मां ने प्रेमी संग मिलकर की थी बेटे की हत्या, दो साल बाद खुला राज
मऊ जिले के हरदसपुर गांव निवासी नवविवाहिता ने अपनी सास को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। उसने अपने पति को भी यह बात बताई। अगली रात बेटे ने भी मां को उसी अवस्था में देख विरोध जताया तो मां ने प्रेमी के साथ मिलकर बेहरमी से उसकी पिटाई कर दी थी। उसकी मौत आठ मई 2018 को बीएचयू ले जाते समय रास्ते में हो गई थी।
मृतक की मां ने उल्टे बलिया निवासी पिता और तीन भाइयों सहित बहू के विरुद्ध बेटे को जहर देकर मार डालने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया। लंबे समय तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इस बीच पीएम रिपोर्ट का अध्ययन करते ही विवेचक हैरत में पड़ गए। जहर देकर मार डालने का आरोप लगाकर तहरीर दी गई थी जबकि पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर में गंभीर चोट लगना बताया गया था। विवेचक ने मृतक की पत्नी के मायके जाकर पूछताछ की।
पत्नी विनीता के बयान, विवेचना और पीएम रिपोर्ट के आधार पर विवेचक ने मृतक मनजीत की हत्या में उसकी मां इंदुकला पांडेय और उसके प्रेमी डुमराव निवासी मुन्ना सिंह का हाथ होना पाया। विवेचक राधेश्याम सरोज ने इन दोनों के विरुद्ध केस दर्ज करा दिया।
पुलिस ने आरोपी इंदुकला पांडेय और डुमराव निवासी सत्यनारायण सिंह उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। इस मामले को लेकर गांव में काफी चर्चा है। एसओ डीके श्रीवास्तव का कहना है कि पीएम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आरोपी मृतक की मां और उसका प्रेमी निकले। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।