दर्दनाक: नवजात बेटे का चेहरा देखने जा रहा था पिता, सड़क हादसे में गई जान
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में दर्दनाक मामला सामने आया है। अपने नवजाच बेटे के चेहरे को देखने जा रहा युवक केराकत-वाराणसी मार्ग पर हादसे का शिकार हो गया। दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में उसकी मौत हो गई।
वह वाराणसी के एक नर्सिंग होम में भर्ती प्रसूता पत्नी और नवजात बच्चे से मिलने जा रहा था। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, केराकत कोतवाली क्षेत्र के चक रामपुर गांव निवासी रामआसरे राम(27) की पत्नी पूजा को प्रसव पीड़ा होने पर घरवालों ने वाराणसी के सिंधौरा बाजार स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। वहां शनिवार की रात उसने एक बच्चे को जन्म दिया।
बेटा पैदा होने की खुशी में रामआसरे सुबह में ही बाइक लेकर सिंधौरा बाजार के लिए निकल पड़ा। खरगसेनपुर के पास कोहरे के चलते सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में सिर में गंभीर चोट आने से रामआसरे की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों को चोट आई। उन्हें प्रारंभिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रामआसरे की मौत की खबर मिलते ही परिवार के कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।