कई राज्यों में फैला ईरानी गैंग: फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लूटने के लिए कुख्यात, अबतक 10 बदमाश गिरफ्तार, भोपाल जाएगी वाराणसी पुलिस
ईरानी गैंग ने इन दिनों अपना ठिकाना वाराणसी सहित पूर्वांचल के अन्य जिलों को बना रखा था। पुलिस की पूछताछ में गैंग के बदमाशों ने बताया कि गिरोह का सरगना अबू हैदर व मेहंदी हसन के इशारे पर लंबे-लंबे हाथ मार चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को लूटने और टप्पेबाजी करने वाले अंतरराज्यीय ईरानी गैंग के बारे में कमिश्नरेट पुलिस को कई जानकारियां मिली हैं। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को पता चला कि इनका नेटवर्क देश के कई शहरों में फैला हुआ है। लूट की घटनाओं को अंजाम देने के बाद गिरोह के बदमाश दूसरे राज्य या शहरों में चले जाते हैं।
वाराणसी में बुजुर्ग महिला से आभूषण लूटने के आरोपी रेहान अली से पूछताछ के आधार पर कमिश्नरेट पुलिस की दो टीमें जल्द ही एमपी के भोपाल जाएंगी। 24 मार्च को गाजीपुर के किराना कारोबारी तबरेज आलम से कबीरचौरा में पुलिस कर्मी बनकर आठ लाख की लूट करने वाले छह आरोपियों को कमिश्नरेट पुलिस ने दबोचा तो उनसे कई जानकारियां मिलीं।
गिरफ्तार गिरोह का सरगना भोपाल निवासी अबू हैदर और हरदोई का रहने वाला मेहंदी हसन है, जो भोपाल को अपना ठिकाना बनाए है। इसके इशारे पर ही गिरोह में शामिल बदमाश दक्षिण भारत के चेन्नई, दिल्ली, महाराष्ट्र, गोवा, पुणे, कानपुर, गाजियाबाद, लखनऊ और आगरा में घूमते हुए लूट और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
ईरानी गैंग ने इन दिनों अपना ठिकाना वाराणसी सहित पूर्वांचल के अन्य जिलों को बना रखा था। पुलिस की पूछताछ में गैंग के बदमाशों ने बताया कि गिरोह का सरगना अबू हैदर व मेहंदी हसन के इशारे पर लंबे-लंबे हाथ मार चुके हैं। अब तक ईरानी गैंग के दस आरोपियों को कमिश्नरेट पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
चेन्नई में गिरोह का सरगना अबू हैदर और मेहंदी हसन ने लूटा था दो करोड़ का सोना
पुलिस के अनुसार ईरानी गैंग ने जनवरी 2020 में चेन्नई में दो करोड़ से अधिक मूल्य का आभूषण लूटा था और गोवा की सैर के बाद आगरा जाते समय गिरोह के बदमाशों को एपमी की खंडवा पुलिस ने लूट के माल के साथ ट्रेन में दबोचा था। उस गिरोह में शामिल अबू हैदर, मेंहदी हसन सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों पर चार दर्जन से अधिक लूट और टप्पेबाजी के मुकदमे विभिन्न शहरों में दर्ज हैं।
हर फोन कॉल के लिए अलग-अलग सिम
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह फोन कॉल के लिए अलग-अलग मोबाइल और सिमकार्ड का उपयोग करते हैं। ताकि पुलिस की रडार पर न चढ़ सकें। यह भी बताया कि वह अक्सर हवाई सफर करते हैं।
भोपाल में सराफ कारोबारियों के यहां दस्तक देगी पुलिस टीमें
कमिश्नरेट पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीमें जल्द ही भोपाल पहुंचकर ईरानी गैंग के बारे में और जानकारियां प्राप्त करेेगी। आभूषण लूटने के बाद भोपाल सहित अन्य शहरों में वह सराफ दुकानों पर माल खपाते थे। ऐसे सराफा कारोबारियों के यहां भी पुलिस टीमें दस्तक देगी।
पुलिस आयुक्त ने की ये अपील
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने कहा कि यदि कोई पुलिसकर्मी बनकर चेकिंग की बात करता है तो उससे डरने की आवश्यकता नहीं है। संदिग्ध प्रतीत होने पर तुरंत डायल-112 डायल करें। जब तक पीआरवी नहीं पहुंचती तब तक कहीं न जाएं और चेकिंग करने वाले पुलिसकर्मी को भी न जाने दें। घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि आरोपियों को शहर से बाहर निकलने से पहले दबोचा जा सके।