यूपी: हाथियों के झुंड ने मचाया तांडव, फारेस्ट गार्ड को पैरों तले कुचला, मौत
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में हाथियों के झुंड ने कहर मचा दिया है। हाथियों ने एक फारेस्ट गार्ड की जान ले ली। इससे विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना बीती शुक्रवार रात की है।
पड़ोसी राज्य एमपी और यूपी वार्डर के गोभा ग्राम पंचायत के टोला बईरहवा, ननियागढ़, सहित यूपी के सिरसोती गांव वाले वार्डर इलाके में छतीसगढ़ के जंगलों से भटक कर आए दर्जन भर हाथियों के झुंड ने जमकर तांडव मचाया। हाथियों के उत्पात से एमपी वन विभाग के मुंशी रामदरश की कुचल कर दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जाता है कि वन विभाग के निर्देश पर वनकर्मी हाथियों को छतीसगढ़ की सीमा में भगा रहे थे कि इसी बीच गुस्साए एक हाथी ने मुंशी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी देर शाम घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वन कर्मी के मौत की खबर लगते ही महकमे में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के निर्देश पर लोगों को सावधानी बरतने की ध्वनीप्रचारक यंत्र से हिदायत दी जाने लगी। भटके हाथियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे की मदद से जंगलों में निगरानी रखी जा रही है। इसी बीच गोभा गांव के एक किसान के बैल को भी एक हाथी ने जद में ले लिया, जिससे बैल की भी मौत हो गई।
ननियागढ़, और बईरहवा सहित गोभा गांव में हाथियों के झुंड ने दर्जनों लोगों के खपरैल वाले घर, तीन सेड को भी तहस नहस कर दिया है। किसानों की फसल अरहर, धान, मक्का, तिल्ली, उर्द, केला, आदि जो भी सामने दिखाई दिया, सब के सब उजड़े चमन में तब्दील हो गए।
हाथियों के डर से ग्रामीण समूचे दिन घरों में दुबके रहे डर के मारे बच्चे दिन में स्कूल नही गए। लोग फोन पर वन बिभाग और जिला प्रशासन को पल पल की जानकारी देते रहे खबर लिखे जाने तक गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
वन बिभाग के कर्मचारी हाथियों को छतीसगढ की सीमा में प्रवेश कराने के लिए रात दिन ढोल नगाड़े, से आवाज कर जगह-जगह आग जला कर भगाने के लिए प्रयास में लगे रहे।