कोरोना से जंग: पीएम मोदी ने सराहा बनारस का काम, तीन फीसदी तक पहुंचा संक्रमण दर
वाराणसी जिले में कोरोना के नये मामलों में गिरावट जारी है। लगातार 10वें दिन कोरोना संक्रमण की दर दहाई के नीचे रही। अब कुल एक्टिव मामलों की संख्या भी पांच हजार से नीचे आ गई है। कोरोना के खिलाफ वाराणसी की लड़ाई की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहना की है।
विस्तार
कोरोना संकट से बाहर आने की कोशिश में जुटे वाराणसी के प्रयासों की सराहना बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में की। उन्होंने व्यापारियों की पहल पर शुरू आंशिक लॉकडाउन का हवाला दिया और कहा कि माइक्रो कंटेंमेंट जोन की वजह से कोरोना को मात दी।
उन्होंने अप्रैल के दूसरे और तीसरे सप्ताह में 35 से 40 फीसदी तक पहुंचे संक्रमण दर की चर्चा करते हुए बताया कि एक महीने से कम समय में वहां अब तीन फीसदी संक्रमण दर पहुंच गई हैं। पीएम की सराहना के बाद देशभर में वाराणसी मॉडल की चर्चा को बल मिलने लगा है।
हालांकि संकट काल में पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया था। इसके बाद आक्सीजन आदि की उपलब्धता सुनिश्चित होने लगी थी। हालांकि इस दौरान प्रशासन के प्रयासों ने कोरोना के खिलाफ मोर्चा खोलना शुरू किया। सबसे पहले काशी कोविड कमांड कंट्रोल सिस्टम से लोगों से सीधा संवाद और फिर आक्सीजन की उपलब्धता ने काफी हद तक स्थिति सुधारी।
पीएम की सराहना के बाद बनारस मॉडल बनेगा
पीएम मोदी की वाराणसी के प्रयासों की सराहना के बाद अब देश में कोरोना से जंग में बनारस मॉडल बनेगा। यहां के ट्रैस, ट्रैक और ट्रीट के साथ अधिकारियों का समन्वय, कंटेमेंट जोन बनाकर घर-घर का अभियान सहित प्रयासों को बताया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में 95 हजार परिवारों तक लक्षण वाले मरीजों की तलाश कर उन तक दवा पहुंचाने का अभियान भी मील का पत्थर साबित होने लगा है।
वीकेंड लॉकडाउन भी मुख्य वजह
बढ़ते संक्रमण को देखते हुए वीकेंड लॉकडाउन का लगाया जाना भी संक्रमण दर कम होने की अहम कड़ी मानी जा रही है। शुरुआती दिनों में जहां सप्ताह में पांच दिन ही निर्धारित समय पर दुकानें खुलीं, वही दो दिन पूरी बंदी रही। लोगों को प्रोटोकॉल का पालन करते रहने के प्रति की अपील की गई, जिससे संक्रमण पर नियंत्रण पाने में सफलता मिली।
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि लक्षण वाले मरीजों को ट्रैस करना, कंटेंमेंट जोन की स्थापना के साथ काशी कोविड कमांड कंट्रोल सिस्टम से जरूरतमंदों से सीधा संवाद कोरोना संक्रमण की दर थामने में बड़ा सहायक बना है। टेस्टिंग की संख्या में इजाफा कर हमने मरीजों की पहचान की और दवा वितरण कर शुरुआती दौर में बीमारी पर प्रहार किया।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में दवा वितरण, अधिकारियों के समन्वय और सही समय पर लॉक डाउन के निर्णय ने कोरोना विजय में अहम योगदान साबित हुआ। संसाधनों की उपलब्धता से लोगों में आत्मविश्वास जागा और शहर के लोगों के सहयोग से मरीजों व तीमारदारों को राहत दी गई। टीकाकरण अभियान में तेजी भी कोरोना के संक्रमण दर को रोकने में कारगर रहा।
बनारस में ऐसे चढ़ा और उतरा कोरोना का संक्रमण
- 05 अप्रैल 432 4637 4.87
- 10 अप्रैल 1176 2557 45.9
- 15 अप्रैल 2484 6874 36.1
- 20 अप्रैल 1887 6032 31.2
- 25 अप्रैल 1967 5819 33.8
- 30 अप्रैल 1690 7136. 23.6
- 05 मई 806 8256 9.7
- 10मई 745 8087 9.2
- 15 मई 426 8468 5.3
- 17 मई 239 8912 2.6
- 18 मई 294 053 4.1