कायाकल्प योजनाः बीएचयू अस्पताल की इमरजेंसी को सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में शिफ्ट करने की तैयारी
आईएमएस बीएचयू में एम्स जैसी सुविधा देने के लिए कायाकल्प योजना के तहत कार्य कराया जाना है। बजट जारी होने के बाद कुछ दिनों से काम चल रहा है।
विस्तार
बीएचयू अस्पताल की इमरजेंसी को अब सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक (एसएसबी) में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। वर्तमान में कायाकल्प योजना के तहत इमरजेंसी की पुरानी बिल्डिंग में जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। कामकाज के दौरान मरीजों को परेशानी न हो, इसलिए इमरजेंसी को शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। इस दिशा में तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। जल्द ही औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
बीएचयू की इमरजेंसी में वाराणसी और आसपास के जिलों के साथ ही बिहार और झारखंड से मरीज बेहतर इलाज के लिए आते हैं। वर्तमान में पुरानी बिल्डिंग में बने वार्ड के साथ ही नई बिल्डिंग के हर वार्ड में बेड फुल है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को स्ट्रेचर पर भी भर्ती किया जा रहा है।
आईएमएस में एम्स जैसी सुविधा देने के लिए कायाकल्प योजना के तहत कार्य कराया जाना है। बजट जारी होने के बाद कुछ दिनों से काम चल रहा है। पुराने भवनों की मरम्मत के साथ ही मरीजों की सुविधा के लिहाज से अन्य जरूरत के सामान भी मंगाए जा सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार बहुत हद तक इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर औपचारिकता पूरी होने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। फिलहाल एसएसबी में भूतल पर मरीजों को भर्ती करने की सुविधा रहेगी। यही पर मरीजों के पंजीकरण की सुविधा भी मिलने की संभावना है।
इमरजेंसी में अव्यवस्था के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन
बीएचयू अस्पताल की इमरजेंसी में अव्यवस्था पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सवाल उठाने के बाद अब कार्यकर्ताओं ने भी विरोध शुरू कर दिया है। शुक्रवार को सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के एमएस कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
इसमें इमरजेंसी में स्ट्रेचर का संकट, मरीजों को आईवी फ्लूड(इंट्रावेनस फ्लूड) चढ़ाने के लिए स्टैंड की कमी आदि अव्यवस्थाओं को दूर करने की मांग की है। प्रकोष्ठ के महानगर महासचिव अमन यादव ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गई तो जल्द ही धरना, प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस दौरान मनोज यादव, रविदास, रोशन पटेल आदि मौजूद थे