कारगिल विजय दिवस: बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि, सैनिक आश्रितों का हुआ सम्मान; शहीदों का किया याद
Varanasi News: कारगिल विजय दिवस पर वाराणसी में विभिन्न स्थानों पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों और युवाओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को नमन किया। कई स्थानों पर रक्तदान शिविर, तिरंगा यात्रा और देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए।
विस्तार
कारगिल विजय दिवस पर रविवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में वीर शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ग्रुप कैप्टन अशोक पांडे (वायु सेना मेडल-वीरता) ने किया।
वाराणसी के कारगिल योद्धाओं, पूर्व सैनिकों, सैनिक आश्रितों और कार्यालय कर्मचारियों ने कारगिल युद्ध में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीद सैनिकों के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कारगिल योद्धा सिपाही अलीम अली, हवलदार अजय कुमार सिंह और वीर नारी प्रमिला देवी को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।कारगिल योद्धाओं ने युद्ध के दौरान अपने अनुभव साझा किए। कार्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया।
ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय ने कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के तीनों अंगों के अदम्य साहस और वीरता को याद किया। करीब 150 पूर्व सैनिकों और आश्रितों ने बलिदानियों को सदैव स्मरण रखने और उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
बीएचयू में शहीदों को दी श्रद्धांजलि :बीएचयू की एबीवीपी इकाई ने कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। विश्वनाथ मंदिर में रविवार को प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को के अदम्य साहस और शौर्य को याद किया गया। छात्र-छात्राओं ने भाषण और काव्य पाठ से कारगिल युद्ध पर अपनी प्रतिभा बताई।
आयुष, अनुष्का, समर्थ, शिवम सहित कई प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से वीर सैनिकों के साहस, पराक्रम और बलिदान को याद किया। इकाई के पदाधिकारियों ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें भारतीय सेना के साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की याद दिलाता है। देश के वीर सैनिकों का बलिदान सदैव राष्ट्र के युवाओं को प्रेरणा देता रहेगा।
हॉस्टल में मरीजों के लिए 61 यूनिट रक्तदान : बीएचयू में कारगिल विजय दिवस पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन छात्रावास में लगे शिविर में मरीजों के लिए 61 यूनिट रक्तदान हुआ।