पूर्वांचल में सर्दी का सितम, ठंड के कहर ने ली अब तक 20 लोगों की जान
ठंडी हवाओं के चलते पूर्वांचल में शीतलहर का प्रकोप रहा है। पहाड़ी इलाकों से कोल्ड फ्रंट के असर से ही ठिठुरन बढ़ी है और सोमवार को कोहरा छाया रहा। हालांकि सोमवार को धूप निकली, फिर लोगों को थोड़ी-बहुत ठंड से राहत मिली। लेकिन बुजुर्गों पर सर्दी अभी भी सितम ढाह रही है। पूर्वांचल में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है।
बलिया-भदोही-चंदौली में चार, जौनपुर में तीन, आजमगढ़ में दो, वाराणसी-मिर्जापुर-गाजीपुर में एक-एक की मौत हो गई है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री पर पहुंच गया था। धूप खिलने की वजह से शनिवार से तापमान बढ़ने लगा। हालांकि गलन में कोई कमी नहीं आई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं रविवार को यह बढ़कर 22 डिग्री तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 9.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि वार्म फ्रंट की वजह से बादल छाए हैं, लेकिन बनारस और आसपास के जिलों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मंगलवार से एक बार फिर कोल्ड फ्रंट का असर दिखेगा और ठंड बढ़ने के साथ ही तापमान में भी कमी आएगी। वाराणसी में मंगलवार को एक वृद्ध की मौत हुई है।
पांच दिन पहले बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदल गया है। यह कोल्ड फ्रंट का ही असर है कि मंगलवार सुबह पहले बादल छाए रहे और बाद में धूप भी खिली लेकिन वह भी असरदार नहीं रही। अब तो शीतलहर भी कंपकंपी छुड़ाने लगी है। मौसम में बदलाव का असर है कि पिछले 24 घंटे में तापमान में भी भारी कमी दर्ज की गई है। वहीं शहर में ठंड से एक वृद्ध की मौत हो गई।
बलिया में चार की जान गई :
दया छपरा थाना क्षेत्र की टांड़ी निवासी शिवमुनिया देवी(92) और नवानगर क्षेत्र के पुरूषोत्तम पट्टी गांव के रहने वाले शिवशंकर राजभर(62) की शनिवार को ठंड लगने से मौत हो गई। रतसर कस्बा के उत्तरी क्षेत्र निवासी हीरा राजभर(70) की ठंड लगने से शनिवार को मौत हो गई। वह शौच के लिए खेत में गया था। लौटते समय ठंड लगने से कांपते हुए गिर पड़ा। वह किसी तरह घर पहुंचा। परिजन उसे सीएचसी ले गये, जहां चिकित्सा के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। घर आने के बाद सायंकाल उनकी मौत हो गई।
वहीं बांसडीह कस्बा स्थित वार्ड नंबर- 8 निवासी शमीम अहमद अंसारी(18) पुत्र बेचू दो दिन पहले परीक्षा देने के लिए लखनऊ गया हुआ था। इसी बीच उसे ठंड लग गई। घर आने पर उसका इलाज जिला चिकित्सालय पर कराया जा रहा था कि इलाज के दौरान ही शनिवार की शाम उसकी मौत हो गई।
भदोही में चार की मौत :
सोमवार को सुरियावां क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुर चक कुशही निवासी पुराने जोखुराम गौतम(67) की भीषण शीत लहर से ठंढ लगने से कल शाम मौत हो गई। वहीं भदोही कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर गांव में रविवार की शाम को विशंभर दास मौर्य(70) को ठंड लग गई। इससे अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। आनन-फानन में परिजन अपने निजी वाहन से अस्पताल ले जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
डीघ ब्लॉक के गोधना गांव निवासी रामलाल सरोज(68) की ठंड लगने से मौत हो गई। परिवार वालों ने बताया कि शुक्रवार की रात में शौच करने गए थे। वहां से लौटने के बाद पेट में दर्द हुआ तो अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसी तरह अभोली अर्जुनपुर गांव निवासी इंद्रावती देवी(31) पुत्री छोटेलाल बिंद की ठंड लगने से मौत हो गई।
चंदौली में चार की मौत :
रहमत अपने भाई के साथ बिहार से सीमांचल एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे। दोनों भाई कोच संख्या चार के सीट संख्या 40 पर यात्रा कर रहे थे। इस बीच पीडीडीयू जंक्शन से पहले रहमत(32) ठंड लगने से उसकी हालत खराब होने लगी और मौत हो गई। साथ में चल रहे उसके भाई ने घटना की सूचना रेलवे कंट्रोल को दी। रविवार को भी बलुआ थाना क्षेत्र चहनिया गांव के निवासी महेद्र चौहान(50) सुबह के शौच के लिए बाहर निकले थे। घर लौटते समय ठंड लगने से उनके पेट मे दर्द व उल्टी होने लगी। परिवार वाले आनन-फानन में अस्पताल ले जाने लगे इस दौरान रास्ते मे उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार मे कोहराम मच गया।
बलुआ थाना क्षेत्र के सोनहुला पुरा निवासी विजय कनौजिया(23) गुरुवार की शाम सिवान में शौच के लिए गया था। ठंड लगने से पेट में दर्द होने लगा। घर आते ही परिवार के लोग नजदीक के निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने ठंड लगने की बात बताई। इलाज के बाद घर आ गया। शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई। सकलडीहा थाना क्षेत्र के ईटवा गांव निवासी कोमल यादव(65) रविवार की भोर में घर से खेतों की ओर जाने को निकले, तो उन्हें ठंड लगने से मौत हो गई।
आजमगढ़ और जौनपुर में पांच की मौत :
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाने के देवरिया खालसा गांव निवासी रामकुंवर राम(50) अधेड़ की शुक्रवार की रात ठंड लगने से मौत हो गई। परिवार के लोग बगैर पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, कप्तानगंज स्थानीय थाना क्षेत्र के रसूलपुर उर्फ पासीपुर गांव निवासिनी एक महिला की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। जांच के लिए पहुंचे डॉक्टर ने ठंड से महिला के मौत होने की आशंका व्यक्त की। वहीं जौनपुर जिले में भी अब तक तीन लोगों की ठंड से मौत हो चुकी है।