Varanasi News: सरकारी धन गबन के आरोपी ठेकेदार और कोटेदार को ईओडब्लू ने किया गिरफ्तार
गाजीपुर में पर्यटन विकास से संबंधित सात करोड़ रुपये गबन के आरोपी ठेकेदार और बलिया खाद्यान्न घोटाले में आरोपी कोटेदार को ईओडब्लू ने रविवार को गिरफ्तार किया।
विस्तार
गाजीपुर में पर्यटन विकास से संबंधित सात करोड़ रुपये गबन के आरोपी ठेकेदार और बलिया खाद्यान्न घोटाले में आरोपी कोटेदार को ईओडब्लू ने रविवार को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्लू) वाराणसी सेक्टर के एसपी डी प्रदीप कुमार के अनुसार निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा की टीम ने पर्यटन विकास संबंधित कार्यों में गबन के आरोपी ठेकेदार राजू चौरसिया को जैतपुरा स्थित रानी फाटक औसानगंज से गिरफ्तार किया। वर्तमान में वह ईश्वरगंगी जैतपुरा का निवासी है।
उधर, बलिया खाद्यान्न घोटाले के आरोपी कोटेदार सुरेश प्रसाद यादव को इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह की टीम ने पुलिस लाइन से गिरफ्तार किया। आरोपी कोटेदार बलिया के बैरिया का निवासी है। एसपी डी. प्रदीप कुमार के अनुसार साल 2013 में उत्तर प्रदेश शासन ने गाजीपुर स्थित भदौरा ब्लॉक परमेन शाह तालाब, सेवराई चीर पोखरा, मां कामाख्या धाम गहमर और देवकली देव स्थल के पर्यटन विकास और सुंदरीकरण के लिए लगभग सात करोड़ रुपया जारी किया था।
इसके बाद कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड ने कार्य पूरा नहीं कराया और सरकारी धन का गबन किया।
पर्यटन के संयुक्त निदेशक ने दर्ज कराया था गहमर में मुकदमा
मानक के अनुरूप कार्य न होने और शासकीय धन की बंदरबाट मामले में संयुक्त निदेशक पर्यटन अविनाश चंद्र मिश्र ने वर्ष 2017 में कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड के अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों के खिलाफ शासकीय धन का दुरुपयोग, गबन और क्षति संबंधित मामलों में गाजीपुर के गहमर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।