Varanasi: नियुक्ति पत्र पाकर खिले 96 एएनएम के चेहरे, मंत्री अनिल राजभर बोले- सरकार ने दी 6 लाख लोगों को नौकरी
वाराणसी के मंडलीय सभागार में शुक्रवार को हुए एक समारोह में 96 एएनएम को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने नियुक्ति पत्र सौंपा। नियुक्ति पत्र पाकर सभी एएनएम के चेहरे खिल उठे।
विस्तार
वाराणसी के मंडलीय सभागार में शुक्रवार को हुए एक समारोह में 96 ऑग्जिलरी नर्स मिडवाइफरी (एएनएम) को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने नियुक्ति पत्र सौंपा। नियुक्ति पत्र पाकर सभी एएनएम के चेहरे खिल उठे। समारोह में मंत्री राजभर ने उनकी हौसला अफजाई करते हुए बताया कि छह साल में प्रदेश सरकार ने हर हाथ को काम देने के संकल्प के साथ काम शुरू कर दिया है।
इसके तहत अबतक छह लाख लोगों को सरकारी नौकरियां दी गईं हैं। जबकि इस कार्यकाल में 14 लाख लोगों को निजी क्षेत्रों में रोजगार दिया गया है। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल ने कहा कि सरकार सभी को घर के पास बेहतर चिकित्सा देने का संकल्प पूरा कर रही है।
96 एएनएम की नियुक्ति वाराणसी में
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रदेश में 7182 एएनएम को चयनित किया है। जिनकी नियुक्ति विभिन्न जिलों में की जा रही है। इनमें 96 एएनएम की नियुक्ति वाराणसी के लिए की गई है। उम्मीद है कि नियुक्ति पाने वाली एएनएम पूरे मनोयोग से काम करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाएंगी।
ये भी पढ़ें: जौनपुर में पकड़े गए फर्जी जज; भूमि विवाद को लेकर डीएम से मिलने पहुंचे थे, फिर ऐसे फूटा झूठ का भांडा
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने कहा कि जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने एवं समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक उसकी पहुंच बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। नवचयनित स्वास्थ्य कर्मियों से उम्मीद है कि वे अपने दायित्वों का पालन करते हुए गांवों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मदद करेंगी।
पीएचसी-सीएचसी के उपकेंद्रों पर होगी तैनाती
सीएमओ डाॅ. संदीप चौधरी ने बताया कि जिले में एएनएम की संख्या बढ़ने से चिकित्सकीय सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। खास कर ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को उनके घर के समीप ही बेहतर चिकित्सा सेवा देने के सपने को साकार किया जा सकेगा। डिप्टी सीएमओ डॉ. एचसी मौर्य ने बताया कि नवचयनित एएनएम ग्रामीण क्षेत्र के समस्त 8 ब्लॉकस्तरीय पीएचसी-सीएचसी के उपकेंद्रों पर तैनात होंगी। संचालन डीएचईआईओ हरिवंश यादव ने किया।