Varanasi News: सीएम योगी द्वारा गोद ली गई सीएचसी को पहली बार मिला कायाकल्प अवार्ड
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोद ली गई सीएचसी हाथी बाजार को पहली बार कायाकल्प अवार्ड मिला है। इसके अलावा सीएचसी चोलापुर भी छठी बार अवार्ड पाने वाले केंद्रों की सूची में शामिल हुआ है।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गोद ली गई सीएचसी हाथी बाजार को पहली बार कायाकल्प अवार्ड मिला है। इसके अलावा सीएचसी चोलापुर भी छठी बार अवार्ड पाने वाले केंद्रों की सूची में शामिल हुआ है। सीएचसी हाथी को जहां 70 फीसदी से अधिक अंक मिले वहीं चोलापुर को 88 फीसदी अंक मिला है।
वाराणसी जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं में बेहतरी के लिए वर्ष 2021-22 के लिए जनपद के दो सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को कायाकल्प पुरस्कार हासिल हुआ। अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. शशिकांत उपाध्याय ने सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी, एसीएमओ डॉ. एके मौर्य एवं मंडलीय सलाहकार क्वालिटी एश्योरेंस डॉ आरपी सोलंकी द्वारा अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों के बेहतरी के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के निर्देशन में बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। बताया कि सीएचसी हाथीबाजार ने राज्य स्तरीय अंतिम चरण में 70.14 प्रतिशत हासिल कर पहली बार कायाकल्प अवार्ड प्राप्त किया। सीएचसी चोलापुर ने 88 फीसदी अंक हासिल कर लगातार छठवीं बार कायाकल्प पुरस्कार प्राप्त किया है। उन्होंने सीएचसी हाथी बाजार के प्रभारी डॉ.हंसराज और चोलापुर के प्रभारी डॉ.आरबी यादव सहित अन्य स्टाफ को सफलता का श्रेय दिया है।
तीन चरणों में मूल्यांकन
मंडलीय सलाहकार डॉ. आरपी सोलंकी ने बताया कि कायाकल्प कार्यक्रम के तहत तीन चरणों में मूल्यांकन के बाद परिणाम जारी होता है। सीएचसी हाथी ने पहले चरण (जिला स्तरीय) में 85 प्रतिशत, दूसरे चरण में 82 प्रतिशत एवं अंतिम चरण (राज्य स्तरीय) में 70.14 प्रतिशत अंक हासिल किए।
इसके साथ ही सीएचसी चोलापुर ने क्रमश: 92 प्रतिशत, 90 प्रतिशत एवं 88 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और छठवीं बार कायाकल्प हासिल किया है। प्रदेश स्तर पर सीएचसी चोलापुर ने 12वां स्थान हासिल किया है। बताया कि स्वच्छता, रख रखाव, प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण, अस्पताल प्रबंधन समेत सात मानकों के आधार पर कायाकल्प अवार्ड मिलता है।