Mahakumbh 2025: महाकुंभ मेले में नहीं होगी बिजली कटौती, बिछाई जाएगी 182 किमी एचटी, 1405 किमी एलटी लाइन
Mahakumbh 2025: महाकुंभ मेले में बिजली कटौती नहीं होगी। इसके लिए 182 किलोमीटर एचटी और 1405 किमी एलटी लाइन बिछाई जाएगी। पूर्वांचल डिस्कॉम ने इसकी तैयारी कर ली है। वहीं विद्युत व्यवधान होने पर स्वचलित आरएमयू से 30 सेकेंड में आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
विस्तार
प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ 2025 में निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति मिलती रहे, इसके लिए पूर्वांचल डिस्कॉम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके लिए 182 किलोमीटर एचटी लाइन का निर्माण और 1405 किलोमीटर एलटी लाइन बिछाई जा रही है। इसके साथ ही 67000 एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं।
विद्युत आपूर्ति के लिए पूर्वांचल डिस्कॉम ने की ये तैयारी
पूर्वांचल डिस्कॉम ने जारी किए पत्र में कहा कि महाकुंभ के दौरान विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए सभी स्थानों पर वैकल्पिक स्रोत सुनिश्चित किए गए हैं। इनकी आपूर्ति सात विद्युत उपकेंद्रों और 33/11 केवी के 14 उपकेंद्रों से की जाएगी। इसके लिए (रिंग मेन यूनिट) आरएमयू की स्थापना की गई। इसकी मदद से आपूर्ति बाधित नहीं होगी। यदि किसी कारण से विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो सिर्फ 30 सेकंड में खुद ही सामान्य हो जाएगी। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट के लिए 11/0.4 केवी उपकेंद्रों पर डीजी सेट की स्थापना की गई है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए की जा रही ये व्यवस्था
डिस्कॉम के मुताबिक श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मेला क्षेत्र में सभी एचटी और एलटी लाइनों की गार्डिंग और एचटी व एलटी पोल की अर्थिंग कराई गई है। साथ ही कैंप में कंड्यूक्ट पाइप के माध्यम से ही वायरिंग कराई जा रही है, जिससे कि किसी भी तरह की शॉर्ट-सर्किट के कारण आग लगने की घटना पर रोक लगाई जा सके। अधिकतर उपकेंद्रों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। जल्द ही बाकी काम भी पूरे कर लिए जाएंगे।
हाइब्रिड सोलर स्ट्रीट लाइट का हो रहा प्रयोग
महाकुंभ में नवीन प्रयोग के रूप में हाइब्रिड सोलर स्ट्रीट लाइट का प्रयोग किया जा रहा है। ताकि ऊर्जा की खपत में कमी लाई जा सके। इसके अतिरिक्त आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों को समय से पूर्ण करने हेतु विद्युत तंत्र उपलब्ध न होने वाले स्थानों पर डीजी सेट से ऊर्जीकृत हाई मास्ट लाइट का प्रयोग किया जा रहा है।