बीएचयू बाल रोग विभाग में आग: बच्चाें को लेकर बाहर भागे परिजन, ऑक्सीजन पैनल में शॉर्ट सर्किट से अफरा तफरी
बीएचयू अस्पताल के बाल रोग विभाग में शुक्रवार की शाम ऑक्सीजन पैनल में आग लग गई। तीमारदार अपने बच्चों को लेकर विभाग से भागकर बाहर सड़क पर आ गए वहीं कुछ लोग बच्चों को गोद में लेकर किनारे खड़े हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीएचयू अस्पताल के बाल रोग विभाग में शुक्रवार की शाम ऑक्सीजन पैनल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। तीमारदार अपने बच्चों को लेकर विभाग से भागकर बाहर सड़क पर आ गए वहीं कुछ लोग बच्चों को गोद में लेकर किनारे खड़े हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी और सुरक्षाकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पर काबू पा लिया गया।
हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। शुक्रवार की शाम बाल रोग विभाग में अचानक आग लगने की खबर फैली तो वहां भर्ती बच्चों के परिजन परेशान हो गए। कोई चादर में लपेटकर बच्चों को लेकर बाहर भागने लगा तो कोई बेड से बच्चों को उठाकर सीढ़ियों की तरफ आकर खड़ा हो गया था। विभाग के गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने इसकी सूचना प्रॉक्टोरियल बोर्ड को दी। कुछ ही देर में चीफ प्रॉक्टर प्रो. शिव प्रकाश सिंह सुरक्षा कर्मियों के साथ पहुंच गए।
ऑक्सीजन पैनल से निकलने लगी गैस तो घबरा गए परिजन
बाल रोग विभाग में ऑक्सीजन पैनल के लीक होने की वजह से वहां रखे सिलिंडर और पैनल से गैस तेजी से निकलने लगी। जिसको देख वहां मौजूद मरीज के परिजन घबरा गए और चिल्लाने लगे। तकनीकी कर्मचारी को बुलाया गया जो सिलिंडर को बाहर की तरफ लेकर आया और गैस बाहर खाली कराई गई।
बाल रोग विभाग में ऑक्सीजन पैनल में शॉर्ट सर्किट और गैस निकलने की वजह से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई थी। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। - प्रो. शिव प्रकाश सिंह, चीफ प्रॉक्टर बीएचयू