काशी विश्वनाथ के अब कर सकेंगे वर्चुअल दर्शन, वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होगा रुद्राभिषेक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुनिया भर के श्रद्धालु घर बैठे काशी विश्वनाथ की पूजा-अर्चना कर सकेंगे। काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने रविवार को देश-विदेश में बसे बाबा के भक्तों को वर्चुअल दर्शन कराने और कार्यक्रमों के सजीव प्रसारण का निर्णय लिया है। निर्धारित शुल्क देने पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रुद्राभिषेक भी कराया जाएगा।
इसमें मंदिर परिसर में वीडियो कांफ्रेंसिंग के लिए संसाधन विकसित होंगे और निर्धारित बुकिंग पर वेबसाइट के जरिए अभिषेक कराया जाएगा। न्यास ने मंदिर दर्शन के साथ ही गंगा दर्शन, अतिथि गृह, गंगा आरती, क्रूज से घाटों के दर्शन और प्रसाद सहित अन्य सुविधाओं के पैकेज को अनुमोदित किया है।
काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद के आचार्य अशोक द्विवेदी और श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद की बैठक अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी की अध्यक्षता में रविवार को आयुक्त सभागार में हुई। इसमें तय किया गया कि बाबा विश्वनाथ के अभिषेक के लिए शुद्ध दूध की उपलब्धता के लिए निराश्रित गोवंश गोद लिए जाएंगे।
विशेष मौकों पर भक्तों को झांकी दर्शन कराया जाएगा। राजस्व में बढ़ोतरी के लिए मंदिर एवं गंगा दर्शन की विभिन्न सुविधाएं पैकेज के रूप में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध होंगी। मंदिर के आसपास क्षेत्र में छुट्टा पशुओं के घूमने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही चंदौली के सकलडीहा स्थित कालेश्वर नाथ मंदिर के सुंदरीकरण का प्रस्ताव भी पारित हुआ।
बैठक में विश्वनाथ मंदिर के वित्तीय वर्ष 2018-19 में 25 करोड़ आय और 2019-20 के अनुमानित बजट 35 करोड़ रुपये का अनुमोदन किया गया। हेल्प डेस्क से छह करोड़ रुपये अतिरिक्त आय का प्रस्ताव है। ध्वस्तीकरण वाले क्षेत्र को मंदिर विस्तारीकरण के लिए प्रयोग करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ।
काशी विश्वनाथ धाम के डीपीआर को मंजूरी :
बैठक में काशी विश्वनाथ धाम की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट और प्रस्तावित बजट 419.79 करोड़ रुपये को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। अब राजकीय निर्माण निगम और कंसलटेंट कंपनी के निरीक्षण के बाद आगे की कार्ययोजना बनाई जाएगी।