खुलासा: दक्षिण भारत में बैठा शेट्टी चला रहा है अंतरराज्यीय ठग गिरोह, मुंबई, नई दिल्ली और अन्य शहरों में फैला है जाल
वाराणसी निवासी रेशम कंपनी के प्रबंधक अंकित शुक्ला से दो करोड़ की ठगी में गिरफ्तार अंतरराज्यीय ठग गिरोह के मास्टरमाइंड और उसके साथियों के मोबाइल से कई खुलासे हो रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंतरराज्यीय ठग गिरोह के मास्टरमाइंड सचिन शर्मा से भी ऊपर शेट्टी है, जो दक्षिण भारत से पूरे गिरोह को संचालित कर रहा है। पिछले दो-तीन साल से यह गिरोह मुंबई, नई दिल्ली और यूपी के विभिन्न शहरों में लोगों को अपना शिकार बना रहा है। जिला जेल चौकाघाट में बंद सचिन शर्मा, रोहन खिंची, पंकज भारद्वाज और तरुण गौतम की मोबाइल व्हाट्सएप चैट को कमिश्नरेट पुलिस रिकवर कर रही है। फोरेंसिक जांच में मोबाइल और दस्तावेज के जरिए कई चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं।
तफ्तीश में सामने आया कि अजमेर नगर निगम के निलंबित बाबू सचिन शर्मा और दक्षिण भारत के शेट्टी की व्हाट्सएप कालिंग के जरिए अधिक बातचीत हुई है। कई कंपनियों के दस्तावेज भी व्हाट्सएप के जरिए दोनों के बीच अदान-प्रदान हुए हैं। नई दिल्ली द्वारिका की रहने वाली तीन युवतियों से भी सचिन की बातचीत ज्यादा हुई है।
शेट्टी के बारे में कमिश्नरेट पुलिस जुटा रही जानकारी
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि सचिन शर्मा के ऊपर धोखाधड़ी के अब तक दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। देश भर में सामाजिक संस्थाओं, कॉरपोरेट कंपनियों के प्रबंधकों, कारोबारियों को झांसा देकर करोड़ों रुपये ठगी करने वाले गिरोह की कमान संभालने वाले दक्षिण भारत के शेट्टी के बारे में कमिश्नरेट पुलिस जानकारी जुटा रही है। शेट्टी सहित नौ अन्य के बारे में अधिक जानकारियों के लिए कमिश्नरेट पुलिस चौकाघाट जिला जेल में बंद चारों आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी में है। कोर्ट में आवेदन भी किया गया है।
पढ़ेंः ठग गिरोह ने लखनऊ में कोरियर व्यवसायी को लगाया था एक करोड़ का चूना, नई दिल्ली के बिल्डर को लगाई थी 18 लाख की चपत
सचिन शर्मा पर सैफई थाने में दर्ज है धोखाधड़ी का मुकदमा
मास्टरमाइंड सचिन शर्मा पर आठ मार्च 2021 में 16 लाख रुपये धोखाधड़ी का मुकदमा इटावा के सैफई थाने में दर्ज है। अमरसीपुर सैफई निवासी आशुतोष को एक कंपनी में 16 लाख रुपये जमाकर 32 लाख रुपये पाने का झांसा दिया था। सचिन शर्मा सहित छह नामजद पर आशुतोष ने मुकदमा दर्ज कराया था।
आशुतोष ने पुलिस को बताया कि गिरोह के ठगों ने नई दिल्ली और मुंबई में पांच सितारा होटलों में बैठक करके भरमाया था। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ करने पर शेट्टी के बारे में और जानकारियां प्राप्त होगी। इस गिरोह का नेटवर्क देशभर में फैला हुआ है।
हफ्तेभर में ही कमिश्नरेट पुलिस ने दबोच लिया
20 अप्रैल को गिरोह ने पिशाचमोचन में रेशम कंपनी के प्रबंधक अंकित शुक्ला को झांसा देकर दो करोड़ रुपये ठग लिए थे। हालांकि कमिश्नरेट पुलिस ने हफ्ते भर में ही मास्टरमाइंड सचिन शर्मा को गाजियाबाद से और हिसार हरियाणा निवासी पंकज भारद्वाज, नई दिल्ली के मलिकागंज निवासी तरुण गौतम व करोल बाग निवासी रोहन खिंची को मुंबई मरीन ड्राइव से दबोचा। एक करोड़ 87 लाख रुपये भी बरामद किया।