गाजीपुरः दो अवैध अस्पताल समेत आधा दर्जन पैथोलॉजी सीज, एक चिकित्सक गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को कई जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की कार्रवाई की गई। इस दौरान दो अवैध नर्सिंग होम को सीज किया गया तथा एक चिकित्सक को गिरफ्तार किया गया। इसी प्रकार करीब आधा दर्जन पैथोलाजी तथा दवा की दुकानों में गड़बड़ी पाए जाने पर उन्हें सीज किया गया। इस कार्रवाई से पूरे जिले में अवैध ढंग से अस्पताल चला रहे लोगों में हड़कंप मच गई।
रविवार की सुबह टीम ने पहले मुहम्मदाबाद के मलिकपुरा गांव में चल रहे एक अवैध क्लीनिक पर छापेमारी की। कुछ दिनों पहले ही यहां जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई थी। इस क्लीनिक का संचालन बिना पंजीकृत रुप से झोलाछाप चिकित्सक द्वारा फर्जी ढंग से किया जा रहा था। छापेमारी में यहां कई रोगी भर्ती किए गए मिले। अभी कई रोगियों को भर्ती किए जाने की प्लानिंग की जा रही थी।
यहां कई प्रकार की और भी गड़बड़ियां मिलीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई रोगियों को गलत उपचार से निजात दिलाते हुए उन्हें वहां से अन्य अस्पताल भेज दिया। इसके बाद वहां झोलाछाप चिकित्सक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में नर्सिंग होम को सीज कर दिया गया। इसी क्रम में सैदपुर में एक डेंटल केयर और मेडिकल स्टोर बिना पंजीकरण के चलाया जा रहा था।
जिसे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीज कर रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक हास्पिटल सर्जिकल सेंटर में गड़बड़ी पाए जाने के बाद सीज कर दिया। बताया गया कि हास्पिटल फर्जी कागजातों के आधार पर चलाया जा रहा था। इन सभी के खिलाफ मेडिकल पंजीकरण एक्ट प्रावधान के तहत कार्रवाई की गई। इसी प्रकार एक पैथोलाजी बिना पंजीकरण के चलाया जा रहा था, इसे भी सीज कर दिया गया। इस दौरान टीम ने मेडिकल का सामान, दवाएं एवं उपकरण आदि कब्जे में ले लिया।
इन छापेमारियों के लिए सीएमओ की ओर से गठित टीम में नोडल अधिकारी डा. प्रगति कुमार, पवन कुमार, जनार्दन राय आदि शामिल रहे। नोडल अधिकारी ने बताया कि मुहम्मदाबाद में फर्जी नर्सिंग होम में दो दिन पहले जच्चा-बच्चा की मौत हो गई थी। वहां के लोगों की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। इसी प्रकार जिले भर में चल रहे अवैध हास्पिटल और पैथोलाजी के खिलाफ अभियान चलाया गया। सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि समय-समय पर हमेशा इस तरह की छापेमारी की जाएगी।