बीएचयू में इफ्तार पार्टी पर हंगामा: छात्रों ने विरोध में हनुमान चालीसा का किया पाठ, माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग
बीएचयू महिला महाविद्यालय में बुधवार को रोजा इफ्तार पार्टी को लेकर परिसर में नया बखेड़ा शुरू हो गया है।
विस्तार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) महिला महाविद्यालय में बुधवार को आयोजित रोजा इफ्तार पार्टी के विरोध में गुरुवार शाम को छात्रों ने कुलपति आवास पर हनुमान चालीसा, हनुमानष्टक और श्रीराम स्तुति का पाठ किया। इसके माध्यम से परिसर का माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग की गई।
छात्रों ने बताया कि रोजा इफ्तार पार्टी के बाद परिसर में कुछ लोगों द्वारा वाल राइटिंग कर जाति विशेष पर टिप्पणी करने के विरोध में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। परिसर की दीवारों पर नारे लिखने वालों को दंडित किया जाना चाहिए। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी है कि 24 घंटे में ऐसे लोगों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
पहले से ही होता आया है रोजा इफ्तार का आयोजन
रोजा इफ्तार को लेकर शुरू हुए विरोध के बीच सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय की ओर से बयान जारी कर यह बताया गया है कि पिछले कई वर्षों से इफ्तार का आयोजन हो रहा है। इसकी जानकारी ट्विटर के माध्यम से भी शेयर की गई है।
बीएचयू सिंह द्वार पर छात्र संगठनों का प्रदर्शन
डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर 13 अप्रैल को एक कार्यक्रम को लेकर हुई मारपीट के विरोध में भगत सिंह छात्र मोर्चा, दिशा छात्र संगठन सहित छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को बीएचयू सिंह द्वार पर प्रदर्शन किया। नारेबाजी कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान दिशा छात्र संगठन के अमित ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत के साथ ही पुलिस को भी तहरीर दी गई थी। अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
भगत सिंह छात्र मोर्चा के अनुपम ने कहा कि हम सभी के साथी के साथ अनहोनी के बाद भी अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है। इस दौरान ऐपवा से कुसुम वर्मा, बीसीएम के पूर्व सचिव रितेश विद्यार्थी, आकांक्षा ने पुलिस उपायुक्त के नाम एसीपी भेलूपुर को ज्ञापन देकर जल्द कार्रवाई की मांग की। ब्यूरो