Varanasi: हिंदू जागरण मंच ने किया 'पठान' का विरोध, मॉल के सामने कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, दर्शकों को रोका
शाहरुख खान की फिल्म पठान को लेकर विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। वाराणसी में रविवार को एक बार फिर से हिंदू जागरण मंच ने फिल्म पठान का विरोध किया। सिगरा स्थित आईपी मॉल के सामने फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन किया।
विस्तार
शाहरुख खान की फिल्म पठान को लेकर विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। वाराणसी में रविवार को एक बार फिर से हिंदू जागरण मंच ने फिल्म पठान का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने सिगरा स्थित आईपी मॉल के सामने फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन किया। अभिनेता और निदेशक के विरोध में नारेबाजी की। हंगामे की सूचना के बाद आईपी मॉल के बाहर पुलिस फोर्स को तैनात किया गया।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फिल्म देखने जा रहे लोगों को भी रोकने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से हल्की नोकझोंक भी हुई। इधर, मॉल के गेट पर प्रदर्शन के कारण कई युवक और युवतियां रेलिंग फांद कर मॉल में जाते दिखे।
कार्यकर्ता बोले- सिनेमा हॉल बिल्कुल खाली
हिंदू जागरण मंच के नेताओं ने कहा कि किसी व्यक्ति का विरोध नहीं किया जा रहा है। फिल्म में आपत्तिजनक दृश्य हैं। इसके जरिए हिंदुओं की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने और संस्कृति को खराब करने की कोशिश की गई है। जनता सब जानती है। हाल देखिए कि सिनेमा हॉल बिल्कुल खाली है। हमारा विरोध जारी रहेगा।
क्यों हो रहा है विरोध
दरअसल पठान फिल्म के रिलीज होने से पहले ही फिल्म के पोस्टर को लेकर फिल्म निर्माताओं को और कलाकारों को इसका विरोध का सामना करना पड़ रहा है। पूरा विवाद फिल्म में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण द्वारा पहने गए कपड़ों को लेकर है।