फायरिंग रेंज जाते समय पुल से गिरी पुलिस की बोलेरो, छह घायल, दो पुलिसकर्मी गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनभद्र से सटे मध्यप्रदेश के बरगवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर गांव के पास मंगलवार सुबह मध्यप्रदेश पुलिस की बोलेरो बड़ोखर पुल के पास बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में सब इंस्पेक्टर सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिसकर्मी बोलेरो में सवार हो चितरंगी क्षेत्र में स्थित फायरिंग रेंज जा रहे थे। रास्ते में बड़ोखर गांव के पास पुल पर बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पुलिस वाहन के चालक ने नियंत्रण खो दिया और बोलेरो कई फीट नीचे गिर गई। हादसे में बोलेरो वाहन में बैठे सभी पुलिसकर्मी व चालक घायल हो गए। घटना के बाद बड़ोखर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर बरगवां थाने की पुलिस पहुंची। सभी घायलों को एनसीएल के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय ले जाया गया। इस हादसे में सहायक प्रधान आरक्षक एलएन द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रमेश कोल, रामचरण सतनामी, आरक्षक अरविंद रावत एवं चालक लाल बहादुर केवट सहित आरक्षक गणेश रावत व बृजेंद्र धाकड़ घायल हो गए।
कुशल क्षेम जानने पहुंचे पुलिस अफसर
बरगवां में हुई दुर्घटना में घायल पुलिसकर्मियों का हाल जानने पुलिस विभाग के अधिकारी एनसीएल के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय पहुंचे। दोपहर करीब दो बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर, सीएसपी देवेश पाठक, मोरवा एसडीओपी राजीव पाठक एवं मोरवा थाने के निरीक्षक मनीष त्रिपाठी चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हाल जाना। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजीव पाठक ने बताया कि चालक लालबहादुर केवट एवं प्रधान आरक्षक रमेश कोल को स्पाइनल एवं अंदरूनी चोटें होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया है। वहीं चार अन्य कर्मियों को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।