मल्हनी उपचुनाव: आचार संहिता के उल्लंघन में धनंजय सिंह और लकी यादव पर केस दर्ज
- बिजली के पोल पर लगाए गए थे चुनाव प्रचार के स्टीकर
- निर्दल प्रत्याशी के स्टीकर लगी 11 बाइकें जब्त, 12 लोगों पर केस
विस्तार
जौनपुर में मल्हनी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान आचार संहिता की अनदेखी पर पुलिस ने सपा प्रत्याशी लकी यादव और निर्दल उम्मीदवार धनंजय सिंह पर केस दर्ज किया है। दोनों के विरुद्ध सरकारी पोल पर स्टीकर लगवाने का आरोप है।
इसके अलावा पुलिस ने बाइक पर निर्दल प्रत्याशी का स्टीकर लगाकर चल रहे 12 लोगों पर भी कार्रवाई की है। उनके विरुद्ध केस दर्ज करते हुए 11 बाइक जब्त कर ली गई है।
सीओ सिटी रणविजय सिंह और लाइन बाजार एसओ जयप्रकाश सिंह ने गश्त के दौरान रसैना मोड़ के पास एकत्रित वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान आठ बाइक पर निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह का स्टीकर लगा हुआ था। आचार संहिता के उल्लंघन पर आठों बाइक व 500 स्टीकर जब्त कर लिए गए। छह लोगों के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
सरायख्वाजा एसओ सुधीर कुमार आर्य ने फोर्स के साथ भ्रमण के दौरान सपा प्रत्याशी लकी यादव और निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह का स्टीकर बिजली के पोल पर चिपका पाया गया। सपा नेता जयहिंद यादव की ओर से भी स्टीकर चिपकाया गया था। पुलिस ने लकी यादव, जयहिंद यादव और धनंजय सिंह के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया। वहीं सिकरारा थाना क्षेत्र के शेरवां बाजार में धनंजय सिंह का स्टीकर लगा तीन बाइक जब्त करते हुए पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया।
गांव में पहुंची फोर्स, मचा हड़कंप
बक्शा थाना क्षेत्र के भिवरहां गांव में सोमवार की शाम अचानक भारी संख्या में पुलिस-पीएसी के जवानों के पहुंचने से हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए निर्दल प्रत्याशी के समर्थन में वाहनों का काफिला लेकर कुछ लोग प्रचार कर रहे हैं।
एक वाहन पीएसी और पुलिस के जवानों ने गांव को घेरकर तलाशी शुरू की। मौके पर तीन लग्जरी वाहन पाए गए, मगर उसके अंदर कोई प्रचार सामग्री नहीं थी। चालक से पूछताछ कर और वाहनों की फोटो लेकर टीम लौट गई। तीनों वाहन सुल्तानपुर के दो चर्चित भाइयों के बताए जा रहे हैं।