भदोही: यौन शोषण मामले में भाजपा विधायक को क्लीन चिट, भतीजा गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी की एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में घिरे भदोही के भाजपा विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी को पुलिस ने राहत दे दी है। विवेचना के दौरान विधायक और उनके दो बेटों की नामजदगी गलत होने का दावा करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों के नाम केस से बाहर निकाल दिया।
मामले के मुख्य आरोपी विधायक के भतीजे संदीप तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। विधायक के एक पुत्र नीतेश को गाली-गलौज करने का आरोपी बनाया गया है।
वाराणसी शहर की महिला के साथ शादी का झांसा देकर छह साल से दुष्कर्म करने के मामले में फंसे सुरियावां थानाक्षेत्र के चौगना गांव निवासी संदीप तिवारी पुत्र आदित्य नारायण तिवारी, उसके चाचा भदोही विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी, उनके पुत्रों प्रकाश, दीपक और नीतेश के अलावा भतीजे सचिन एवं चंद्रभूषण में से संदीप को छोड़कर अन्य छह लोगों को पुलिस ने अपनी जांच में दुष्कर्म का अपराधी नहीं पाया।
लिहाजा इस आरोप से सभी का नाम बाहर कर दिया गया। जबकि संदीप को पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शनिवार को सुबह ज्ञानपुर के पटेलनगर स्थित दिव्या होटल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कप्तान राम बदन सिंह ने पुलिस लाइन में गिरफ्तारी का खुलासा करते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान विधायक समेत पांच आरोपियों की नामजदगी गलत पाई गई, जबकि नीतेश को आईपीसी की धारा 504, 506 का अपराधी पाया गया। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में भदोही कोतवाल श्रीकांत राय, अवधेश सिंह, मनोज राय, क्राइम ब्रांच के अजय सिंह, सचिन झा, सर्वेश राय आदि शामिल रहे।