यूपी: आजमगढ़ में नए कप्तान को बदमाशों की सलामी, प्राइवेट कंपनी एजेंट को गोली मारकर लूटे 21000
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में नए कप्तान के कार्यभार ग्रहण करते ही बदमाशों ने उन्हें सलामी दे दी है। मेंहनगर थाना क्षेत्र के मधुपारा गांव के पास बदमाशों ने एक प्राइवेट कंपनी के एजेंट को गोली मार कर 21 हजार रुपये लूट लिए।
घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के समय एसपी सुधीर कुमार सिंह क्षेत्र भ्रमण व थानों के निरीक्षण पर निकले थे। सूचना पर मेंहनगर थाना पुलिस के साथ ही एसपी भी मौके पर पहुंच गए। घायल को तत्काल इलाज के लिए भेजा गया और बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई।
मेंहनगर कस्बा स्थित एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी का एजेंट रवि प्रकाश निवासी भैरो विशुनदासपुर थाना जयसिंहपुर जिला सुल्तानपुर बुधवार की सुबह मधुपारा गांव में मीटिंग करने गया हुआ था। यहां उसने समूहों के साथ मीटिंग करने के बाद लगभग 21 हजार रुपये इकट्ठे किए। इसके बाद वह पास में स्थित सिधारी गांव में समूहों के साथ मीटिंग के लिए चला गया।
अभी वह गांव के बाहर ही निकला था कि बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। रवि प्रकाश अभी कुछ समझ ही पाता कि इसके पहले ही बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली दांए पैर की जांघ में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
इसके बाद बदमाश उसके पास मौजूद कलेक्शन के पैसे लेकर असलहा लहराते हुए फरार हो गए। घटना के समय एसपी सुधीर कुमार सिंह भी तरवां थाना क्षेत्र में मौजूद थे। सूचना मिलते ही मेंहनगर थाना पुलिस के साथ ही सीओ मनोज कुमार सिंह व एसपी सुधीर कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
घायल प्राइवेट फइनेंस कंपनी एजेंट को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं लुटेरों की तलाश में पुलिस की टीम लगा दी गई। घटना को अंजाम देकर बदमाशों ने नए कप्तान को सलामी दे दी है। घटना से महकमे में हड़कंप मच गया है।