हरतालिका तीज आज: बन रहे कई शुभ योग, राशि के अनुसार धारण करें वस्त्र, जानें मंत्र, पूजन सामग्री और पूजा विधि
पति की लंबी उम्र के लिए रखे जाने वाला तीज व्रत आज है। इसे लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। निराजल व्रत का पारण चतुर्थी तिथि में 19 सितंबर को होगा।
विस्तार
भाद्रस्य कजली कृष्णा शुक्ला च हरतालिका... अर्थात भाद्रपद शुक्ल तृतीया को हरतालिका का व्रत रखा जाता है। विवाहित महिलाएं अखंड सौभाग्य की कामना के लिए आज तीज का निराजल व्रत रख रही हैं। व्रत का पारण चतुर्थी तिथि में 19 सितंबर को होगा। भगवान शिव, पार्वती और गणेश की पूर्ण स्वरूप वाली प्रतिमाओं की पूजा करके महिलाएं भगवान से अखंड सौभाग्य की कामना करेंगी।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के सदस्य पं. दीपक मालवीय ने बताया कि चतुर्थी से युक्त तृतीया (हरतालिका) वैधव्यदोष नाशक तथा पुत्र-पौत्रादि को बढ़ाने वाली होती है। शास्त्र में इस व्रत के लिए सधवा, विधवा सबको आज्ञा है। धर्मप्राणा स्त्रियों को चाहिए कि वे मम उमामहेश्वरसायुज्यसिद्धये हरितालिकाव्रतमहं करिष्ये...का संकल्प करके घर को मंडप आदि से सुशोभित कर पूजन सामग्री एकत्र करें।
इन मंत्रों का करें जाप
इसके बाद कलश स्थापन करके उस पर सुवर्णादि निर्मित शिव गौरी (अथवा पूर्व प्रतिष्ठित हर-गौरी) के समीप बैठकर उनका सहस्त्रशीर्षा. आदि मंत्रों से पुष्पार्पण कर पूजन करके ऊं उमायै नम:...से उमा के और महादेवाय नम: से महेश्वर के नामों से स्थापन और पूजन करके धूप दीपादि से षोडशोपचार पूजन संपन्न करें। इसके बाद देवि देवि उमे गौरि त्राहि मां करुणानिधे। ममापराधा: क्षन्तव्या भुक्तिमुक्तिप्रदा भव। से प्रार्थना करें और निराहार रहें। दूसरे दिन पूर्वाह्न में पारण करके व्रत को समाप्त करें।
जन्मतिथि के अनुसार धारण करें वस्त्र
ज्योतिषाचार्य विमल जैन ने बताया कि जिनको जन्मराशि मालूम न हो उनको अपनी जन्मतिथि के आधार पर हरतालिका तीज को और अधिक सौभाग्यशाली बना सकते हैं। जिनकी जन्मतिथि किसी भी माह की एक, 10,19 व 28 हो, उनके लिए लाल, गुलाबी, केसरिया रंग के वस्त्र धारण करें। दो, 11, 20 और 29 अंक वालों के लिए सफेद व क्रीम। तीन, 12, 21 व 30 के लिए पीला व सुनहरा पीला।
चार, 13, 22 व 31 के लिए सभी प्रकार के चमकीले, चटकीले, मिले-जुले व हल्का स्लेटी रंग। पांच, 14 व 23 के लिए हरा, धानी व फिराेजी रंग। छह, 15 व 24 के लिए सफेद व चमकीला सफेद अथवा आसमानी नीला, सात, 16 व 25 के लिए चमकीला, स्लेटी व ग्रे, आठ, 17, व 26 के लिए काला, ग्रे व नीला जबकि नौ, 18 व 27 के लिए लाल, गुलाबी, व नारंगी रंग के परिधान लाभदायक रहेंगे।
राशि के अनुसार धारण करें वस्त्र
- मेष-लाल, गुलाबी
- वृष-क्रीम
- मिथुन- धानी व फिरोजी
- कर्क- हल्का पीला व क्रीम
- सिंह- लाल, गुलाबी, सुनहरा
- कन्या-फिरोजी व हल्का हरा
- तुला-क्रीम व आसमानी नीला
- वृश्चिक- लाल, गुलाबी, सुनहरा
- धनु-सुनहरा व पीला
- मकर-लाइट ग्रे
- कुंभ- हल्का नीला व ब्राउन
- मीन-हल्के व गहरे पीले रंग के परिधान
मिलेंगे चित्रा और स्वाति नक्षत्र
पं. वेदमूर्ति शास्त्री ने बताया कि भाद्रपद शुक्ल पक्ष तृतीया तिथि 17 सितंबर को दिन में 11:10 बजे लगेगी और 18 सितंबर को दिन में 12:40 बजे तक रहेगी। 17 सितंबर को 10:02 बजे से 12:08 बजे तक चित्रा नक्षत्र और उसके बाद स्वाति नक्षत्र शुरू हो जाएगा।