महामना की पुण्यतिथि पर विशेष: महामना अभिलेखागार में मालवीय जी का जीवन दर्शन, 1 लाख से अधिक पेजों के दस्तावेज का संग्रह
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) जैसे शिक्षा के बड़े केंद्र की स्थापना करने वाले महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के जीवन दर्शन के बारे में अब आपको हर जानकारी एक ही जगह मिल जाएगी। बीएचयू में महामना अभिलेखागार में महामना के जीवन से जुड़ी हर छोटी, बड़ी घटनाओं, उनके योगदान, सरकारी दस्तावेज सहित अन्य जगहों से मिले महत्वपूर्ण कागजातों का दस्तावेजीकरण कराया जा रहा है।
मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में बने अभिलेखागार में एक लाख से अधिक पेज के इस दस्तावेज में स्वतंत्रता आंदोलन में महामना की भूमिका, बीएचयू की स्थापना, महापुरुषों से उनकी बातचीत से जुडे़ प्राचीन अभिलेख, दुर्लभ छायाचित्रों को भी सहेजा जा रहा है। इससे शिक्षकों के साथ ही आने वाले दिनों में शोध करने वालों को भी मदद मिलेगी।
भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की पुण्यतिथि 12 नवंबर को हैं। इस दिन लोग उन्हें अपने-अपने ढंग से श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। इस बीच मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में महामना अभिलेखागार के संयोजक ध्रुव कुमार महामना के जीवन दर्शन से जुड़े हर एक संस्मरण को सहेजने में लगे हैं। पिछले सात साल से वह इस दिशा में काम कर रहे हैं।
दो साल में हो जाएगा दस्तावेजों का संग्रह
ध्रुव कुमार के मुताबिक बीकानेर की लाइब्रेरी, सहित देश के विभिन्न जगहों पर बनी लाइब्रेरी से महामना से जुड़े संस्मरण, यादगार तस्वीर, महामना द्वारा बीएचयू स्थापना सहित अन्य कार्यों के लिए लोगों को लिखे गए पत्र, सरकारी दस्तावेज सहित देश के विभिन्न जगहों पर लाइब्रेरी में पड़े अभिलेखों को मंगाया जा रहा है। दो साल में दस्तावेज का संग्रह हो जाएगा। इसका डिजिटलीकरण भी किया जा रहा है।
वैदिक विज्ञान केंद्र में लगेगी आदमकद प्रतिमा
बीएचयू परिसर में बने वैदिक विज्ञान केंद्र परिसर में महामना की आदमकद प्रतिमा भी लगाई जाएगी। केंद्र के समन्वयक प्रो. उपेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि दूसरे चरण में केंद्र में जब काम शुरू होगा तो यहां महामना की प्रतिमा लगाई जाएगी। जिससे यहां आने वाले लोग महामना के विचारों से प्रेरित हो सकें।