Hathras: दुष्कर्मियों के खिलाफ सड़क उतरी महिलाएं मुंह पर काली पट्टी बांध प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम में प्रदर्शन
Hathras Rape Case:उत्तर प्रदेश के हाथरस में युवती के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना से प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी महिलाएं आक्रोशित हैं। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर व बीरभानपुर में मंगलवार को सामूहिक दुष्कर्म की शिकार पीड़िता की दर्दनाक मौत पर दुष्कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर सैकड़ों महिलाओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।
लोक समिति द्वारा आयोजित जन आक्रोश रैली में महिलाओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर छेड़खानी, दुष्कर्म, महिला हिंसा के खिलाफ रैली निकाली। नंदघर पर पहुंचकर महिलाएं दुष्कर्मियों को फांसी दो, महिला हिंसा बंद करो, छेड़खानी पर रोक लगाओ, चुप नहीं रहना है हिंसा को नहीं सहना है, भ्रष्ट सरकार होश में आओ महिलाओं को सुरक्षा दो आदि जोरदार नारे लगाए।
लोगों ने दुष्कर्मियों को जल्दी सजा देने, पीड़िता के परिवार वालों को मुआवजा व सरकारी नौकरी और महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री से गुहार लगाई। महिलाओं ने हाथरस की पीड़ित बेटी को श्रद्धांजलि दी और महिला हिंसा को जड़ से मिटाने का संकल्प लिया। दूसरी तरफ बीरभानपुर गांव में दर्जनों लड़कियों और महिलाओं ने पंचायत भवन पर हाथरस सामूहिक दुष्कर्म की घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया।
14 सितंबर को हाथरस में 19 साल की लड़की के साथ गांव के ही चार दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके साथ ही उसको मारापीट। इसके बाद से पीड़िता को अलीगढ़ के एक अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया था। जब उसकी तबीयत और ज्यादा खराब होने लगी तो उसे सोमवार को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को उसकी मौत हो गई।