बिना पंजीकरण का अस्पताल सीज, वार्मर पर भर्ती मिले तीन नवजात, रेफर करने के दौरान एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा में बिना पंजीयन के संचालित एक निजी अस्पताल को एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग की मौजूदगी में सीज कर दिया। छापेमारी के दौरान अस्पताल में बने एसएनसीयू वार्ड में तीन वार्मर मशीन पर तीन नवजात मिले। जिन्हें महिला जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
यहां लाते समय एक नवजात की मौत हो गई। जांच में पता चला कि अस्पताल का पंजीयन नहीं किया गया था और न ही वहां कोई नवजात बच्चों के डॉक्टर बैठते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल को शिकायत मिली थी कि मुहम्मदाबाद गोहना बाजार में बिना पंजीयन के नवजात शिशुओं का अस्पताल संचालित हो रहा है। डीएम के आदेश पर मंगलवार को एसडीएम मोहम्मदाबाद गोहना राम भवन तिवारी ने सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह के नेतृत्व में अस्पताल पहुंचकर छापेमारी की।
जांच के दौरान टीम को अस्पताल का पंजीयन होना नहीं मिला। वहीं अस्पताल में एसएनसीयू वार्ड-एक कमरे में संचालित था, इसमें तीन वार्मर मशीन लगी थीं। तीनों पर नवजात का उपचार हो रहा था। छापेमारी की सूचना मिलने पर अस्पताल के संचालक और डॉक्टर गायब हो गए।
प्रशासन ने एंबुलेंस से तीनों नवजात को जिला महिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के लिए जाते समय एक नवजात की मौत हो गई। इस बाबत सीएमओ डॉ सतीशचंद्र सिंह का कहना है कि निरीक्षण में अस्पताल बिना पंजीयन के संचालित होता मिला। इस कारण उसे सीज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कारवाई के दौरान मुहम्मदाबाद गोहना सीएचसी प्रभारी डॉ. एपी सिंह, रानीपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार भी मौजूद रहे।
कई चिकित्सकों का मिले लैटरपेड
सूत्रों के अनुसार, एसडीएम-सीएमओ की कारवाई के दौरान बिना पंजीयन के संचालित अस्पताल में कई चिकित्सकों के लेटर पैड मिले। वहीं संयुक्त टीम ने मौजूद दो लोगों से कई जानकारी ली।