

स्वास्थ्यकर्मियों को किया गया सम्मानित
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में आयोजित समारोह में स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया। अस्पताल परिसर में आयोजित समारोह में प्रमुख अधीक्षक डॉ. एसपी सिंह ने साल 2023 में एनक्वास कार्यक्रम को अच्छे अंक के साथ क्वालिफाई करने के लिए सभी स्वास्थ्यकर्मियों को स्मृति चिह्न, प्रमाणपत्र देकर सम्मान कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने भी स्वास्थ्यकर्मियों को अस्पताल के लिए अहम कड़ी बताते हुए उनके प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में डॉ. मुकुंदजी श्रीवास्तव, अफसाना खातून आदि मौजूद रहे। 

55 लोगों में मिली मोतियाबिंद की समस्या
आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान की ओर से बड़ागांव स्थित एक स्कूल में लगाए गए नेत्र परीक्षण शिविर में 310 लोगों ने आंखों की जांच करवाई। इनमें 55 ऐसे लोग चिह्नित किए गए जिनमें मोतियाबिंद की समस्या मिली। सभी को ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई।

विभागाध्यक्ष प्रो. आरपी मौर्य ने बताया कि शिविर में कुल 7 नेत्र सर्जन की टीम ने लोगों की जांच की। 48 क्षेत्रीय लोगों ने नेत्रदान करने का संकल्प लेते हुए पंजीकरण करवाया। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, डॉ. मानस, डाॅ. रिया श्रीवास्तव, अमितेश चंद्रा आदि मौजूद रहे। 

सत्यम शाखा के अध्यक्ष बने सचिन अग्रवाल
भारत विकास परिषद सत्यम शाखा के सत्र 2025-26 के अध्यक्ष सचिन अग्रवाल बने। सचिव शालिनी बरनवाल, कोषाध्यक्ष प्रदीप जायसवाल और महिला संयोजक कांता मालू बनीं। प्रांतीय चुनाव अधिकारी प्रमोद राम दुबे ने सभी को बधाई दी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने आभार व्यक्त करते हुए पूर्व अध्यक्षों के सानिध्य में काम करने की प्रतिबद्धता जताई। इस मौके पर अजीत मल्होत्रा, विष्णु सेठ, सुनील कपूर, पिंटू कुंदू, दादा अंशुमान मौजूद रहे। 

विद्यार्थियों ने जानीं नृत्य की बारीकियां
बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय के नृत्य विभाग में तीन दिवसीय कार्यशाला शुरू हो गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नृत्य की बारीकियां बताई गईं। कौस्तुभ जयंती के उपलक्ष्य में 10 फरवरी तक चलने वाली कार्यशाला में बड़ौदा यूनिवर्सिटी के नृत्य विभाग की अध्यक्ष डॉ. स्मृति वाघेला ने भरतनाट्यम की बारीकियां बताईं। इसके अलावा अहमदाबाद से इशिरा पारीक, रैना पारीक ने धमार ताल में तिहाई, टुकड़े, आमद आदि का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में नृत्य विभागाध्यक्ष डॉ. विधि नागर, डॉ. रंजना उपाध्याय, डॉ. खिलेश्वरी पटेल आदि मौजूद रहे। 

पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली निकली 
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में बीएड विभाग में चल रहे स्काउट गाइड के शिविर के दौरान रविवार को पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली निकाली गई। कुलसचिव राकेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

विश्वविद्यालय के दक्षिणी गेट से निकली रैली प्राचीन अध्यापक आवास, जगतगंज तिराहा, केंद्रीय कार्यालय से होते हुए विश्वविद्यालय के मुख्य भवन पर आकर समाप्त हुई। प्रो. विधु द्विवेदी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. विशाखा शुक्ला, डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. पुष्पा, डाॅ. मनु, डॉ. जयप्रकाश आदि मौजूद रहे। 

शौर्य न्यूरोलॉजी सेंटर में वर्षगांठ पर लगाया शिविर
शौर्य न्यूरोलॉजी सेंटर में 16वीं वर्षगांठ पर ब्रेन स्वास्थ्य जागरूकता एवं निशुल्क मस्तिष्क जांच शिविर लगाया गया। 225 लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। यहां फिजियोथैरेपी, बीएमआई, साइकोथैरेपी और शुगर आदि की जांच भी निशुल्क सेवा प्रदान की गई। सेंटर के निदेशक वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अविनाश चंद्र सिंह ने बताया कहा कि हम उच्च गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने स्वस्थ मस्तिष्क के लिए अच्छी नींद और व्यायाम का सुझाव दिया।

आरक्षण खत्म करने के लिए बिजली निगम को निजी हाथों में सौंपने की साजिश
सपा महानगर की ओर से रविवार को कैंट विधानसभा के सरायनंदन सेक्टर में उमेश यादव की अध्यक्षता में चौपाल का आयोजन किया गया। महानगर महासचिव योगेंद्र यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार बिजली निगम को निजी हाथों में सौंपकर एक बड़ी साजिश के तहत आरक्षण को खत्म करना चाहती हैं। 

महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि इस सरकार में गरीबों, मजदूरों, अल्पसंख्यक वर्ग के लिए कोई कार्ययोजना नहीं है। पूजा यादव, जाहिद नासिर, इम्तियाज गामा, अनिल सिंह पटेल, आलोक सोनकर, आलोक गुप्ता आदि ने विचार रखे। 

वहीं उत्तरी विधानसभा में अजय चौधरी की अध्यक्षता में जगतगंज सेक्टर में पीडीए चर्चा प्रशांत सिंह (पिंकू) के नेतृत्व में हुई। इसमें पूर्व मंत्री मनोज राय धूप चंडी ने कहा कि जब तक पीडीए के लोग एकजुट नहीं हो जाते तब तक सरकार वंचितों का शोषण करती रहेगी। दक्षिणी विधानसभा के हनुमान फाटक सेक्टर में अजहर अली सिद्दीकी के अध्यक्षता में चर्चा हुई। 

भ्रष्टाचार को उजागर करती है सज्जनता का दंड
मुंशी प्रेमचंद की कहानी ‘सज्जनता का दंड’ समाज और शासन तंत्र में फैले भ्रष्टाचार को उजागर करती है। प्रेमचंद की कहानियां देश-विदेश में भी पढ़ी और सराही जाती हैं। प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र ट्रस्ट की ओर से लमही में साहित्यकारों ने ये विचार रखे।

सज्जनता का दंड का पाठ प्रो. प्रकाश उदय ने किया। संरक्षक प्रो. श्रद्धानंद, निदेशक राजीव गोंड, नरेंद्रनाथ मिश्र और डॉ. संजय श्रीवास्तव ने किया। संचालन आयुषी दूबे, स्वागत मनोज विश्वकर्मा और धन्यवाद डाॅ. राजेश ने किया।

अस्सी पर अचेत हुआ पर्यटक 
गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने पर रविवार को जल पुलिस और पर्यटक पुलिस ने एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। पटना के बिहटा अल्हनपुरा के रहने वाले अनिल कुमार (67) अपने परिजनों के साथ काशी दर्शन को आए। गंगा स्नान के दौरान अस्सी घाट पर अचेत हो गए। बेटे चंदन कुमार की सूचना मिलते ही जल पुलिस और पर्यटक पुलिस ने श्रद्धालु को अस्पताल भिजवाया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed