वाराणसी: कोरोना वायरस के टीकाकरण हर जानकारी मिलेगी इस पोर्टल पर, जानें इसके बारे में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में कोविड-19 टीकाकरण के बारे में को-विन पोर्टल से हर जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इसमें टीका रखने की क्षमता, गुणवत्ता के साथ ही उसको लगवाने वाले लोगों का पूरा ब्योरा रहेगा। स्वास्थ्य कर्मियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुक्रवार से शुरू हो गया है। इसमें स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को टीका रखने, लगाने सहित अन्य कार्यों के बारे में प्रशिक्षित किया गया। साथ ही टीकाकरण संबंधी तैयारियों की समीक्षा भी गई।
शहरी और ग्रामीण इलाकों के स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों की बैठक में सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि प्रदेश स्तर पर पहले ही ऑनलाइन प्रशिक्षण हो चुका है। पहले चरण में स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों के बाद दूसरे चरण में ब्लॉकवार स्वास्थ्य कर्मियों को भी इस बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक वैक्सीन इंटेलीजेन्स (ई-विन) की तरह ही विन ओवर कोविड (को-विन - कोरोना पर जीत) पोर्टल कार्य करेगा। इस पोर्टल से वैक्सीन की वास्तविक स्थिति एवं उसकी खपत के साथ ही तापमान की स्थिति का पता भी चल सकेगा। इसके साथ ही को-विन पोर्टल से टीका रखने के स्थान, टीका लगाने वाले और लाभार्थी की सूचना भी मिलेगी। इसके अलावा टीकाकरण की तिथि, जगह की जानकारी लाभार्थी के मोबाइल पर मैसेज भी दिया जाएगा।
वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर शबाना परवीन ने बताया कि जिले को तीन आइस लाइंड रेफ्रिजरेटर (आईएलआर) मिल चुके हैं, इनकी क्षमता 40 लीटर से लेकर 110 लीटर तक की होती है। समय-समय पर इसकी तापमान की जांच की जाएगी और उसकी जानकारी भी पोर्टल पर अपलोड होगी। प्रशिक्षण में डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह, एसीएमओ डॉ. एके मौर्य, एसीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
स्वास्थ्य कर्मियों को पहले लगेगा टीका
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीएस राय ने बताया कि पहले चरण में सरकारी और निजी कुल मिलाकर 12600 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगेगा। इसमें 4600 सरकारी एवं 8000 निजी स्वास्थ्य कर्मचारी हैं। करीब 8700 स्वास्थ्य कर्मियों की सूची टीकाकारण के लिए पोर्टल पर अपलोड हो चुकी है। टीकाकरण स्थल पर पाँच कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जायेगी। पहले वेटिंग रूम में लाभार्थी को ड्यू लिस्ट से चिन्हित कर, पहचान करने के बाद ही टीका स्थल पर भेजा जायेगा, फिर टीका लगने के बाद 30 मिनट तक डॉक्टर की निगरानी में रखा जाएगा। प्रथम टीके के बाद दूसरा टीका 28वें दिन लगाया जाएगा। बाद में यह डाटा एएनएम पोर्टल में अपलोड करेंगी।