UP Nikay Chnuav: ज्योतिषियों की शरण में नेताजी! नामांकन से पहले की जा रही है किस्मत के सितारों की गणना
UP Nikay Chunav 2023: निकाय चुनाव के अखाड़े में उतरने से पहले चुनावी महारथी अपनी किस्मत के सितारों की गणना करा रहे हैं। प्रत्याशी ज्योतिषियों से समय और दिन पूछ कर नामांकन करना चाहते हैं।
विस्तार
नगर निकाय चुनाव की घोषणा के बाद दावेदार राजनीतिक जुगाड़ सही करने के साथ ही काशी के ज्योतिषियों का सहारा ले रहे हैं। सब शुभ मुहूर्त में नामांकन करने की तैयारी में हैं। इस सिलसिले में ज्योतिषाचार्य और पंडित से सलाह ले रहे हैं। पहले चरण के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया 17 अप्रैल तक पूरी होगी।
भृगु संहिता के विशेषज्ञ वेदमूर्ति शास्त्री ने बताया कि शुभ मुहूर्त में किए गए कार्य निर्विघ्न रूप से संपन्न होते हैं। कई दावेदारों ने शुभ मुहूर्त के लिए संपर्क किया है। सब अपने नामांकन और चुनाव प्रचार के लिए सबसे अच्छा मुहूर्त निकलवा रहे हैं।
ज्योतिषाचार्य दैवज्ञ कृष्ण शास्त्री ने बताया कि नामांकन के लिए रोहिणी, मृगशिरा, पुनर्वसु, पुष्य, हस्त, स्वाति, धनिष्ठा, शतभिषा, रेवती शुभ नक्षत्र हैं। राहु काल में शुभ कार्य वर्जित होते हैं, इसलिए राहु काल में नामांकन या चुनाव प्रचार न शुरू करने की सलाह दी जा रही है।
ये भी पढ़ें: वाराणसी में कांग्रेस ने मेयर पद पर अनिल श्रीवास्तव को प्रत्याशी बनाया, सपा-भाजपा में चर्चा जारी
राहु काल में कार्य करने से बाधाएं आती हैं। प्रतिद्वंदी भारी पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन का राहुकाल डेढ़ घंटे का होता है। दावेदारों को सलाह दी जाती है कि रविवार को पान, सोमवार को दूध चावल, मंगलवार को गुड़, बुधवार को खड़ा धनिया, बृहस्पतिवार को जीरा, शुक्रवार को दही, शनिवार को अदरक का टुकड़ा खाकर निकलना शुभ होता है।
नामांकन के समय ये चिन्ह होंगे शुभ
नामांकन के समय सफेद घोड़ा, सफेद बैल, गाय, हाथी, मछली, चिड़िया या मोर का दर्शन होना या उसका चित्र देखकर जाना शुभ होता है। अपनी ध्वजा नैनृत्य कोण में हो। दावेदार अपनी और चुनाव चिह्न की एक-एक फोटो घर के दक्षिण की दीवार पर लगा सकते हैं। उस पर जीरो वॉट का लाल बल्ब लगाना ठीक होगा।
राहुकाल
रविवार शाम 4.30 से 6.00 तक
सोमवार सुबह 7.30 से 9.00 तक।
मंगलवार दोपहर 3.00 से 4.30 तक।
बुधवार दोपहर 12.00 से 1.30 तक।
गुरुवार दोपहर 1.30 से 3.00 तक।
शुक्रवार सुबह 10.30 से दोपहर 12.00 तक।
शनिवार सुबह 9.00 से 10.30 तक।
जीत के लिए अनुष्ठान और पूजा करा रहे दावेदार
नगर निकाय चुनाव में जीत के लिए उम्मीदवार हर जोड़-तोड़ लगा रहे हैं। कोई बड़े नेताओं की गणेश परिक्रमा कर रहा है तो कोई भगवान की चौखट पर माथा नवा रहा है। कई ऐसे दावेदार हैं , जो लगातार अनुष्ठान कराने में जुटे हैं। निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही शहर में कई स्थानों पर जीत के लिए प्रत्याशियों ने अपने नाम से अनुष्ठान कराने शुरू कर दिए हैं।