जौनपुर में शिक्षक ने की छात्राओं से छेड़खानी, परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस
यूपी के जौनपुर में इंटर कॉलेज की चार छात्राओं ने एक शिक्षक पर छेड़खानी और मारपीट का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने स्कूल में हंगामा किया। परिजनों ने शिक्षक की पिटाई भी की। छात्राओं की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। देर शाम आरोपी शिक्षक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया।
मड़ियाहूं नगर स्थित एक विद्यालय में पढ़ने वाली 12वीं की चार छात्राओं ने सोमवार को कोतवाली पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। आरोप लगाया कि विद्यालय का एक अध्यापक आए दिन छात्राओं से मारपीट व छेड़खानी करता रहता है। इसकी शिकायत प्रधानाचार्य से पूर्व में की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
छात्राओं का आरोप है कि सोमवार को वे अपनी कक्षा में बैठी थीं। उसी दौरान आरोपी शिक्षक पहुंचा और छात्राओं से अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर उसने छात्राओं की पिटाई कर दी। छात्राओं की सूचना पर पहुंचे उनके अभिभावकों ने विद्यालय में जमकर हंगामा किया। शिक्षक की पिटाई भी की। उधर, आरोपी शिक्षक का आरोप है कि छात्राओं और उनके परिजनों की पिटाई से उनका सिर फट गया है। कोतवाली प्रभारी हरीनाथ भारती का कहना है कि आरोपी शिक्षक गोरखनाथ सिंह के विरुद्ध छेड़खानी और मारपीट का केस दर्ज कर लिया गया है।