देव दीपावली: गंगा में पहली बार चलेगी नावों की टू-वे लेन, 11 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी; सीएम के निर्देश
देव दीपावली पर काशी में पहली बार गंगा में नावों के संचालन के लिए टू-वे लेन सिस्टम लागू होगा। नमो घाट से अस्सी घाट तक फ्लोटिंग जेट्टी बनेगी। 11 लाख से अधिक दीप जलेंगे। सुरक्षा के लिए 10 जोन, 21 सेक्टर बनेंगे। आपात चिकित्सा के लिए 14 अस्पतालों को ग्रीन कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा।
विस्तार
देव दीपावली पर इस बार काशी में दीपों की जगमगाहट के साथ सुरक्षा और यातायात प्रबंधन का नया प्रयोग भी देखने को मिलेगा। गंगा में पहली बार नावों के संचालन के लिए टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा। नमो घाट से अस्सी घाट तक फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर नावों के आने और लौटने का अलग-अलग रास्ता बनाया जाएगा। इससे गंगा में नावों की आवाजाही व्यवस्थित होगी और टकराव व अव्यवस्था की आशंका कम होगी। वहीं, शहर के सभी पक्के घाटों, रेतीले तट और 100 कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप जलाकर काशी को भव्य दीपोत्सव का स्वरूप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है। देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। अधिकारियों को पिछले वर्षों के अनुभवों और समस्याओं से सीख लेकर बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में चर्चा
गंगा में नावों के लिए अलग-अलग लेन
इस बार नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन बनाई जाएगी। इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी, जबकि दूसरी दिशा में रेतीले तट की ओर से नावें अस्सी घाट से नमो घाट लौटेंगी। इससे गंगा में नावों का संचालन एक दिशा में व्यवस्थित रहेगा। नाविकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा और सुव्यवस्थित संचालन का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया है।
10 जोन, 21 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था
देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। यहां जोनल और सेक्टर प्रभारियों की तैनाती होगी। घाटों पर 27 वॉच टावर, क्यूआरटी, ड्रोन कैमरे और निजी गोताखोर लगाए जाएंगे। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वॉड तैनात रहेगा। ई-स्कूटर से पर्यटक पुलिस गश्त करेगी।
शहर को जाम से बचाने के लिए सीमावर्ती जिलों से आने वाले भारी वाहनों के लिए सात प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाए जाएंगे। शहर में 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
घाटों से गांवों तक मनेगा दीपोत्सव
इस वर्ष 24 नवंबर की शाम घाटों पर दीप प्रज्वलित होंगे। दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती होगी। चेतसिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो, दशाश्वमेध व अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो तथा काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र होगी। घाटों और रेतीले तट के साथ शहर के 100 कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार दीपक भी इसमें शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि दीपोत्सव का उल्लास केवल घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि पूरी काशी में दिखाई दे। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर और शूलटंकेश्वर मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी विशेष इंतजाम किए जाएं।
गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर आयोजित होगा। चारों दिन सांस्कृतिक संध्याएं होंगी। मुख्यमंत्री ने स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने को कहा। 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती भी मनाई जाएगी। इसके लिए गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
14 अस्पतालों को जोड़कर बनेगा ग्रीन कॉरिडोर
श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, सर सुंदरलाल अस्पताल और पंडित दीनदयाल अस्पताल समेत 14 सरकारी व निजी अस्पतालों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा। आपात स्थिति में मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और दीपदान के बाद रात में ही घाटों की सफाई कराने के निर्देश दिए। टैक्सी, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से संवाद कर पर्यटकों को उचित मूल्य पर सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।