IMA Election: आईएमए में 94 पदों पर 135 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे 2135 डॉक्टर, कल होगा मतदान
Varanasi News: आईएमए में 94 पदों पर 135 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 2135 डॉक्टर करेंगे। इसके लिए कल मतदान होगा। अध्यक्ष पर सीधा मुकाबला है तो सचिव पर त्रिकोणीय टक्कर है।
विस्तार
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) वाराणसी शाखा में नई कार्यकारिणी के गठन के लिए रविवार को होने वाले चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव समेत मुख्य 14 समेत कुल 94 पदों के लिए इस बार 135 उम्मीदवार मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशी के होने से यह मुकाबला रोमांचक हो गया है। इसके अलावा सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर एक पद के सापेक्ष तीन उम्मीदवार होने से त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा।
आईएमए में 21 दिसंबर को होने वाले चुनाव में 2135 डॉक्टर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसको लेकर चुनाव अधिकारी डॉ. अजीत सैगल के निर्देशन वाली टीम तैयारी में जुटी है। इस बार पूरी चुनाव प्रक्रिया आईएमए के नियमानुसार नियुक्त चुनाव अधिकारी की देखरेख में कराई जा रही है।
अध्यक्ष के एक पद के लिए पूर्व में सचिव रह चुके डॉ. राजेश्वर नारायण सिंह और आईएमए यूपी में पदाधिकारी रहे डॉ. मनोज श्रीवास्तव के बीच टक्कर है। इसके अलावा सचिव के एक पद के लिए तीन उम्मीदवार हैं। इसमें वर्तमान में सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी, आईएमए यूपी में पदाधिकारी डॉ. अतुल कुमार सिंह के साथ ही डॉ. अभिषेक सिंह चुनाव मैदान में हैं।
किस पद पर है कितने उम्मीदवार
- अध्यक्ष 1 पद 2 उम्मीदवार
- उपाध्यक्ष 3 पद 6 उम्मीदवार
- सचिव 1 पद 2 उम्मीदवार
- ज्वाइंट सेक्रेटरी 2 पद 3 उम्मीदवार
- फाइनेंस सेक्रेटरी 1 पद 2 उम्मीदवार
- सोशल सेक्रेटरी 1 पद 3 उम्मीदवार
- एक्जीक्यूटिव काउंसिल 21 पद 32 उम्मीदवार
- स्टेट काउंसिल प्रतिनिधि 44 पद 76 प्रत्याशी
(जिन प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है, उसमें जनसंपर्क सचिव पर डॉ. प्रीति गुप्ता, पुस्तकालय सचिव डॉ. चंद्रप्रकाश सिंह, प्राॅपर्टी सचिव डॉ. श्रीप्रकाश सिंह, आंतरिक परीक्षक डॉ. आलोक भारद्वाज का नाम शामिल है।)
दो पैनल में बंटे वरिष्ठ डॉक्टर, वोट सहेजने में जुटे प्रत्याशी
आईएमए के चुनाव में जिले के वरिष्ठ डॉक्टर दो पैनल में बंटे हैं। इसमें कई पूर्व में अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य पदों पर पदाधिकारी भी रह चुके हैं। जो कि अपने अपने पैनल के प्रत्याशियों के समर्थन में वोट करने की अपील डॉक्टरों से कर रहे हैं। उधर दूसरी ओर अलग-अलग पदों पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी भी डॉक्टरों के व्हाट्स ग्रुप में अस्पताल संचालन से जुड़ी समस्याओं को गिनाकर उसके समाधान करवाने की प्राथमिकता भी बता रहे हैं। इसमें नगर निगम में अस्पताल/क्लीनिक, नर्सिंग होम और पैथालॉजी के रजिस्ट्रेशन करवाने, आयुष्मान योजना में भुगतान, अलग-अलग विभागों में पंजीकरण प्रक्रिया में सहयोग का हवाला दिया जा रहा है।