नए साल में बीएचयू में सर्टिफिकेट व डिप्लोमा कोर्स की सौगात, इसी महीने बैठक में लग सकती है मुहर
बीएचयू वाराणसी में नए साल में छात्र-छात्राओं को कई नए पाठ्यक्रम की सौगात मिलेगी। सर्टिफिकेट कोर्स के साथ ही अलग-अलग संकायों में बने सेंटर में डिप्लोमा कोर्स शुरू करने की तैयारी है। इसमें दृश्य कला, सामाजिक विज्ञान और कला संकाय में कोर्स चलाए जाने हैं। इसी महीने विद्वत परिषद की बैठक बुलाई जा सकती है, जिसमें मंजूरी मिलने की संभावना हैं।
बीएचयू में दृश्य कला संकाय के तहत चलने वाले डिजाइन इन्नोवेशन सेंटर में भी नए कोर्स की शुरुआत हो रही है। इसमें जहां छात्र डिजाइन इन्नोवेशन में छह महीने के सर्टिफिकेट कोर्स में दाखिला ले सकेंगे, वहीं दो महीने के सर्टिफिकेट कोर्स के जरिए इंटरेक्टिव वेब और मोबाइल एप्लीकेशन डेवलपमेंट का कोर्स कर सकेंगे। दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षाएं भी छात्रों को देनी पड़ेगी। डिजाइन इन्नोवेशन सेंटर में चलने वाले दोनों नए कोर्स बीएचयू में अध्यनरत छात्र-छात्राओं के लिए ही है और 15 जनवरी तक इसमें आवेदन किया जा सकेगा। आगे पढ़ें, मैथिली सेंटर में भी कोर्स...
तैयार हो रहा दीनदयाल-अटल सेंटर का कोर्स
सामाजिक विज्ञान संकाय के तहत दीनदयाल उपाध्याय सेंटर और अटल सेंटर के तहत भी नए कोर्स तैयार कराए जा रहे हैं। कोर्स बनाए जाने के लिए गठित समिति ने भी कोर्स तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी महीने में विद्वत परिषद की बैठक होने की भी संभावना है, जिसमें इसको मंजूरी मिल सकती है।
मैथिली सेंटर में भी चलेंगे कोर्स
कला संकाय के तहत मैथिली सेंटर की स्वीकृति के बाद यहां भी सर्टिफिकेट, डिप्लोमा कोर्स शुरू कराया जाना है। सह समन्वयक डॉक्टर वंदना झा के निर्देशन में इस दिशा में काम शुरू हो गया है। जल्द ही कोर्स चलाये जाने का फैसला हो सकता है।