अपराधियों से लड़ते हुए शहीद हुए थे पति, पत्नी ने पूरा किया अधूरा सपना, एसआई से इंस्पेक्टर बनीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फर्ज की राह में अपराधियों से लोहा लेते हुए पति शहीद हुए तो पत्नी ने हिम्मत नहीं हारी। चूल्हा-चौका छोड़कर खाकी वर्दी पहनी और मैदान में डट खड़ी हुई। हर मोर्च पर न सिर्फ अपराधियों को मात दी, बल्कि पति का सपना का पूरा करते हुए एसआई से पदोन्नत होकर इंस्पेक्टर बनीं। बहादुरी और जिंदादिली के कारण ही वह लेडी सिंघम के नाम से मशहूर हैं। हम बात कर रहे हैं, जौनपुर जिले के महिला थाने की प्रभारी तारावती यादव। चुनौतियों के पहाड़ को ध्वस्त कर अलग पहचान बनाने वाली तारावती महिला सशक्तिकरण की मिसाल भी हैं।
मूल रूप से कौशांबी की रहने वाली तारावती यादव वर्ष 2010 से पहले तक सामान्य घरेलू महिला ही थीं। पति रामराज यादव पुलिस में एसआई थे। सितंबर 2006 में फर्रुखाबाद में तैनाती के दौरान कुख्यात कलुआ गिरोह से मुठभेड़ में रामराज यादव शहीद हो गए थे।
इस घटना ने जैसे तारावती यादव की दुनिया ही वीरान कर दी। तब बेटी महज पांच साल और बेटा चार साल का था। कंधे पर बच्चों की परवरिश और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी का बोझ लेकर तारावती ने नई शुरुआत की। घरेलू महिला की पहचान छोड़कर वह पति के अधूरे सपने को पूरा करने के लिए पुलिस सेवा में भर्ती हुईं।
उनकी पहली तैनाती एसआई के रूप में वाराणसी के रोहनिया थाने में हुई। इसके बाद नाटी इमली और दुर्गा कुंड चौकी की इंचार्ज बनीं। उनकी काबिलियत और बहादुरी को देखते हुए शिवपुर जैसे थाने की कमान सौंपी गई। वर्ष 2017 में जौनपुर में तबादले के बाद उन्हें महिला थाने की कमान मिली। दिन-रात ड्यूटी में निष्ठा से तल्लीन रहने वाली तारावती यादव के नाम से ही अपराधी खौफ खाते हैं।
उनकी सेवा को देखते हुए यूपी पुलिस ने उन्हें एसआई से इंस्पेक्टर पर पदोन्नत किया है। बुधवार को एसपी राजकरन नय्यर ने तारावती यादव के कंधे पर तीसरा स्टार लगाया तो वह भावुक हो गईं। इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, पति और वरिष्ठ अधिकारियों को देते हुए बताया कि इंस्पेक्टर बनना पति का सपना था। मुझे खुशी है कि उस सपने को पूरा कर रही हूं।
यह भी बने एसआई से इंस्पेक्टर
जिले के छह पुलिसकर्मी एसआई से इंस्पेक्टर के रुप में पदोन्नत हुए हैं। इनमें महिला थाना प्रभारी तारावती यादव, जफराबाद एसओ धर्मवीर सिंह, मीरगंज में तैनात अनिल कुमार मिश्र, पवांरा थाने में तैनात श्याम बिहारी राम, सरायख्वाजा में तैनात संतोष कुमार श्रीवास्तव और आरटीसी 36वीं वाहिनी वाराणसी में तैनात शीतल चंद शामिल हैं। सभी के कंधे पर एसपी राजकरन नय्यर ने बुधवार को स्टार लगाकर सम्मानित किया। उनका उत्साहवर्धन करते हुए शुभकामनाएं दी।