आतंकी कनेक्शन: चंदौली पहुंची खुफिया एजेंसी, लखनऊ में अलकायदा से जुड़े आतंकियों की गिरफ्तारी का मामला
पिछले दिनों लखनऊ में अलकायदा से जुड़े संगठन के कुछ संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई थी। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि चंदौली जनपद से उन्हें असलहा और कारतूस उपलब्ध कराए गए हैं।
विस्तार
लखनऊ में अलकायदा से जुड़े आतंकियों की गिरफ्तारी और पूछताछ में चंदौली से असलहा, कारतूस खरीदने का मामला उजागर होने के बाद खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। मंगलवार को एजेंसी के लोग चंदौली जिले में पहुंचे। स्थानीय पुलिस की मदद से संदिग्धों के खिलाफ इनपुट जुटाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस महकमे के अफसर खुफिया एजेंसी के लोगों की मौजूदगी पर कुछ बोल नहीं रहा है।
चंदौली जिले से धीरे-धीरे नक्सली गतिविधियां लगभग समाप्त हो चुकी हैं। लेकिन, माना जा रहा है कि बिहार के अधौरा पहाड़ी इलाके से नक्सली जिले में गतिविधियां जारी रखे हैं। पिछले दिनों लखनऊ में अलकायदा से जुड़े संगठन के कुछ संदिग्धों की गिरफ्तारी और उनसे पूछताछ में चौंकाने वाले राज सामने आए हैं। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि चंदौली जनपद से उन्हें असलहा और कारतूस उपलब्ध कराए गए हैं। इसको देखते हुए चंदौली में खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।
जंगल में पहुंचे पुलिस अधीक्षक
अक्सर पुलिस महकमे के अधीनस्थ नौगढ़ इलाके के जंगलों में कांबिंग करते रहे हैं, लेकिन मंगलवार को अचानक पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के कांबिंग के लिए जंगल में पहुंचने पर तरह-तरह की चर्चा होने लगी।
इस संदर्भ में अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम सरोज ने बताया कि बाहर से टीम के आने की सूचना पुलिस के पास नहीं है। अगर ऐसा है तो किसी मामले की जांच को लेकर कोई टीम आई होगी। नक्सली गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस टीम के साथ एसपी ने नौगढ़ इलाके में कांबिंग की है।